Wed Nov 18, 2026 | 03:18 PM IST

Medically Reviewed by Dr R K Choudhary , Oncologist - Metro Cancer Institute, Noida

क्या फेफड़ों का कैंसर आपकी त्वचा में बदलाव ला सकता है? डॉक्टर से जानें

फेफड़ों का कैंसर न सिर्फ फेफड़ों को बल्कि त्वचा को भी प्रभावित कर सकता है, जिससे गांठें, रंग में बदलाव और नाखूनों में बदलाव जैसे लक्षण दिख सकते हैं। ये बदलाव मेटास्टेसिस या पैरानियोप्लास्टिक सिंड्रोम के कारण हो सकते हैं और अन्य गंभीर लक्षणों के साथ दिखने पर तुरंत डॉक्टरी सलाह लेनी चाहिए।
क्या फेफड़ों का कैंसर आपकी त्वचा में बदलाव ला सकता है? डॉक्टर से जानेंक्या फेफड़ों का कैंसर आपकी त्वचा में बदलाव ला सकता है? डॉक्टर से जानें

फेफड़ों यानी लंग्स का कैंसर गंभीर बीमारियों में से एक है। इसके कारण व्यक्ति को लगातार खांसी होने, सांस फूलने, सीने में दर्द और खून वाली खांसी होने जैसे कई लक्षण होते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ मामलों में फेफड़ों का कैंसर स्किन के स्वास्थ्य को भी प्रभावित कर सकता है? कई बार स्किन पर दिखने वाले असामान्य लक्षण शरीर के अंदर चल रही किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकते हैं। ऐसे में आइए इस बारे में Dr. R K Choudhary, Oncologist - Metro Cancer Institute, Noida और Dr. Manujesh Bandyopadhyay, Consultant Thoracic & Vascular Surgery - Narayana Hospital, Howrah से जानें।

क्या फेफड़ों का कैंसर स्किन को प्रभावित करता है?

Dr. R K Choudhary के अनुसार, त्वचा में होने वाला हर बदलाव कैंसर का संकेत नहीं होता है। हालांकि, अगर किसी व्यक्ति को त्वचा पर अचानक गांठ, असामान्य सूजन या लगातार बने रहने वाला कोई बदलाव दिखाई देता है, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कुछ मामलों में फेफड़ों के कैंसर का त्वचा तक फैलना या कैंसर से जुड़ी शरीर की असामान्य प्रतिक्रियाएं ऐसे बदलावों का कारण बन सकती हैं।

डॉ. मनुजेश का कहना है, “त्वचा में बदलाव फेफड़ों के कैंसर के सबसे आम लक्षणों में से नहीं हैं, लेकिन कुछ टाइप के लंग कैंसर के कारण त्वचा पर साफ तौर पर कुछ बदलाव दिखाई दे सकते हैं। ऐसा तो ट्यूमर के प्रति शरीर की प्रतिक्रिया (जिसे पैरानियोप्लास्टिक सिंड्रोम कहा जाता है) के कारण हो सकता है या फिर तब हो सकता है, जब कैंसर त्वचा तक फैल जाए।"

इसे भी पढ़ें: फेफड़ों का कैंसर किन कारणों से होता है? जानें डॉक्टर से

फेफड़ों का कैंसर त्वचा को कैसे प्रभावित करता है?

Dr. R K Choudhary आगे कहते हैं, फेफड़ों का कैंसर तब होता है, जब फेफड़ों के सेल्स असामान्य रूप से बढ़ने लगती हैं। कुछ मामलों में कैंसर के सेल्स शरीर के दूसरे हिस्सों में फैल सकती हैं। इस प्रक्रिया को मेटास्टेसिस (Metastasis) कहा जाता है।

