वर्तमान में लोग वजन बढ़ने की समस्या से परेशान रहते हैं और इसे कम करने के लिए कई तरीके अपनाते हैं। वजन कम करने के लिए सबसे ज्यादा जो तरीका लोग अपनाते हैं, वह है ब्रेकफास्ट छोड़ना। लोगों का मानना है कि सुबह कुछ न खाने से कैलोरी इनटेक कम हो जाएगी और वजन तेजी से कम होगा, लेकिन यह एक गलत धारणा है। Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida के अनुसार, "वजन घटाने के लिए नाश्ता छोड़ना पूरी तरह से गलत और हानिकारक तरीका है। यह आपके वजन को कम करने के बजाय और बढ़ा सकता है और शरीर को कई बीमारियों का शिकार बना सकता है।" इसलिए, आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
नाश्ता न करने पर शरीर में क्या होता है?
Dr. Akshay Chugh का कहना है कि जब आप रातभर सोने के बाद सुबह उठते हैं तो आपके शरीर का शुगर लेवल कम होता है। इसके साथ ही मांसपेशियां और दिमाग को काम करने के लिए एनर्जी की जरूरत होती है। जब आप सुबह का ब्रेकफास्ट नहीं करते हैं तो आपका शरीर इसे भुखमरी की स्थिति मान लेता है। इसके कारण:
- आपका मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है
- शरीर एनर्जी बचाने के लिए फैट को स्टोर करना शुरू कर देता है।
- दिमाग को पर्याप्त ग्लूकोज न मिलने से चिड़चिड़ापन और थकान महसूस होती है।
साल 2025 में Nutrition Research जर्नल में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, नाश्ता न करने से शरीर और दिमाग पर कई तरह से असर पड़ सकता है, जिसमें मोटापा और वजन बढ़ना शामिल है। सुबह का भोजन छोड़ने से हमारे गट माइक्रोबायोटा पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, जिससे शरीर में सूजन और मेटाबॉलिक संबंधी गड़बड़ी हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: क्या नाश्ता छोड़ने से मेटाबॉलिज्म हो जाता है स्लो? डॉक्टर से जानें इसका शरीर पर क्या पड़ता है असर
नाश्ता छोड़ने से वजन घटने के बजाय क्यों बढ़ता है?
साल 2021 में Nutrients जर्नल में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, सुबह नाश्ता न करने के कारण जब शरीर में एनर्जी के स्रोत कम होते हैं, तो वजन कम होने के साथ-साथ शरीर में लेप्टिन हार्मोन का लेवल बढ़ जाता है, जो ज्यादा तेज भूख का कारण बनता है। इस स्थिति में आप में कम कैलोरी वाले भोजन के स्थान पर ज्यादा कैलोरी वाले भोजन की क्रेविंग बढ़ जाती है, जो मोटापे का कारण बनता है।
Dr. Akshay Chugh का कहना है कि नाश्ता छोड़ने से वजन कम होने की जगह बढ़ने लगता है और इसके पीछे कई कारण शामिल हैं, जैसे-
1. ओवरईटिंग और क्रेविंग
जब आप सुबह कुछ नहीं खाते हैं तो दोपहर तक आपका ब्लड शुगर लेवल काफी नीचे हो जाता है। दोपहर के भोजन के समय आपको इतनी तेज भूख लगती है कि आप जरूरत से ज्यादा खाना खा लेते हैं। इतना ही नहीं, ब्रेकफास्ट न करने वाले लोग दोपहर या शाम को हाई-कैलोरी, जंक फूड या मीठी चीजें खाना पसंद करते हैं।
2. मेटाबॉलिज्म का धीमा होना
वजन कम करने के लिए मेटाबॉलिज्म को तेज रखना जरूरी है। सुबह का पौष्टिक नाश्ता आपके मेटाबॉलिज्म को बेहतर रखता है। जब आप नाश्ता नहीं करते हैं तो शरीर कैलोरी बर्न करने की प्रक्रिया को धीमा कर देता है, जिससे फैट बर्निंग रुक जाती है और वजन बढ़ने लगता है।
3. इंसुलिन रेजिस्टेंस और फैट स्टोरेज
लंबे समय तक भूखे रहने के बाद जब आप अचानक बहुत ज्यादा खाना खाते हैं तो शरीर में इंसुलिन का लेवल अचानक स्पाइक करता है। यह बढ़ा हुआ इंसुलिन ज्यादा कैलोरी को एनर्जी में बदलने के बजाय सीधे पेट के फैट के रूप में जमा करने लगता है।
