स्किन पर दिखने वाले इन 5 लक्षणों को न करें नजरअंदाज, हो सकते हैं डायबिटीज के शुरुआती संकेत

कई बार त्वचा में दिखने वाले सामान्य बदलाव दरअसल डायबिटीज के शुरुआती संकेत हो सते हैं। ये लक्षण डायबिटीज की पुष्टि होने से पहले ही दिखाई देने लगते हैं। त्वचा पर काले धब्बे पड़ना, घाव देर से भरना और बार-बार त्वचा में इंफेक्शन होना ऐसे ही कुछ संकेत हैं। हालांकि, इन लक्षणों का मतलब यह नहीं है कि आपको डायबिटीज है। इनके पीछे दूसरी वजहें भी हो सकती हैं। फिर भी अगर त्वचा में लगातार ऐसे बदलाव नजर आ रहे हैं, तो इन्हें नजरअंदाज करने के बजाय ब्लड शुगर की जांच कराना बेहतर है। आइए जानते हैं त्वचा पर दिखने वाले ऐसे 5 लक्षणों के बारे में, जो डायबिटीज के खतरे की ओर संकेत कर सकते हैं। बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Chandni Jain Gupta, Dermatologist & Aesthetic Physician, Elantis Healthcare, New Delhi से बात की।
1. त्वचा का काला पड़ना और एकैंथोसिस निग्रिकन्स
अगर आपकी गर्दन, बगल, जांघों के बीच या शरीर की त्वचा की सिलवटों पर काले और मोटे धब्बे दिखाई देने लगे हैं, तो इसे नजरअंदाज न करें। मेडिकल भाषा में इस स्थिति को एकैंथोसिस निग्रिकन्स (Acanthosis Nigricans) कहते हैं। इसमें त्वचा का रंग गहरा होने के साथ-साथ वह मोटी और कोमल भी महसूस हो सकती है।
यह समस्या अक्सर इंसुलिन रेजिस्टेंस से जुड़ी होती है। इंसुलिन रेजिस्टेंस की स्थिति में शरीर की कोशिकाएं इंसुलिन का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पातीं हैं। इसकी भरपाई के लिए शरीर ज्यादा इंसुलिन बनाने लगता है। इंसुलिन का बढ़ा हुआ लेवल, त्वचा की कोशिकाओं में बदलाव कर सकता है, जिससे त्वचा पर गहरे और मोटे धब्बे दिखाई देने लगते हैं।
2. त्वचा में बार-बार फंगल या बैक्टीरियल इंफेक्शन होना
WhatsApp Image 2026-11-19 at 2.14.00 PM
अगर आपको त्वचा पर बार-बार फंगल या बैक्टीरियल इंफेक्शन हो रहा है, तो यह भी हाई ब्लड शुगर से जुड़ा हो सकता है।डायबिटीज में ब्लड शुगर लेवल ज्यादा होने से बैक्टीरिया और फंगस को पनपने का अनुकूल वातावरण मिल सकता है। डायबिटीज से पीड़ित लोगों में कुछ तरह के इंफेक्शन ज्यादा देखे जाते हैं, जैसे कैंडिडा फंगल इंफेक्शन, त्वचा के फोड़े और नाखूनों में फंगल इंफेक्शन।
रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (CDC) के मुताबिक, फंगल इंफेक्शन आमतौर पर शरीर के उन हिस्सों में होता है, जहां गर्मी और नमी ज्यादा रहती है और त्वचा की सिलवटें होती हैं। इसके सामान्य उदाहरण हैं- जांघों के बीच होने वाला फंगल इंफेक्शन, पैरों में होने वाला एथलीट फुट, दाद और योनि में होने वाला फंगल संक्रमण।
यह भी पढ़ें- क्या डायबिटीज के कारण स्किन ड्राई हो सकती है? डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें
3. त्वचा पर घाव का देर से भरना और डायबिटीज का संबंध
त्वचा पर लगी छोटी-सी चोट, कट या खरोंच को ठीक होने में सामान्य से ज्यादा समय लग रहा है, तो इसे हल्के में न लें। घाव का धीरे-धीरे भरना भी डायबिटीज से जुड़ी समस्या हो सकती है। दरअसल, ब्लड शुगर लंबे समय तक बढ़ा रहने से ब्लड वेसल्स और नसों को नुकसान पहुंच सकता है। इससे शरीर के कुछ हिस्सों का ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है। जब त्वचा तक पर्याप्त मात्रा में ब्लड और ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाता है, तो घाव भरने की प्रक्रिया धीमी हो सकती है।
