Fri Nov 27, 2026 | 07:17 PM IST

Medically Reviewed by Dr Chandni Jain Gupta , Dermatologist

बालों को जड़ों से मजबूत और शाइनी बनाना है? अपनाएं डर्मेटोलॉजिस्ट के बताए ये 7 ऑयलिंग टिप्स

सही तेल चुनने और उसे सही तरीके से लगाने से बालों का रूखापन कम होता है, नमी बनाए रखने में मदद म‍िलती है और बालों को टूटने से बचाने में मदद मिल सकती है। आइए डर्मेटोलॉज‍िस्‍ट से जानें हेयर ऑयल‍िंग के 7 ट‍िप्‍स।
बालों को जड़ों से मजबूत और शाइनी बनाना है? अपनाएं डर्मेटोलॉजिस्ट के बताए ये 7 ऑयलिंग टिप्सHair oiling tips for strong and shinny hair 

बालों को स्वस्थ रखने के लिए हेयर ऑयलिंग यानी बालों में तेल लगाना सदियों पुराना तरीका है। क्या आप जानते हैं कि बालों में तेल लगाने का भी एक सही तरीका होता है? अक्सर लोग बिना बालों की जरूरत समझे कोई भी तेल लगा लेते हैं या फिर ज्यादा देर तक तेल लगाकर रखते हैं। इससे कुछ लोगों को फायदा होने के बजाय स्कैल्प से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं। इसलिए जरूरी है कि ऑयलिंग के दौरान कुछ खास बातों का ध्यान रखा जाए। इस लेख में डर्मेटोलॉजिस्ट द्वारा बताए गए ऐसे 7 ऑयलिंग टिप्स जानिए, जिनकी मदद से बालों को मुलायम, चमकदार और टूटने से बचाने में मदद म‍िल सकती है। बेहतर जानकारी के ल‍िए हमने Dr. Chandni Jain Gupta, Dermatologist & Aesthetic Physician, Elantis Healthcare, New Delhi से बात की।

Indian Association Of Dermatologists, Venereologists And Leprologists के मुताब‍िक, बाल धोने के बाद उनकी लंबाई पर नारियल तेल की कुछ बूंदें लगाने से उनमें चमक आ सकती है। स्कैल्प और बालों को साफ और स्वस्थ रखने के लिए नियमित रूप से बाल धोना जरूरी है।

बालों में तेल लगाने का सही तरीका

  • अपनी पसंद का तेल एक कटोरी में लेकर हल्का गुनगुना कर लें।
  • उंगलियों की मदद से थोड़ा-थोड़ा तेल अप्‍लाई करें।
  • इसके बाद, उंगलियों के पोरों से 5 से 10 मिनट तक हल्के हाथों से गोल-गोल घुमाते हुए मालिश करें। नाखूनों से स्कैल्प को रगड़ने से बचें।
  • अब बचा हुआ तेल बालों की लंबाई और सिरों पर लगाएं।
  • तेल लगाने के बाद इसे 1 से 2 घंटे तक बालों में लगा रहने दें। इसके बाद माइल्ड शैंपू से बाल धो लें।
  • आखिर में बालों की लंबाई पर कंडीशनर लगाएं, ताकि बाल मुलायम और कम उलझे हुए रहें।

यह भी पढ़ें- क्या ऑयली बालों पर तेल लगाना चाहिए? डॉक्टर से जानें ऐसा करने के फायदे-नुकसान

1. हेयर टाइप के मुताब‍िक सही हेयर ऑयल चुनें

oiling-tips-for-long-shiny-hair

  • हर तरह का तेल सभी के बालों के लिए सही नहीं होता। इसलिए तेल खरीदते समय अपने बालों की जरूरत का ध्यान रखें।
  • नारियल तेल रूखे और बेजान बालों के लिए अच्छा विकल्प है। यह बालों में नमी बनाए रखने और बालों से प्रोटीन की कमी को कम करने में मदद कर सकता है।
  • बादाम का तेल बालों को मुलायम बनाने और उनमें चमक लाने में मदद कर सकता है।
  • आर्गन ऑयल बालों का रूखापन और उलझन कम करने में मदद करता है।
  • जोजोबा ऑयल हल्का होने के कारण ऑयली स्कैल्प वाले लोगों के लिए एक विकल्प हो सकता है।
  • अरंडी का तेल (Castor Oil) गाढ़ा होता है इसलिए इसे नारियल या बादाम जैसे हल्के तेल के साथ मिलाकर लगाया जा सकता है।

2. तेल लगाने से पहले बालों को अच्छी तरह सुलझाएं

बालों में तेल लगाने से पहले उसे हल्के हाथों से कंघी करके सुलझा लें। इससे तेल लगाते समय बालों में खिंचाव कम होगा और उलझे हुए बाल टूटने से बच सकते हैं। इसके बाद बालों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांट लें। ऐसा करने से सिर की त्वचा और बालों की लंबाई तक तेल आसानी से पहुंचाया जा सकता है।

3. हल्का गुनगुना तेल लगाएं

सर्दि‍यों में बालों पर तेल लगाने से पहले उसे हल्का गुनगुना कर सकते हैं। इसके लिए तेल को कुछ सेकंड हल्का गर्म करें। ध्यान रखें कि तेल बहुत ज्यादा गर्म न हो, वरना सिर की त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है।