अगर कैंसर के सेल्स स्किन तक पहुंच जाती हैं, तो त्वचा पर गांठ या उभार दिखाई दे सकता है। इसे Cutaneous Metastasis कहा जाता है। यह फेफड़ों के कैंसर में आम लक्षणों में नहीं हैं, लेकिन कुछ मरीजों में देखने को मिल सकता है। इसके अलावा, कुछ कैंसर शरीर की इम्यूनिटी, हार्मोन और अन्य बायोलॉजिकल प्रक्रियाओं को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे त्वचा या नाखूनों में भी कुछ असामान्य बदलाव दिखाई दे सकते हैं।

can lung cancer cause skin changes 1can lung cancer cause skin changes 1

फेफड़ों के कैंसर में त्वचा पर दिखाई देने वाले बदलाव

Dr. R K Choudhary का कहना है, फेफड़ों के कैंसर में त्वचा पर कई तरह के बदलाव दिख सकते हैं।

डॉ. मनुजेश के अनुसार, "कुछ मरीजों की त्वचा पर असामान्य गांठें उभर सकती हैं, त्वचा का रंग गहरा हो सकता है या वह मोटी हो सकती है, लगातार खुजली हो सकती है या त्वचा में कुछ अन्य ऐसे बदलाव हो सकते हैं, जिनका कोई साफ कारण समझ न आए। कुछ मामलों में, एकेन्थोसिस निग्रिकन्स (acanthosis nigricans) जैसी स्थिति हो सकती है, जिसमें त्वचा पर गहरे रंग के, मखमली (velvety) धब्बे बन जाते हैं। यह स्थिति फेफड़ों के कैंसर सहित शरीर के अंदर मौजूद अन्य गंभीर कैंसर (malignancies) से जुड़ी हो सकती है।"

1. त्वचा के नीचे गांठ या उभार बनना

कुछ मरीजों में त्वचा के नीचे छोटी या बड़ी गांठ बन सकती है। ये गांठें अक्सर गर्दन, छाती, पीठ या पेट के आसपास दिखाई दे सकती हैं। कभी-कभी इनमें दर्द नहीं होता है, इसलिए लोग इन्हें सामान्य सूजन समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।

अगर कोई गांठ तेजी से बढ़ रही है, सख्त महसूस होती है या बिना किसी साफ कारण के दिखाई दे रही है, तो डॉक्टर से इसकी जांच करानी चाहिए। हालांकि, ऐसी गांठ का मतलब हमेशा कैंसर नहीं होता है।

2. त्वचा के रंग में बदलाव

कुछ कैंसर से जुड़े असामान्य शारीरिक बदलावों में त्वचा का रंग गहरा होना या कुछ हिस्सों में असामान्य पिग्मेंटेशन शामिल हो सकता है। जैसे- Acanthosis Nigricans नामक स्थिति में गर्दन, बगल या शरीर की त्वचा मोटी और गहरे रंग की दिखाई दे सकती है।

यह बदलाव कई बार इंसुलिन रेजिस्टेंस और अन्य गैर-कैंसर संबंधी स्थितियों के कारण भी होता है। कुछ रेयर मामलों में यह अंदरूनी कैंसर से जुड़ा हो सकता है। इसलिए सही कारण जानने के लिए डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

इसे भी पढ़ें: क्या लंग कैंसर का इलाज संभव है? जानें स्टेज 1 से 4 तक इलाज के विकल्प और बचने की संभावनाएं

3. नाखूनों और उंगलियों में बदलाव

फेफड़ों के कैंसर से जुड़े कुछ मरीजों में Clubbing नामक स्थिति दिखाई दे सकती है। इसमें उंगलियों के सिरों का साइज नॉर्मल से ज्यादा गोल या चौड़ा हो जाता है और नाखून नीचे की ओर मुड़ने लगते हैं।

यह बदलाव लंबे समय से चली आ रही फेफड़ों या दिल से जुड़ी कुछ बीमारियों में भी देखा जा सकता है। अगर उंगलियों या नाखूनों के साइज में ऐसा बदलाव दिखाई दे, तो डॉक्टर से जांच कराएं।