Skipping-Breakfast-Is-Good-or-Bad-inside
सुबह नाश्ता छोड़ने के नुकसान
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, सुबह का नाश्ता छोड़ने से शरीर पर कई तरह से बुरा असर पड़ सकता है, जैसे-
- एसिडिटी और गैस: खाली पेट रहने से आमाशय (भोजन की थैली) में बनने वाला हाइड्रोक्लोरिक एसिड पेट की अंदरूनी परत को नुकसान पहुंचाता है, जिससे सीने में जलन, एसिडिटी और अल्सर का खतरा बढ़ सकता है।
- मांसपेशियों को नुकसान: जब शरीर को खाने से से एनर्जी नहीं मिलती तो वह फैट बर्न करने के बजाय मांसपेशियों के प्रोटीन को तोड़ने लगता है, जिससे शारीरिक कमजोरी आती है।
- पोषक तत्वों की कमी: ब्रेकफास्ट न करने से शरीर में जरूरी विटामिन, मिनरल्स, कैल्शियम और आयरन की कमी हो जाती है, जिस कारण बाल झड़ने और स्किन पर असर पड़ना आम बात है।
- फोकस में कमी और सिरदर्द: दिमाग को काम करने के लिए पर्याप्त मात्रा में ग्लूकोज की जरूरत होती है। सुबह का नाश्ता छोड़ने से काम में फोकस करने, सुस्ती और माइग्रेन या सिरदर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
- टाइप-2 डायबिटीज: जो लोग नियमित रूप से नाश्ता छोड़ते हैं, उनमें इंसुलिन सेंसिटिविटी बिगड़ने के कारण भविष्य में टाइप 2 डायबिटीज होने का खतरा बढ़ जाता है।
इसे भी पढ़ें: क्या सुबह का नाश्ता छोड़ने से बढ़ता है पित्त की पथरी का खतरा? डॉक्टर से जानें सच
वजन घटाने के लिए ब्रेकफास्ट कैसा होना चाहिए?
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, वजन कम करने के लिए नाश्ता छोड़ना समाधान नहीं है, बल्कि सही नाश्ता चुनना जरूरी है। वजन कम करने के लिए सुबह के नाश्ते में इन बातों का ध्यान रखें।
- हाई प्रोटीन: अंडे, अंकुरित अनाज, पनीर, टोफू या बेसन का चीला खा सकते हैं। प्रोटीन पेट को लंबे समय तक भरा रखता है और भूख बढ़ाने वाले हार्मोन को कम करता है।
- कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट और फाइबर: अपने ब्रेकफास्ट में ओट्स, दलिया, उपमा या मल्टीग्रेन रोटी शामिल करें। ये फूड्स धीरे-धीरे पचते हैं और ब्लड शुगर को स्थिर रखने में मदद करते हैं।
- हेल्दी फैट्स और विटामिन्स: मुट्ठी भर भीगे हुए बादाम, अखरोट या कोई एक मौसमी फल का सेवन ब्रेकफास्ट में शामिल करना फायदेमंद होता है।
- किन चीजों से बचें: ब्रेकफास्ट में पैकेज्ड जूस, बेकरी आइटम्स, बिस्किट, ज्यादा चाय या कॉफी और मीठे सीरियल्स लेने से बचना चाहिए, क्योंकि ये तुरंत फैट बढ़ाते हैं।
निष्कर्ष
Dr. Akshay Chugh का कहना है कि वजन कम करने के लिए ब्रेकफास्ट छोड़ना सही विकल्प नहीं है। अगर आप सच में हेल्दी तरीके से वजन कम करना चाहते हैं तो स्मार्ट ईटिंग का तरीका अपनाना जरूरी है। सुबह उठने के 1 से 2 घंटे के अंदर प्रोटीन और फाइबर से भरपूर नाश्ता शामिल करना जरूरी है। यह आपके शरीर को दिनभर फैट बर्न करने में मदद करता है और एनर्जी बनाए रखता है।
Image Credit: Freepik
FAQ
ब्रेकफास्ट कितने बजे तक कर लेना चाहिए?
ब्रेकफास्ट सुबह 7 से 9 बजे के बीच करना चाहिए या फिर सुबह उठने के 1 से 2 घंटे के अंदर ब्रेकफास्ट कर लेना चाहिए।फिट रहने के लिए सुबह क्या पीना चाहिए?
फिट रहने के लिए सुबह उठकर सबसे पहले एक से दो गिलास हल्का गुनगुना पानी पीना चाहिए। इसके बाद अपनी सेहत के हिसाब से नींबू-पानी, जीरा पानी या अन्य ड्रिंक्स पी सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 28, 2026 09:03 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh
