क्या बचपन की अंडकोष (Testicles) की समस्याएं भविष्य में फर्टिलिटी पर डाल सकती है असर, डॉक्टर से जानें

लड़कों को अगर बचपन में अंडकोष से जुड़ी समस्याएं होती हैं, तो उनका समय पर इलाज कराना जरूरी है। कई लड़कों को अंडकोष (Testicles) का अपनी सही जगह पर न होना, उसमें चोट लगना, अचानक तेज दर्द होना या नसों का फूलना जैसी कंडीशन पर ध्यान देना जरूरी है। कई बार पेरेंट्स का सवाल होता है कि अगर अंडकोष से जुड़ी समस्याओं का समय पर इलाज न कराया जाए, तो क्या इससे भविष्य में स्पर्म काउंट और फर्टिलिटी से जुड़ी समस्या हो सकती हैं? यह जानने के लिए हमने दिल्ली के VNA Hospital के Urology & Andrology विभाग के सीनियर कंसल्टेंट Dr. Vineet Malhotra से बात की। उन्होंने बताया कि बचपन में अंडकोष से जुड़ी किसी भी समस्या को इग्नोर नहीं करना चाहिए। अगर छोटी उम्र में ही अंडकोष से जुड़ी समस्या का पता चल जाता है, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
बचपन में अंडकोष से जुड़ी कौन-सी समस्याएं फर्टिलिटी पर असर डाल सकती हैं?
Dr. Vineet Malhotra कहते हैं, “अंडकोष का काम स्पर्म और पुरुष हार्मोन टेस्टोस्टेरोन बनाना है। अगर बचपन में अंडकोष के विकास या उसके फंक्शन में कोई परेशानी आती है, तो इसका असर स्पर्म काउंट पर पड़ सकता है। अंडकोष से जुड़ी ये समस्याएं हो सकती हैं।”
1. अंडकोष का अपनी जगह न पहुंचना (Undescended Testis)
अनडिसेंडेड टेस्टिस में बच्चे के जन्म के समय एक या दोनों अंडकोष अपनी सामान्य जगह यानी अंडकोष की थैली (Scrotum) में नहीं पहुंच पाते। वे पेट या जांघ और पेट के बीच के हिस्से में ही रह जाते हैं। आमतौर पर अंडकोष को शरीर के अंदरूनी तापमान से थोड़ा कम तापमान चाहिए होता है, लेकिन जब बच्चे के पेट या ग्रोइन हिस्से में अंडकोष रह जाता है, तो वहां का तापमान स्पर्म बनाने के प्रोसेस को प्रभावित कर सकता है। इसलिए अगर बच्चे के जन्म के बाद अंडकोष थैली में महसूस नहीं होता, तो डॉक्टर से इसकी जांच करानी चाहिए।
European Association of Urology के मुताबिक, नवजात लड़कों में अनडिसेंडेड टेस्टिस जन्मजात हो सकता है। इस कंडीशन में जन्म के शुरुआती महीनों में टेस्टिस अपने आप अंडकोष में उतर जाते हैं, लेकिन अगर अंडकोष ठीक जगह पर नहीं पहुंचते, तो बच्चे का अल्ट्रासाउंड किया जाता है और स्थिति के अनुसार, सर्जरी की जा सकती है। इलाज शिशु के 6 महीने की उम्र में शुरू हो जाना चाहिए।
2. अंडकोष में अचानक तेज दर्द होना (Testicular Torsion)
टेस्टिकुलर टॉर्शन में अंडकोष मुड़ जाता है, जिससे अंडकोष तक ब्लड पहुंचने में दिक्कत हो सकती है। इस वजह से अचानक अंडकोष में दर्द हो सकता है। अगर समय पर इलाज न मिले, तो अंडकोष को परमानेंट नुकसान पहुंच सकता है। गंभीर मामलों में अंडकोष को निकालने की भी जरूरत पड़ सकती है। इसलिए बच्चा अगर अंडकोष में दर्द की बात कहे, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
3. अंडकोष के आस-पास नसों का फूलना (Varicocele)
वैरिकोसील में अंडकोष के आसपास मौजूद नसें फूल जाती हैं। यह समस्या खासतौर पर टीनएज लड़कों में देखने को मिल सकती है। कुछ लड़कों में इस वजह से अंडकोष के विकास पर असर पड़ सकता है, जो आगे चलकर स्पर्म काउंट या स्पर्म क्वालिटी को प्रभावित कर सकता है।
क्या बचपन में अंडकोष की समस्या भविष्य में फर्टिलिटी को प्रभावित कर सकती है?