4. त्वचा में ड्राईनेस और खुजली
अगर त्वचा बार-बार ड्राई हो जाती है और बिना किसी कारण के खुजली होती है, तो इसके पीछे ब्लड शुगर का बढ़ना भी एक कारण हो सकता है। डायबिटीज में ब्लड शुगर बढ़ने पर शरीर अतिरिक्त ग्लूकोज को पेशाब के जरिए बाहर निकालने की कोशिश करता है। इस प्रक्रिया में शरीर से पानी भी ज्यादा निकल सकता है, जिससे डिहाइड्रेशन होने और त्वचा में ड्राईनेस बढ़ने का खतरा रहता है।
यह भी पढ़ें- डायबिटीज वाले लोगों की त्वचा बहुत ज्यादा खुजलीदार क्यों हो जाती है? डॉक्टर से जानें
5. त्वचा पर छोटे-छोटे उभार या दाने
अगर त्वचा पर अचानक छोटे-छोटे उभार या दाने दिखाई देने लगे हैं, तो इन्हें नजरअंदाज न करें। कुछ खास तरह के त्वचा संबंधी उभार शरीर में बढ़े हुए ब्लड शुगर से जुड़े हो सकते हैं। यह स्थिति खासतौर पर तब हो सकती है, जब शरीर में ट्राइग्लिसराइड्स का स्तर बहुत ज्यादा बढ़ जाता है। ऐसा असामान्य ब्लड शुगर लेवल की स्थिति में देखने को मिल सकता है।
American Academy Of Dermatology के मुताबिक, ये दाने आमतौर पर कूल्हे, जांघों, कोहनी के अंदरूनी हिस्से और घुटनों पर दिखाई देते हैं। हालांकि, ये शरीर के किसी भी हिस्से में निकल सकते हैं। इनमें छूने पर दर्द और खुजली भी हो सकती है। अच्छी बात यह है कि जब ब्लड शुगर और ट्राइग्लिसराइड्स का स्तर कंट्रोल हो जाता है, तो ये दाने धीरे-धीरे अपने आप ठीक होने लगते हैं।
त्वचा पर ये लक्षण दिखें तो कौन-सी जांच करवाएं?
त्वचा में ये लक्षण नजर आने पर डॉक्टर की सलाह से फास्टिंग ब्लड ग्लूकोज टेस्ट कराएं। 100 mg/dL से कम स्तर सामान्य माना जाता है।
HbA1c टेस्ट कराएं। 5.7 से कम स्तर सामान्य, 5.7-6.4 प्रतिशत प्रीडायबिटीज और 6.5 प्रतिशत या इससे ज्यादा डायबिटीज का संकेत हो सकता है।
डॉक्टर से संपर्क कब करें?
- त्वचा पर बार-बार फंगल या बैक्टीरियल इंफेक्शन होना।
- खुजली बने रहना।
- चोट ठीक होने में ज्यादा समय लगना
- त्वचा संबंधी लक्षणों के साथ बार-बार प्यास लगना, ज्यादा पेशाब आना, थकान या बिना वजह वजन कम होना जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।
निष्कर्ष:
डायबिटीज में त्वचा में कालापन नजर आ सकता है, इसे एकैंथोसिस निग्रिकन्स कहते हैं, त्वचा में बार-बार फंगल या बैक्टीरियल इंफेक्शन हो सकता है, त्वचा पर घाव का देर से भरना, त्वचा में ड्राईनेस और खुजली और त्वचा पर छोटे-छोटे उभार या दाने वगैरह डायबिटीज के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। ये लक्षण नजर आने पर फास्टिंग ब्लड ग्लूकोज टेस्ट और HbA1c टेस्ट करवा सकते हैं।
image credit: magnific
FAQ
डायबिटीज में पैरों की त्वचा में क्या बदलाव आते हैं?
डायबिटीज में पैरों की त्वचा रूखी, फटी हुई और सेंसिटिव हो सकती है। कुछ लोगों को पैरों में सुन्नपन या झुनझुनी भी महसूस होती है। पैरों में घाव होने पर इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।क्या डायबिटीज में त्वचा पर फफोले हो सकते हैं?
हां, कुछ लोगों को डायबिटीज के कारण त्वचा पर अचानक फफोले पड़ सकते हैं। इसे डायबिटिक ब्लिस्टर कहते हैं। ये अक्सर पैरों, पंजों और हाथों पर दिखाई देते हैं। इसके लक्षण दिखने पर जांच कराना जरूरी है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 25, 2026 18:46 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Chandni Jain Gupta