डॉ. मनुजेश आगे कहते हैं, साइनोसिस (Cyanosis) की स्थिति में होंठ, उंगलियों के पोर या त्वचा का रंग नीला पड़ जाता है। ऐसा तब होता है, जब खून में ऑक्सीजन का स्तर कम हो जाता है, जो कभी-कभी फेफड़ों की गंभीर बीमारी के कारण हो सकता है। क्लबिंग (Clubbing) में उंगलियों के पोर बड़े हो जाते हैं और नाखून नीचे की ओर मुड़ जाते हैं। यह भी फेफड़ों के कैंसर और फेफड़ों से जुड़ी कुछ अन्य पुरानी बीमारियों का संकेत हो सकता है।

इसके अलावा, किसी व्यक्ति में ये लक्षण अकेले या एक साथ दिखाई दें, तो ये फेफड़ों के कैंसर के शुरुआती संकेत हो सकते हैं।

4. त्वचा पर खुजली या चकत्ते

कुछ कैंसर मरीजों में शरीर की इम्यूनिटी में होने वाले बदलावों के कारण खुजली या त्वचा पर चकत्ते हो सकते हैं। कुछ मामलों में यह कैंसर से जुड़ी Paraneoplastic Reactions का हिस्सा हो सकता है।

हालांकि, खुजली और चकत्तों के ज्यादा आम कारण एलर्जी, इंफेक्शन, दवाइयों के साइड इफेक्ट और स्किन से जुड़ी बीमारियां हैं। इसलिए सिर्फ खुजली होने पर इसे फेफड़ों का कैंसर न समझें।

5. चेहरे और गर्दन पर सूजन या रेडनेस

फेफड़ों में मौजूद कुछ ट्यूमर शरीर की बड़ी ब्लड वेसल्स पर दबाव डाल सकते हैं। खासतौर पर Superior Vena Cava (SVC) पर दबाव या रुकावट होने से चेहरे, गर्दन और ऊपरी शरीर में सूजन दिखाई दे सकती है।

इसके साथ चेहरे पर रेडनेस, सांस लेने में परेशानी, सिरदर्द या गर्दन की नसों का उभरना भी हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत मेडिकल जांच जरूरी है, क्योंकि यह गंभीर कॉम्प्लिकेशन का संकेत हो सकती है।

क्या कहती है स्टडी?

साल 2015 में BMC Research Notes में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, फेफड़ों का कैंसर कई बार शरीर के अन्य हिस्सों में फैलकर त्वचा पर भी असर डाल सकता है, जिसे 'कुक्यूटेनियस मेटास्टेसिस' कहा जाता है; इसमें आमतौर पर छाती, सिर, चेहरे या गर्दन पर बिना दर्द वाली सख्त गांठें या धब्बे उभर आते हैं। यह स्थिति कैंसर के गंभीर या एडवांस चरण का संकेत होती है, इसलिए यदि धूम्रपान करने वाले या न करने वाले किसी भी व्यक्ति की त्वचा पर ऐसी असामान्य और तेजी से बढ़ने वाली गांठें दिखाई दें, तो उन्हें बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।

किन लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए?

Dr. R K Choudhary का कहना है, अगर त्वचा में बदलाव के साथ कुछ अन्य लक्षण भी दिखाई दें, तो डॉक्टर से सलाह लें।

  • लगातार खांसी या पुरानी खांसी में बदलाव।
  • खांसी के साथ खून आना।
  • बिना कारण वजन कम होना।
  • लगातार सीने में दर्द होना।
  • सांस लेने में परेशानी।
  • लगातार थकान या कमजोरी।
  • त्वचा के नीचे तेजी से बढ़ती गांठ।

अगर चेहरे या गर्दन में अचानक सूजन के साथ सांस लेने में परेशानी हो, तो तुरंत मदद लें।

