दूध, हमारी सेहत और हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। शुरू से ही यह माना जाता रहा है कि सोने से पहले एक गिलास गुनगुना दूध पीने से मन और शरीर को फायदा मिलता है, साथ ही यह अच्छी नींद के लिए भी लाभकारी है। वर्तमान में जब अनिद्रा की समस्या इतनी ज्यादा बढ़ गई है, तब यह जानना जरूरी है कि क्या सच में गर्म दूध पीने से बेहतर नींद आने में मदद मिल सकती है। आइए इस बारे में हरियाणा के सिरसा स्थित रामहंस चैरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा से जानते हैं।
क्या सच में गर्म दूध पीने से नींद जल्दी आती है?
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा कहते हैं कि ज्यादा गर्म नहीं, बल्कि कोसा दूध यानी गुनगुना दूध पीने से बेहतर नींद में मदद मिल सकती है। हमारे प्राचीन ग्रंथों और शास्त्रों में दूध को नींद लाने में मदद करने वाला माना गया है। आयुर्वेद के अनुसार अलग-अलग तरह के दूध के गुण भी अलग-अलग होते हैं, जैसे भैंस का दूध गुरु यानी भारी होता है, जबकि गाय का दूध लघु यानी थोड़ा हल्का होता है। वैसे नॉर्मल गुणों की बात करें तो दूध नींद लाने में मददगार होता है, इसलिए इसे रात के समय पीने की सलाह दी जाती है।
इसे भी पढ़ें: क्या दिनभर नींद आना सामान्य है या किसी बीमारी का संकेत? डॉक्टर से जानें कब कराएं जांच
क्या कहती है स्टडी?
साल 2015 में Journal of Medicinal Food में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, रात का दूध शरीर में शामक (शांति) और चिंता कम करने वाले असर पैदा करता है। इसके असर की तुलना डायजेपाम (diazepam) जैसी दवाओं के साथ की गई है, जो नींद लाने और एंग्जायटी कम करने के लिए इस्तेमाल की जाती हैं। रात को दूध पीने से शरीर को पर्याप्त ट्रिप्टोफैन मिलता है, जो मेलाटोनिन बनाने में सहायक हो सकता है। इसके अलावा, दूध के मुख्य प्रोटीन 'केसिन' (casein) से निकलने वाले पेप्टाइड्स भी पाचन के दौरान शामक यानी शांत करने वाला प्रभाव डालते हैं।
इस स्टडी में यह भी बताया गया है कि रात का दूध मस्तिष्क की तरंगों में बड़े बदलाव नहीं करता है, लेकिन शोधकर्ताओं का मानना है कि यह क्लासिकल मेडिसिन की तरह नींद बेहतर बनाने में मदद करता है।
गर्म दूध अच्छी नींद में क्यों फायदेमंद है?
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा बताते हैं कि सोने से पहले गर्म दूध पीना कई लोगों की नियमित आदत होती है। जब कोई व्यक्ति हर रात एक जैसा रूटीन अपनाता है, तो दिमाग यह संकेत समझने लगता है कि अब सोने का समय है। इस कारण शरीर और मन धीरे-धीरे आराम की स्थिति में आने लगते हैं। इसके अलावा, गुनगुना दूध पीने से शरीर को आराम महसूस हो सकता है। ठंडे मौसम में गर्म दूध पीने से शरीर को गर्माहट मिलती है, जिससे तनाव कम महसूस हो सकता है और नींद में फायदा मिल सकता है।
क्या हर व्यक्ति को गर्म दूध पीने से फायदा मिल सकता है?
