रोज कितने घंटे लगातार बैठने से सेहत को नुकसान होता है और इससे कैसे बचें? बता रहे हैं डॉक्टर

कई लोग ऑफिस के काम और अन्य कामों के कारण घंटों तक बैठे रहते हैं। इसके कारण उनको अकड़न, थकान और मांसपेशियों के कमजोर होने जैसी कई समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल आता है कि आखिर कितनी देर बैठना ठीक है और कितनी देर बैठे रहने से स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है? ऐसे में आइए Dr. Aravinda S N, Lead Consultant - Internal Medicine, Aster RV Hospital, Bengaluru से जानें।
रोजाना कितने घंटे बैठना नुकसानदायक है?
डॉ. अरविंद के अनुसार, लंबे समय तक बैठे रहना लाइफस्टाइल से जुड़ी कई स्वास्थ्य समस्याओं के लिए एक बड़ा रिस्क फैक्टर्स माना जाने लगा है। दिन में 7-8 घंटे से ज्यादा बैठना (खासकर बिना किसी ब्रेक के) मोटापा, टाइप 2 डायबिटीज, दिल की बीमारियों और मेटाबॉलिक डिसऑर्डर के खतरे को बढ़ा सकता है।
जब हम लंबे समय तक बैठे रहते हैं, तो हमारी मांसपेशियां निष्क्रिय (inactive) हो जाती हैं, जिससे शरीर की एनर्जी की खपत कम हो जाती है। साथ ही, शरीर की ब्लड शुगर को नियंत्रित करने और फैट को सही तरीके से मेटाबोलाइज करने की क्षमता पर भी असर पड़ता है। लंबे समय तक बैठे रहने से ब्लड सर्कुलेशन पर भी बुरा असर पड़ सकता है, खासकर पैरों में। हालांकि, ऐसा कोई निश्चित समय नहीं है, जो हर किसी के लिए हानिकारक हो। सेहत पर इसका असर व्यक्ति की कुल फिजिकल एक्टिविटी, खान-पान, उम्र, मेडिकल हिस्ट्री और लाइफस्टाइल पर निर्भर करता है।
इसे भी पढ़ें: क्या दिनभर बैठे रहने से तेजी से कम हो सकती है हड्डियों की डेंसिटी? जानें डॉक्टर की राय
Images Credit- Magnific
लंबे समय तक बैठे रहने से क्या परेशानी होती है?
डॉ. अरविंद कहते हैं, लंबे समय तक बैठे रहने से जुड़ी एक बड़ी चिंता दिल और मेटाबॉलिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाला इसका असर है। लंबे समय तक शारीरिक रूप से इनएक्टिव रहने से इंसुलिन रेजिस्टेंस, हाई ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल का असंतुलन और वजन बढ़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
डॉ. अरविंद आगे कहते हैं, जो लोग लंबे समय तक एक ही स्थिति में रहते हैं। जैसे, लंबी दूरी की यात्रा के दौरान या अस्पताल में भर्ती होने पर। उनमें डीप वेन थ्रोम्बोसिस (नसों में खून का थक्का जमना) का खतरा भी बढ़ सकता है। इन खतरों के अलावा, लंबे समय तक बैठे रहने से पीठ के निचले हिस्से में दर्द, गर्दन में अकड़न, गलत पोस्चर और मांसपेशियों में कमजोरी हो सकती है। जो लोग ऑफिस में काम करते हैं, लंबे समय तक गाड़ी चलाते हैं या टीवी देखने में काफी समय बिताते हैं, उन्हें ज्यादा खतरा होता है, खासकर तब जब वे अपनी दिनचर्या में पर्याप्त फिजिकल एक्टिविटी शामिल नहीं करते हैं।
इसे भी पढ़ें: पूरा दिन बैठे रहने से आपके दिल को क्या नुकसान होता है? डॉक्टर से जानें
क्या कहती है स्टडी?
