खांसी में खून आना क्या हमेशा लंग कैंसर का संकेत है? डॉक्टर से जानें ये 5 बीमारियां भी हो सकती हैं जिम्मेदार

खांसी करते समय बलगम में खून दिखाई दे, तो यही डर रहता है कि फेफड़ों का कैंसर तो नहीं हो गया है। अगर किसी को लंबे समय तक खांसी हो या सांस लेने में परेशानी हो और फिर खांसी के दौरान खून आ जाए, तो लोगों को लंग कैंसर होने का डर लगने लगता है। इसे जानने के लिए हमने Dr. Vishnu Hari, Associate Director & Head (Unit I) - Medical Oncology, Haematology & BMT, Sarvodaya Hospital, Faridabad से बात की। उन्होंने बताया कि खांसी के साथ खून आने की समस्या को मेडिकल भाषा में हेमोप्टाइसिस (Hemoptysis) कहा जाता है। इसके पीछे लंग कैंसर के अलावा टीबी, निमोनिया और फेफड़ों के दूसरे संक्रमण भी हो सकते हैं।
क्या लंग कैंसर होने पर हर मरीज को खांसी में खून आता है?
Dr. Vishnu Hari का कहना है, “ऐसा जरूरी नहीं होता कि हर व्यक्ति को खांसी के बाद खून ही आए, उसे लंग कैंसर ही है। हालांकि, खांसी में खून आना लंग कैंसर का एक लक्षण हो सकता है, लेकिन हर मरीज में सिर्फ यही कारण नहीं हो सकता। कुछ लोगों में लंग कैंसर के शुरुआती लक्षण बहुत स्पष्ट नहीं होते। अगर किसी को खांसी में खून आने के साथ-साथ लगातार खांसी रहना, सांस फूलना, सीने में दर्द, आवाज बैठना, बार-बार फेफड़ों में इंफेक्शन होना या बिना किसी कारण वजन कम हो, तो फेफड़ों में कैंसर की जांच कराना जरूरी हो जाता है।”
खांसी में खून आने के क्या कारण हो सकते हैं?
NHS के मुताबिक, खांसी में खून आने का कारण लंबे समय तक रहने वाली खांसी, फेफड़ों में संक्रमण, चेस्ट इंफेक्शन, निमोनिया, टीबी या ब्रोंकाइटिस हो सकता है। इसलिए समय पर डॉक्टर को दिखाना जरूरी है।
Dr. Vishnu Hari का मानना है कि कई लोग खांसी में खून देखकर डर जाते हैं और इसे फेफड़ों के कैंसर से जोड़कर देखने लगते हैं, लेकिन बलगम में खून दिखने के ये कारण भी हो सकते हैं।
1. टीबी यानी ट्यूबरकुलोसिस
भारत में खांसी के साथ खून आने का एक सबसे बड़ा कारण टीबी हो सकता है। इस बीमारी में फेफड़े प्रभावित हो सकते हैं और अगर मरीज को लंबे समय तक खांसी, बुखार और वजन कम होने जैसी परेशानियां हैं, तो उन्हें डॉक्टर की सलाह पर टीबी का टेस्ट जरूर कराना चाहिए। कई बार लोग खांसी में खून को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे टीबी की बीमारी गंभीर रूप से बढ़ सकती है।
2. निमोनिया
निमोनिया होने का कारण भी फेफड़ों से ही जुड़ा हुआ है। इसमें फेफड़ों के प्रभावित हिस्से में सूजन आ सकती है। निमोनिया में मरीज को खांसी, बुखार, सीने में दर्द और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। कुछ मामलों में खांसी के साथ बलगम में खून भी आ सकता है।
3. ब्रोंकाइटिस
ब्रोंकाइटिस में मरीज की सांस की नलियों में सूजन आ जाती है। इस वजह से मरीज को लगातार खांसी की समस्या हो सकती है और बलगम बढ़ सकता है। अगर खांसी तेज या लगातार बनी रहती है, तो कुछ मामलों में बलगम में खून की हल्की मात्रा भी दिखाई दे सकती है। अगर ब्रोंकाइटिस के मरीजों को खांसी के दौरान खून दिखे, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
