Fri Nov 27, 2026 | 04:21 PM IST

Medically Reviewed by Dr Suman Yadav , Dentist and Oral & Maxillofacial Surgeon Numed Super Speciality Hospital, Greater Noida

क्या दांत टूटने से दिमाग की सेहत पर पड़ता है असर? जानें क्या है वैज्ञानिक तथ्य?

कई शोधों में दांतों के गिरने और याददाश्त कमजोर होने, सोचने-समझने की क्षमता में कमी और डिमेंशिया जैसी समस्याओं के बीच संबंध पाया गया है। आइए जानते हैं क‍ि दांत टूटने और द‍िमाग की सेहत के बीच क्‍या संबंध है?
क्या दांत टूटने से दिमाग की सेहत पर पड़ता है असर? जानें क्या है वैज्ञानिक तथ्य?Tooth loss and brain health connection

Does Tooth Loss Affect Brain Health: दांतों की संख्या कम होने का असर व्यक्ति की याददाश्त और सोचने-समझने की क्षमता पर पड़ सकता है। दरअसल, दांतों से मिलने वाले संकेत चबाने की प्रक्रिया के दौरान दिमाग तक पहुंचते हैं। जब व्यक्ति खाना चबाता है, तो मुंह और जबड़े की नसें दिमाग को संकेत भेजती हैं। इससे चबाने से जुड़ी मांसपेशियों और दिमाग के कुछ हिस्सों के बीच तालमेल बना रहता है। जब किसी व्यक्ति के कई दांत गिर जाते हैं, तो उसकी चबाने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। इससे दिमाग को मिलने वाले ये संकेत भी बदल सकते हैं। कुछ शोधकर्ताओं का मानना है कि लंबे समय तक चबाने की क्षमता कम रहने से दिमाग के काम करने की क्षमता कुछ हद तक प्रभावित हो सकती है। आइए जानते हैं द‍िमाग और दांतों के टूटने के बीच के संबंध से जुड़ी जरूरी जानकारी। बेहतर जानकारी के ल‍िए हमने Dr. Suman Yadav, Dentist, Oral And Maxillofacial Surgeon At Numed Super Speciality Hospital, Greater Noida से बात की।

दांतों का टूटना और ब्रेन हेल्‍थ के बीच का संबंध

does-tooth-loss-affect-brain-health

जब किसी व्यक्ति के दांत गिर जाते हैं, तो उसके लिए भोजन को ठीक से चबाना भी मुश्किल हो सकता है। इसका असर खान-पान और शरीर को मिलने वाले पोषक तत्वों पर पड़ सकता है। इसके अलावा, दांत गिरने से खाना चबाते समय दिमाग तक पहुंचने वाले संकेत भी प्रभावित हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें- दांतों में सड़न के शुरुआती लक्षण गलती से भी न करें नजरअंदाज, डॉक्टर से जानें कैसे करें पहचान

वैज्ञानिकों को म‍िला दांत-मसूड़ों की समस्‍या और ब्रेन के बीच संबंध

साल 2023 में Neurology में American Academy Of Neurology द्वारा प्रकाश‍ित एक अध्ययन में पाया गया कि दांतों की संख्या और मसूड़ों की बीमारी का संबंध दिमाग के हिप्पोकैम्पस (Hippocampus) नाम के हिस्से में होने वाले बदलावों के साथ देखा गया।हिप्पोकैम्पस दिमाग का वह हिस्सा है, जो याददाश्त और सीखने की प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाता है। जिन लोगों को मसूड़ों की हल्की बीमारी थी, उनमें कम दांत होने का संबंध हिप्पोकैम्पस के तेजी से सिकुड़ने से पाया गया।

साल 2023 में Frontiers In Neurology में प्रकाश‍ित एक मेटा-एनालिसिस में दांत गिरने वाले लोगों में डिमेंशिया का जोखिम लगभग 15 प्रतिशत अधिक पाया गया। साथ ही, याददाश्त कमजोर होने (Cognitive Decline) का खतरा भी देखा गया। शोधकर्ताओं ने यह भी बताया क‍ि मसूड़ों की बीमारी और लंबे समय तक रहने वाली सूजन दिमाग की सेहत को प्रभावित कर सकती है।

पोषक तत्वों की कमी से प्रभाव‍ित हो सकती है द‍िमाग की सेहत

दांतों का एक जरूरी काम है भोजन को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ना और उसे चबाने में मदद करना है। जब किसी व्यक्ति के कई दांत गिर जाते हैं, तो उसे कठोर फल, सब्जियां वगैरह खाने में परेशानी हो सकती है। ऐसी स्थिति में व्यक्ति नरम और आसानी से निगले जाने वाली चीजों पर ज्‍यादा निर्भर होने लगता है। इससे उसके खान-पान में वैरायटी कम हो सकती है। लंबे समय तक ऐसा होने पर शरीर को पर्याप्त विटामिन, मिनरल, प्रोटीन और अन्य पोषक तत्व नहीं मिल पाते।

