क्या हाई कोलेस्ट्रॉल के कारण भी आंखों के आसपास दिख सकते हैं बदलाव? डॉक्टर से जानें

आज के समय में ज्यादातर लोग हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या से परेशान रहते हैं। इसके कारण लोगों को थकान, कमजोरी, दिल की धड़कन के तेज होने, सीने में दर्द, भारीपन और हाथों-पैरों में झनझनाहट होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं, लेकिन क्या इसके कारण आंखों से जुड़ा लक्षण भी हो सकता है? आइए इस बारे में Dr. Chirag D, Consultant - Interventional Cardiology, Aster Whitefield Hospital, Bengaluru से जानें।
हाई कोलेस्ट्रॉल के कारण आंखों के पास के बदलाव
डॉ. चिराग डी के अनुसार, हाई कोलेस्ट्रॉल के कारण कभी-कभी आंखों के आसपास कुछ बदलाव दिख सकते हैं, हालांकि हाई कोलेस्ट्रॉल वाले हर व्यक्ति में ये लक्षण नहीं दिखते हैं।
1. आंखों के पास पीले धब्बे
इनमें से एक आम लक्षण जैंथेलैस्मा (xanthelasma) है, जो पलकों के आसपास, खासकर आंखों के अंदरूनी कोनों के पास, मुलायम और पीले रंग के धब्बों या जमाव के रूप में दिखाई देता है। ये धब्बे त्वचा के नीचे कोलेस्ट्रॉल से भरपूर चीजों के जमा होने से बनते हैं।
2. कॉर्निया के चारो ओर ग्रे-सफेद
एक और स्थिति कॉर्नियल आर्कस (corneal arcus) है, जिसमें कॉर्निया के बाहरी किनारे के चारों ओर एक ग्रे-सफेद या नीले रंग का घेरा बन जाता है। बुजुर्गों में यह उम्र के साथ होने वाला एक सामान्य बदलाव हो सकता है, लेकिन कम उम्र के लोगों में इसका दिखना चिंता की बात हो सकती है।
खासकर तब, जब परिवार में हाई कोलेस्ट्रॉल या कम उम्र में दिल की बीमारी (कार्डियोवैस्कुलर डिजीज) का इतिहास रहा हो।
इसे भी पढ़ें: कोलेस्ट्रॉल के प्रकार क्या हैं? कार्डियोलॉजिस्ट से जानें इसका रोल, खतरे और नॉर्मल लेवल
Images Credit- Magnific
जरूरी नहीं सभी में दिखें हाई कोलेस्ट्रॉल के लक्षण
डॉ. चिराग डी आगे कहते हैं, यह समझना जरूरी है कि आंखों के आसपास दिखने वाले ये लक्षण कोलेस्ट्रॉल के स्तर को जानने का पक्का इंडिकेटर नहीं हैं। किसी व्यक्ति का LDL कोलेस्ट्रॉल काफी ज्यादा हो सकता है, फिर भी उसकी आंखों के आसपास कोई बदलाव न दिखे। इसी तरह, अगर किसी को जैंथेलैस्मा है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि उसे हाई कोलेस्ट्रॉल ही है। यह उन लोगों में भी हो सकता है, जिनका लिपिड स्तर नॉर्मल सीमा के अंदर है।
क्या कहती है स्टडी?