डॉ. मनुजेश कहते हैं, यह ध्यान रखना जरूरी है कि त्वचा से जुड़े ये लक्षण सिर्फ फेफड़ों के कैंसर तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि ये कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के कारण भी हो सकते हैं। इसलिए, सिर्फ त्वचा में बदलाव देखकर ही यह मान लेना सही नहीं है कि यह कैंसर ही है। हालांकि, अगर त्वचा में लगातार कोई बदलाव बना रहता है या उसका कोई साफ कारण समझ नहीं आता है, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खासकर तब, जब इसके साथ लंबे समय तक खांसी, सांस फूलना, सीने में दर्द, खांसी के साथ खून आना या बिना किसी साफ कारण के वजन कम होना जैसे लक्षण भी मौजूद हों।

डॉ. मनुजेश आगे कहते हैं, "जिन लोगों को ऐसे लक्षण महसूस हों, उन्हें सही कारण का पता लगाने के लिए डॉक्टर से जांच करानी चाहिए। इन कम पहचाने जाने वाले लक्षणों के बारे में अधिक जागरूकता होने से लोग समय रहते डॉक्टर से सलाह ले सकेंगे, जिससे कैंसर का जल्दी पता लगाने में मदद मिल सकती है।”

डॉक्टर से सलाह कब लें?

Dr. R K Choudhary का कहना है, शरीर में होने वाले किसी भी असामान्य बदलाव या लंबे समय से रहने वाली सांस की समस्याओं को नजरअंदाज न करें। त्वचा से जुड़ी कोई भी परेशानी महसूस होने या त्वचा से जुड़े बताए गए लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

निष्कर्ष

फेफड़ों का कैंसर सिर्फ फेफड़ों को ही नहीं, बल्कि त्वचा और नाखूनों को भी प्रभावित कर सकता है। ट्यूमर के फैलने या शरीर की प्रतिक्रिया (पैरानियोप्लास्टिक सिंड्रोम) के कारण त्वचा पर गांठ, रंग गहरा होना, मखमली धब्बे, क्लबिंग, या चेहरे पर सूजन जैसे असामान्य लक्षण दिख सकते हैं। हालांकि, ये लक्षण हर बार कैंसर का ही संकेत नहीं होते, क्योंकि ये अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के कारण भी हो सकते हैं।

अगर लंबे समय तक रहने वाली खांसी, सांस फूलने या सीने के दर्द जैसे लक्षणों के साथ त्वचा में ऐसा कोई बदलाव लगातार बना रहे, तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से मेडिकल जांच कराएं।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • लंग कैंसर के लक्षण क्या हैं?

    लंग कैंसर के लगातार खांसी रहने, खांसी में खून आने, सीने में दर्द, सांस फूलने, आवाज में बदलाव आने और बार-बार इंफेक्शन होने की समस्या हो सकती है।
  • लंग कैंसर के कारण क्या हैं?

    व्यक्ति को लंग कैंसर की समस्या स्मोकिंग, सेकेंड हैंड स्मोक, वायु प्रदूषण, हानिकारक केमिकल्स और जेनेटिक कारणों से हो सकती है।

Read Next

सुबह-सुबह सिरदर्द को न करें नजरअंदाज, इन 5 बीमारियों का हो सकता है संकेत

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Priyanka Sharma

Health & Lifestyle Journalist

प्रियंका शर्मा पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 2 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर हैं। वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, प्रेगनेंसी, स्किनकेयर, हेयरकेयर, आयुर्वेद, योग और हार्ट हेल्थ जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखती हैं और जटिल स्वास्थ्य जानकारी को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। लेख तैयार करते समय वह विशेषज्ञों की राय और भरोसेमंद मेडिकल स्रोतों का ध्यान रखती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह Grehlakshmi (महिला केंद्रित हिंदी पत्रिका) और Noida Khabar के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: प्रियंका द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 18, 2026 13:46 IST

    Published By : Priyanka Sharma
    Reviewed By : Dr R K Choudhary