इन पोषक तत्वों की कमी का असर दिमाग की कार्यक्षमता पर भी पड़ सकता है। उदाहरण के लिए, विटामिन बी12 की कमी से याददाश्त और नसों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। इसी तरह, ओमेगा 3 फैटी एसिड और अन्य जरूरी पोषक तत्व भी दिमाग के सामान्य कामकाज में भूमिका निभाते हैं। हालांकि, यह जरूरी नहीं है कि दांत गिरने वाले हर व्यक्ति में पोषक तत्वों की कमी हो। संतुलित आहार और जरूरत के अनुसार कृत्रिम दांत जैसे विकल्प अपनाकर इस समस्या को कम किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- आपके दांतों को खराब कर सकते हैं रोजमर्रा के ये 10 फूड्स, डॉक्टर से जानें होने वाले नुकसान

क्या दांत गिरने का मतलब डिमेंशिया होना है?

जरूरी नहीं है। दांत गिरने का मतलब यह नहीं है कि हर व्यक्ति को आगे चलकर डिमेंशिया या अल्जाइमर की बीमारी हो जाएगी। दांतों के गिरने और दिमाग की सेहत के बीच संबंध पर कई शोध हुए हैं, लेकिन अभी यह साबित नहीं हुआ है कि दांत गिरना सीधे इन बीमारियों का कारण बनता है।

समय से पहले दांत टूटने के कारण

उम्र बढ़ना, डायबिटीज, हाई बीपी, धूम्रपान, खराब खान-पान और मसूड़ों की बीमारी जैसे कई कारक दांतों और दिमाग दोनों की सेहत को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए दांतों की देखभाल के साथ पूरे स्वास्थ्य पर ध्यान देना भी जरूरी है। अगर दांत गिर रहे हैं, चबाने में परेशानी हो रही है या याददाश्त में लगातार बदलाव महसूस हो रहा है, तो डेंटिस्ट से सलाह जरूर लें।

दांतों को टूटने से बचाने के लिए क्या करें?

  • दिन में दो बार ब्रश करें। सुबह और रात को सोने से पहले फ्लोराइड वाले टूथपेस्ट से दांत साफ करें।
  • मसूड़ों की सफाई करें। दांतों के बीच फंसे भोजन को निकालने के लिए फ्लॉस का इस्तेमाल करें।
  • मीठा कम खाएं। ज्यादा चीनी वाले खाद्य पदार्थ और पेय दांतों में सड़न का खतरा बढ़ा सकते हैं।
  • तंबाकू से दूर रहें। धूम्रपान और तंबाकू का सेवन मसूड़ों की बीमारी का खतरा बढ़ाता है।
  • दांतों और मसूड़ों की नियमित जांच करवाएं। दर्द या सूजन होने पर इलाज में देरी न करें।
  • कैल्शियम, विटामिन D, प्रोटीन और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों को डाइट में शामिल करें।

न‍िष्‍कर्ष:

दांतों का टूटना या गिरना सिर्फ मुंह की सेहत को ही नहीं, बल्कि दिमाग की सेहत को भी प्रभावित कर सकता है। कई शोधों में दांतों की कम संख्या और याददाश्त कमजोर होने व डिमेंशिया के बीच संबंध पाया गया है। दांत गिरने से खाना चबाने में परेशानी हो सकती है, जिससे शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी होने का खतरा रहता है। हालांकि, दांत गिरना सीधे डिमेंशिया का कारण नहीं है। ऐसे में दांतों और मसूड़ों की नियमित देखभाल, संतुलित खान-पान और समय पर डेंटिस्ट से जांच करवाना जरूरी है।

image credit: magnific

FAQ

  • दांत टूटने के मुख्य कारण क्या हैं?

    दांतों में सड़न, मसूड़ों की बीमारी, चोट लगना, दांतों को पीसने की आदत, कमजोर इनेमल और उम्र बढ़ना दांत टूटने के मुख्‍य कारण हो सकते हैं।
  • क्या टूटे हुए दांत को दोबारा जोड़ा जा सकता है?

    अगर दांत का सिर्फ एक हिस्सा टूटा है, तो डेंटिस्ट फिलिंग, क्राउन या डेंटल बॉन्डिंग से उसे ठीक कर सकते हैं। अगर पूरा दांत जड़ समेत बाहर निकल गया है, तो नकली दांत भी लगाया जा सकता है।

Read Next

सावधान! बढ़ता BMI इन 7 बीमारियों को देता है न्योता, अभी हो जाएं सतर्क

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 27, 2026 15:15 IST

    Published By : Yashaswi Mathur
    Reviewed By : Dr Suman Yadav