साल 2012 में Medical Science Monitor में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, ब्लड में कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स के अधिक बढ़ने से पलकों, कॉर्निया और रेटिना में कई बदलाव दिख सकते हैं, जैसे पलकों पर फैट के पीले जमाव (ज़ैंथेलाज़्मा), कॉर्निया के किनारे रिंग या चाप बनना (कॉर्नियल आर्कस) और अत्यधिक हाई ट्राइग्लिसराइड स्तर पर रेटिना की ब्लड वेसल्स का मलाईदार या सफेद दिखना (लाइपीमिया रेटिनालिस) जिससे दृष्टि भी प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा, हाई लिपिड स्तर रेटिना की ब्लड वेसल्स में रुकावट, ऑप्टिक न्यूरोपैथी, मोतियाबिंद या सूखी आंखों जैसी समस्याओं से भी जुड़े हो सकते हैं और कभी-कभी आंखों की जांच ही किसी छिपी हुई गंभीर लिपिड गड़बड़ी का शुरुआती संकेत बन जाती है।
अच्छी बात यह है कि कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स को नियंत्रित करने के लिए इलाज मिलने पर रेटिना से जुड़े ये बदलाव ठीक हो सकते हैं और दृष्टि में सुधार आ सकता है।
इसे भी पढ़ें: एलडीएल कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ है, तो सुबह 10 बजे से पहले कर लें ये 5 काम
हाई कोलेस्ट्रॉल से बढ़ते हैं कई खतरे
डॉ. चिराग डी बताते हैं, हाई कोलेस्ट्रॉल को अक्सर एक साइलेंट रिस्क फैक्टर कहा जाता है, क्योंकि शुरुआती चरणों में इसके कोई खास लक्षण दिखाई नहीं देते हैं। समय के साथ, लगातार बढ़ा हुआ LDL कोलेस्ट्रॉल धमनियों के अंदर प्लाक (plaque) जमा कर सकता है, जिससे हार्ट अटैक, स्ट्रोक और पेरिफेरल आर्टेरियल डिजीज (पैरों या अन्य अंगों की धमनियों से जुड़ी बीमारी) का खतरा बढ़ जाता है।
किन लोगों को करानी चाहिए जांच?
डॉ. चिराग डी बताते हैं, अगर कोई व्यक्ति, खासकर कम उम्र में, अपनी पलकों के आसपास पीले रंग के धब्बे देखता है, तो उसे अपना लिपिड प्रोफाइल टेस्ट करवाना चाहिए और डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। जिन लोगों को डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन) है या जिनके परिवार में हाई कोलेस्ट्रॉल या दिल की बीमारी की हिस्ट्री है, उन्हें भी नियमित रूप से स्क्रीनिंग करवानी चाहिए।
सबसे जरूरी बात यह है कि लोगों को अपने कोलेस्ट्रॉल के स्तर का पता लगाने के लिए आंखों के आसपास बदलाव दिखने का इंतजार नहीं करना चाहिए। हाई कोलेस्ट्रॉल का पता लगाने का सबसे भरोसेमंद तरीका एक नॉर्मल ब्लड टेस्ट ही है। समय रहते पहचान, खान-पान में बदलाव, नियमित फिजिकल एक्टिविटी और ज़रूरत पड़ने पर दवा लेने से दिल से जुड़ी लंबे समय तक रहने वाली बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद मिल सकती है।
निष्कर्ष
हाई कोलेस्ट्रॉल के कारण कभी-कभी पलकों पर पीले धब्बे (जैंथेलैस्मा) या कॉर्निया के किनारे घेरा (कॉर्नियल आर्कस) दिख सकते हैं, लेकिन ये हर किसी में नहीं दिखते हैं और कोलेस्ट्रॉल का पक्का संकेत भी नहीं हैं। सामान्य लिपिड स्तर वालों में भी जैंथेलैस्मा हो सकता है और ज्यादा LDL वालों में कोई निशान न दिखे।
हाई कोलेस्ट्रॉल एक साइलेंट रिस्क फैक्टर है, जो धमनियों में प्लाक जमाकर हार्ट अटैक, स्ट्रोक या पेरिफेरल आर्टेरियल डिजीज का खतरा बढ़ा सकता है। इसलिए लक्षणों का इंतजार न करें। लिपिड प्रोफाइल ब्लड टेस्ट कराएं और खान-पान, एक्सरसाइज व जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह के साथ दवा लें।
FAQ
कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर शरीर क्या संकेत देता है?
शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ने पर व्यक्ति को सीने में दर्द, सांस फूलने, पैरों में दर्द, भारीपन, हाथों-पैरों में झनझनाहट, त्वचा और आंखों पर निशान दिखने की समस्या हो सकती है।कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए क्या खाना चाहिए?
कोलेस्ट्रॉल का स्तर कम करने के लिए डाइट में साबुत अनाज, दालें, फलियां, सब्जियों, फलों, ड्राई फ्रूट्स और सीड्स को शामिल करें। इनसे स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने में मदद मिलती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 29, 2026 11:29 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr Chirag D