Is Coughing Up Blood Always Lung Cancer
यह भी पढ़ें- क्या फेफड़ों को डिटॉक्स करने से लंग कैंसर का खतरा खत्म हो जाता है? डॉक्टर से जानें सच
4. ब्रोंकिइक्टेसिस
ब्रोंकिइक्टेसिस में सांस की नलियां असामान्य रूप से चौड़ी हो जाती हैं और उनमें बलगम जमा होने लगता है। हालांकि, यह भी फेफड़ों से जुड़ी बीमारी है, लेकिन कई बार लोगों को बार-बार इंफेक्शन होने लगता है। कुछ लोगों को लगातार खांसी की परेशानी हो सकती है। लगातार खांसने की वजह से मरीजों को खून भी आ सकता है।
5. फेफड़ों में फंगल इंफेक्शन या खून का थक्का जमना
कुछ लोगों को फेफड़ों में फंगल इंफेक्शन की वजह से खांसी में खून आ सकता है। अगर फेफड़ों में संक्रमण की पहचान हो जाए, तो उसका इलाज तुरंत कराना चाहिए। कुछ लोगों के फेफड़ों की ब्लड वेसल्स में खून के थक्के जमने से सांस फूलने, सीने में दर्द और खांसी के साथ खून आने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। यह काफी गंभीर कंडीशन है, इसलिए मरीज को तुरंत अस्पताल लेकर जाना चाहिए।
खांसी में खून आए तो किन लक्षणों पर ध्यान देना चाहिए?
Dr. Vishnu Hari कहते हैं कि अगर खांसी के साथ खून आ रहा है, तो कुछ लक्षणों पर ध्यान रखना जरूरी है।
- लंबे समय से खांसी रहना
- खांसी के साथ बार-बार खून आना
- बिना किसी स्पष्ट वजह के वजन कम होना
- भूख कम लगना
- सीने में दर्द होना
- सांस लेने में परेशानी या सांस फूलना
- बुखार के साथ खांसी और बलगम की समस्या
यह भी पढ़ें- क्या लंग कैंसर का इलाज संभव है? जानें स्टेज 1 से 4 तक इलाज के विकल्प और बचने की संभावनाएं
निष्कर्ष
जो लोग बहुत ज्यादा स्मोकिंग करते हैं या फिर तंबाकू खाते हैं, उन्हें फेफड़ों के कैंसर का खतरा ज्यादा रहता है। इसलिए अगर किसी को खांसी के दौरान खून आता है, तो डॉक्टर की सलाह पर चेस्ट एक्स-रे, सीटी स्कैन, ब्रोंकोस्कोपी और बलगम की जांच कराई जा सकती है। इसके साथ मरीजों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि खांसी के साथ खून आने पर इग्नोर नहीं करना चाहिए और डॉक्टर से चेकअप कराना चाहिए।
All Image Credit: Magnific
FAQ
यदि एक बार बलगम में खून की हल्की लकीर दिखे और फिर बंद हो जाए, तो क्या डॉक्टर के पास जाना जरूरी है?
खांसी के दौरान खून आने पर मरीज को डॉक्टर के पास जरूर जाना चाहिए। कई बार यह टीबी का शुरुआती लक्षण हो सकता है।क्या छाती पर लगी पुरानी चोट या पसलियों के फ्रैक्चर के बाद भी खांसी में खून आ सकता है?
इस कंडीशन को पल्मोनरी कंट्यूजन कहते हैं। अगर व्यक्ति किसी दुर्घटना, गिरने या छाती पर तेज चोट लगने से फेफड़ों के नाजुक टिश्यू में चोट लग सकती है। इस वजह से खांसी में खून आ सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 18, 2026 17:43 IST
Modified By : Aneesh Rawat Nov 18, 2026 17:43 IST
Published By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dr Vishnu Hari