4. उंगलियों से हल्के हाथों से करें मालिश

तेल लगाने के बाद उंगलियों के पोरों की मदद से सिर की त्वचा पर हल्के हाथों से मालिश करें। इसके लिए उंगलियों को गोल-गोल घुमाएं। नाखूनों से सिर की त्वचा को रगड़ने से बचें, क्योंकि इससे खरोंच और जलन हो सकती है। लगभग 5 से 10 मिनट तक हल्की मालिश कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- हेयर वॉश करने से एक घंटे पहले या एक रात पहले ऑयलिंग करना, क्या है ज्यादा फायदेमंद? जानें डॉक्टर से

5. बालों की जड़ों के साथ लंबाई पर भी लगाएं तेल

अक्सर लोग सिर्फ बालों की जड़ों में तेल लगाते हैं, जबकि बालों की लंबाई और सिरों को भी देखभाल की जरूरत होती है। इसलिए स्कैल्प पर तेल लगाने के बाद बचा हुआ तेल बालों की लंबाई और सिरों पर भी लगाएं।

6. ज्यादा देर तक बालों में तेल लगाकर न रखें

कई लोग बालों में रातभर तेल लगाकर सोते हैं, लेकिन ऐसा करना जरूरी नहीं है। बालों में तेल लगाने के बाद 1 से 2 घंटे तक छोड़ना काफी हो सकता है। इसके बाद माइल्ड शैंपू से बाल धो लें। बहुत ज्यादा देर तक तेल लगे रहने से सिर की त्वचा पर गंदगी जमा हो सकती है और कुछ लोगों में खुजली या डैंड्रफ की समस्या बढ़ सकती है।

7. बालों को धोने के लिए गर्म पानी का इस्तेमाल न करें

बालों से तेल निकालने के लिए बहुत गर्म पानी का इस्तेमाल करने से बचें। इससे बालों की प्राकृतिक नमी कम हो सकती है और वे रूखे हो सकते हैं। तेल निकालने के लिए सामान्य या हल्के गुनगुने पानी और माइल्ड शैंपू का इस्तेमाल करें।

ऑयलिंग के दौरान होने वाली आम गलतियां जो बालों को नुकसान पहुंचाती हैं

गंदे स्कैल्प पर बार-बार तेल लगाना

अगर स्कैल्प पर पहले से बहुत ज्यादा तेल, पसीना और गंदगी जमा है, तो बार-बार उसके ऊपर तेल लगाने से परेशानी बढ़ सकती है। इससे कुछ लोगों में खुजली और डैंड्रफ की समस्या बढ़ सकती है।

पूरी रात बालों में तेल लगाकर रखना

लंबे समय तक तेल लगाने से बालों को अतिरिक्त फायदा मिलेगा, ऐसा जरूरी नहीं है। कुछ लोगों में रातभर तेल लगे रहने से स्कैल्प पर खुजली और जलन बढ़ सकती है। इसलिए बालों में तेल कुछ घंटों तक लगाकर रखना काफी है।

बहुत ज्यादा तेल लगाना

कुछ लोगों को लगता है कि जितना ज्यादा तेल लगाएंगे, बालों को उतना ही फायदा होगा। लेकिन ऐसा नहीं है। जरूरत से ज्यादा तेल लगाने पर उसे बालों से निकालने के लिए बार-बार शैंपू करना पड़ सकता है। इससे बाल रूखे हो सकते हैं।

नाखूनों से स्कैल्प की मालिश करना

तेल लगाते समय नाखूनों से सिर की त्वचा को रगड़ने से बचें। इससे स्कैल्प पर खरोंच, जलन और सूजन हो सकती है। हमेशा उंगलियों के पोरों से हल्के हाथों से मालिश करें।

न‍िष्‍कर्ष:

बालों को जड़ों से मजबूत, मुलायम और चमकदार बनाए रखने के लिए सही तरीके से हेयर ऑयलिंग करना जरूरी है। इसके लिए सबसे पहले अपने बालों के प्रकार के अनुसार नारियल, बादाम, आर्गन, जोजोबा या अरंडी का तेल चुनें। तेल लगाने से पहले बालों को सुलझाकर छोटे-छोटे हिस्सों में बांट लें। सर्दियों में चाहें, तो तेल को हल्का गुनगुना कर सकते हैं। इसके बाद उंगलियों के पोरों से 5-10 मिनट तक हल्के हाथों से स्कैल्प की मालिश करें और बालों की लंबाई एवं सिरों पर भी तेल लगाएं। तेल को 1-2 घंटे तक लगाकर रखने के बाद बाल धो लें। ऑयलिंग के दौरान कुछ गलतियों से बचना भी जरूरी है। जैसे गंदे स्कैल्प पर बार-बार तेल लगाना, जरूरत से ज्यादा तेल इस्तेमाल करना, रातभर तेल लगाकर रखना और नाखूनों से सिर की त्वचा की मालिश करना।

image credit: magnific

FAQ

  • क्या बालों में रोज तेल लगाना चाहिए?

    नहीं, रोज तेल लगाना जरूरी नहीं है। बालों की जरूरत और स्कैल्प की स्थिति के अनुसार हफ्ते में 1 से 2 बार तेल लगाना काफी है। 
  • क्या तेल लगाने से बालों का झड़ना कम होता है?

    तेल लगाने से बालों का टूटना कम हो सकता है, लेकिन हार्मोनल बदलाव, पोषण की कमी या थायराइड जैसी समस्याओं के कारण होने वाले हेयर फॉल का इलाज तेल नहीं है।

Read Next

मजबूत और घने बालों के लिए कैसे करें आंवला पाउडर का इस्तेमाल? जानें डॉक्टर से

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 27, 2026 18:41 IST

    Published By : Yashaswi Mathur
    Reviewed By : Dr Chandni Jain Gupta