डॉ. श्रेय शर्मा का कहना है कि हर व्यक्ति का शरीर अलग तरह से काम करता है, इसलिए हर व्यक्ति को एक जैसा फायदा नहीं मिल सकता है। कुछ लोगों को गर्म दूध पीने से जल्दी नींद आ सकती है, जबकि कुछ लोगों को कोई खास फर्क महसूस नहीं होता है। अगर किसी व्यक्ति की नींद की समस्या तनाव, एंग्जायटी, स्लीप एपनिया, हार्मोनल बदलाव या अन्य मेडिकल कारण हैं तो सिर्फ गर्म दूध पीना इस समस्या से राहत नहीं दिला पाएगा। यानी गर्म दूध हल्दी नींद की समस्या में फायदेमंद हो सकता है, लेकिन यह अनिद्रा का इलाज नहीं माना जा सकता है।
इसे भी पढ़ें: 8 घंटे सोने के बाद भी नींद नहीं होती पूरी? एक्सपर्ट से जानें अच्छी-गहरी नींद के उपाय
गर्म दूध पीने का सही समय क्या है?
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा के मुताबिक, अगर आप सोने से पहले गर्म दूध पीना चाहते हैं तो इसे सोने से लगभग 30 से 60 मिनट पहले पीना लाभकारी माना जाता है। दूध बहुत ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए, बल्कि हल्का गुनगुना होना चाहिए ताकि इसे आराम से पिया जा सके। दूध में बहुत ज्यादा चीनी मिलाने से बचना चाहिए। अगर स्वाद बढ़ाना हो तो दूध में थोड़ी-सी हल्दी या चुटकीभर दालचीनी पाउडर लेना नींद के लिए फायदेमंद हो सकता है। इसे भी सीमित मात्रा में रखें, ताकि सेहत पर कोई बुरा असर न पड़े।
किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए?
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, हर किसी के लिए रात को सोने से पहले दूध पीना फायदेमंद नहीं होता है। इसलिए, जिन लोगों को लैक्टोज इनटॉलरेंस है, उन्हें दूध पीने के बाद गैस, पेट दर्द या दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे लोगों को सोने से पहले दूध पीने से फायदा मिलने के स्थान पर असुविधा महसूस हो सकती है। इसके अलावा, अगर आपको डायबिटीज या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हैं तो डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह पर ही इसे अपनी डाइट में शामिल करें।
बेहतर नींद के लिए और क्या करें?
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा का कहना है कि रात को अच्छी नींद के लिए सिर्फ गर्म दूध पीना काफी नहीं है, बल्कि आप इन बातों का भी ध्यान रखें
- रोजाना सोने और जागने का एक ही समय तय रखें
- सोने से कम से कम एक घंटा पहले मोबाइल, लैपटॉप और टीवी की स्क्रीन से दूर रहें
- शाम के समय ज्यादा चाय, कॉफी या कैफीन वाले ड्रिंक्स न लें।
- नियमित रूप से एक्सरसाइज और मेडिटेशन करें ताकि दिमाग शांत रहे।
निष्कर्ष
गर्म दूध पीने से कुछ लोगों को जल्दी नींद आने और शरीर को आराम महसूस करने में मदद मिल सकती है। इसका कारण दूध में मौजूद ट्रिप्टोफैन के साथ-साथ गर्म ड्रिंक्स से मिलने वाला मानसिक और शारीरिक सुकून भी हो सकता है। हालांकि, यह कहना सही नहीं होगा कि गर्म दूध हर व्यक्ति में तुरंत नींद या अनिद्रा का इलाज कर सकता है।
Image Credit: Freepik
FAQ
नींद नहीं आने पर क्या करना चाहिए?
नींद न आने पर आप सोने का समय तय करें, मोबाइल से दूर रहें और हल्का डिनर करें। ऐसा करने से नींद जल्दी आने में मदद मिल सकती है।नींद ना आने से कौन सी बीमारी हो सकती है?
नींद की कमी से हाई ब्लड प्रेशर, टाइप 2 डायबिटीज और डिप्रेशन जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक ठीक से न सोने से शरीर का संतुलन बिगड़ जाता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 02, 2026 14:18 IST
Modified By : Katyayani Tiwari Aug 02, 2026 14:18 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Shrey Sharma