साल 2017 में Journal of Lifestyle Medicine में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, लंबे समय तक बैठे रहने से सेहत को होने वाले खतरे धीरे-धीरे बढ़ते जाते हैं, जैसे कि हर 2 घंटे ज्यादा बैठने पर मोटापे व डायबिटीज का खतरा और हर 1 घंटे बढ़ने पर मांसपेशियों के कमजोर होने का रिस्क बढ़ता है। ऑफिस में काम करने वाले लोग आमतौर पर अपनी शिफ्ट का बड़ा हिस्सा बैठे-बैठे बिताते हैं और अधिक समय तक बैठने वालों में हाई ब्लड प्रेशर, पीठ-घुटनों-कंधों में दर्द और थकान की शिकायतें भी ज्यादा देखी गई हैं। इन खतरों को कम करने के लिए काम के बीच में उठकर हल्की-फुल्की ब्रेक लेना और सिट-स्टैंड डेस्क जैसी व्यवस्था अपनाना काफी मददगार हो सकता है, जिससे बैठने का समय कम होता है और शरीर की सेहत और एनर्जी बेहतर बनी रहती है।
अच्छी आदतों को अपनाएं
डॉ. अरविंद के अनुसार, सबसे अच्छा तरीका यह है कि आप सिर्फ कुल बैठने के घंटों पर ध्यान देने के बजाय, लगातार बैठे रहने के समय को कम करें।
- डेस्क जॉब करने वालों को हर 30-60 मिनट में उठना चाहिए, स्ट्रेचिंग करनी चाहिए या 2-5 मिनट के लिए टहलना चाहिए।
- बीच-बीच में थोड़ा टहलना।
- जरूरत पड़ने पर स्टैंडिंग डेस्क का इस्तेमाल करना।
- नियमित रूप से फिजिकल एक्टिविटी करना काफी फायदेमंद हो सकता है।
- वयस्कों को हर हफ्ते कम से कम 150-300 मिनट की मॉडरेट इंटेंसिटी वाली फिजिकल एक्टिविटी करनी चाहिए।
- साथ ही हफ्ते में कम से कम दो दिन मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाली एक्सरसाइज करनी चाहिए।
छोटे-छोटे बदलाव भी मददगार हो सकते हैं, जैसे-
- फोन पर बात करते समय टहलना या लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का इस्तेमाल करना।
- दिनभर नियमित रूप से हिलना-डुलना।
- साथ ही व्यवस्थित एक्सरसाइज करना।
- लंबे समय तक मेटाबॉलिक और कार्डियोवैस्कुलर स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।
निष्कर्ष
लंबे समय तक बिना ब्रेक के बैठे रहने से मांसपेशियां इनएक्टिव होती हैं, ब्लड फ्लो स्लो होता है, मोटापा, डायबिटीज, दिल की बीमारी, डीप वेन थ्रोम्बोसिस और पीठ-गर्दन दर्द का खतरा बढ़ता है। इससे बचने के लिए हर 30-60 मिनट में उठकर टहलें या स्ट्रेच करें, हफ्ते में 150-300 मिनट मध्यम एक्सरसाइज और दो दिन स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करें तथा सीढ़ियों के इस्तेमाल जैसे छोटे बदलाव अपनाएं।
FAQ
पीठ दर्द क्यों होता है?
मांसपेशियों में खिंचाव होने, डिस्क की समस्याएं, हड्डियों के कमजोर होने, खराब पोस्चर में बैठे रहने, स्मोकिंग, स्ट्रेस, एक्सरसाइज की कमी और ज्यादा वजन होने जैसे कारणों से व्यक्ति को पीठ में दर्द होने की समस्या हो सकती है।घंटों तक बैठे रहने से क्या होता है?
लंबे समय तक बैठे रहने से व्यक्ति को जकड़न, दर्द, स्ट्रेस, थकान, ब्लड फ्लो ठीक से न होने, मेटाबॉलिज्म स्लो होने, मांसपेशियों के कमजोर होने, दिल की बीमारी और ब्लड शुगर जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 28, 2026 21:25 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr. Aravinda S N