Dr. Vineet Malhotra का कहना है, “हर मामले में ऐसा जरूरी नहीं होता। बचपन में अगर अंडकोष से जुड़ी समस्या का पता चलने का मतलब यह नहीं है कि बच्चा बड़ा होकर पिता नहीं बन सकता। अंडकोष में असर होना कई बातों पर निर्भर करता है। इसमें समस्या की गंभीरता, बच्चे की उम्र, मेडिकल हिस्ट्री और इलाज कितनी जल्दी शुरू हुआ शामिल हैं। कई मामलों में देखा गया है कि अगर एक अंडकोष काम कर रहा है, तो वह स्पर्म और टेस्टोस्टेरोन बना सकता है, लेकिन अगर दोनों अंडकोष प्रभावित हैं, तो फर्टिलिटी से जुड़ा रिस्क बढ़ सकता है।”
Childhood Testicular Problems Cause Male Infertility
यह भी पढ़ें- क्या बढ़ता वजन पुरुषों का स्पर्म काउंट घटा सकता है? डॉक्टर से समझें मोटापे और स्पर्म हेल्थ का कनेक्शन
अंडकोष से जुड़े किन लक्षणों पर ध्यान देना जरूरी?
Dr. Vineet Malhotra ने बताया कि अगर बच्चे में अंडकोष से जुड़ी कोई दिक्कत दिखाई दे, तो इसे छिपाना या इग्नोर नहीं करना चाहिए। अंडकोष में दिखने वाले इन लक्षणों पर ध्यान देना बहुत जरूरी है।
- जन्म के बाद एक या दोनों अंडकोष का थैली में महसूस न होना
- अंडकोष की थैली में सूजन या असामान्य बदलाव
- अंडकोष में दर्द या असहजता
- अचानक शुरू हुआ तेज अंडकोष दर्द
- अंडकोष के आसपास सूजन या नसों का उभरा हुआ महसूस होना
अंडकोष की समस्या का क्या इलाज हो सकता है?
Dr. Vineet Malhotra का कहना है, “बचपन में अंडकोष से जुड़ी समस्याओं की पहचान हो जाए, तो डॉक्टर बच्चे की मेडिकल कंडीशन को देखते हुए उसे फॉलो-अप या सर्जरी की सलाह दे सकते हैं। अगर बच्चे में अनडिसेंडेड टेस्टिस है, तो उसका सही समय पर इलाज करना जरूरी है, ताकि अंडकोष के विकास और भविष्य की फर्टिलिटी पर पड़ने वाले असर को कम किया जा सके।”
यह भी पढ़ें- 40 के बाद बनना चाहते हैं पिता? स्पर्म क्वालिटी और फर्टिलिटी बेहतर करने के लिए बदलें ये 5 आदतें
निष्कर्ष
बचपन में अंडकोष की समस्या होने, दर्द, सूजन या किसी भी तरह की असामान्यता होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। सबसे जरूरी है कि अंडकोष की समस्या को किसी से छिपाने के बजाय डॉक्टर से उसका इलाज कराएं। समय पर इलाज कराने से बच्चे को भविष्य में फर्टिलिटी से जुड़ी समस्याओं से बचाया जा सकता है।
All Image Credit: Magnific
FAQ
यदि बचपन में किसी एक अंडकोष में चोट लग जाए या उसे निकालना पड़े, तो क्या भविष्य में पिता बनना संभव है?
शरीर का सिर्फ एक स्वस्थ अंडकोष भी सामान्य प्रजनन क्षमता के लिए पर्याप्त स्पर्म और टेस्टोस्टेरोन हार्मोन बनाने में पूरी तरह सक्षम होता है। बस यह जरूरी है कि दूसरे बचे हुए अंडकोष को किसी चोट या संक्रमण से सुरक्षित रखा जाए।क्या बचपन में हुए इनगुइनल हर्निया की सर्जरी से अंडकोष की नसों को कोई नुकसान होता है?
हर्निया और हाइड्रोसील के ऑपरेशन में स्पर्म ले जाने वाली नली और ब्लड वेसल्स को बचाते हुए सिर्फ अतिरिक्त थैली को बंद किया जाता है। इसके उलट, हर्निया का समय पर इलाज न कराने पर आंत के फंसने से अंडकोष की खून की सप्लाई रुकने का बड़ा खतरा रहता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 19, 2026 16:40 IST
Published By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dr Vineet Malhotra