भारत में 55% महिलाओं को एनीमिया, 42% बच्चों में भी खून की कमी: ICMR के सर्वे में बड़ा खुलासा

हाल ही में ICMR-NIN द्वारा किए गए SAMPADA राष्ट्रीय सर्वेक्षण (2023–2025) के आंकड़े जारी किए गए हैं। इसमें भारत में एनीमिया और जरूरी पोषक तत्वों की कमी से जुड़ी जानकारी दी गई है। सर्वेक्षण में 2 लाख से अधिक लोगों को शामिल किया गया। पिछले राष्ट्रीय सर्वेक्षणों की तुलना में इस बार एनीमिया के मामले कम दर्ज किए गए हैं। सर्वेक्षण के अनुसार, एनीमिया से पीड़ित लगभग आधे बच्चों, किशोरी लड़कियों और महिलाओं में इसकी समस्या हल्के स्तर की है। वहीं, पुरुषों और बुजुर्गों में करीब तीन-चौथाई मामले हल्के एनीमिया के हैं। ज्यादातर आयु वर्गों में गंभीर एनीमिया की दर 2% से भी कम है। सर्वेक्षण में यह भी सामने आया कि एनीमिया सिर्फ आयरन की कमी से नहीं होता। किशोरी लड़कियों और महिलाओं में एनीमिया की दर 46 से 56% है, लेकिन इनमें से केवल 27% में ही आयरन की कमी एनीमिया की वजह है। यानी एनीमिया के पीछे विटामिन B12, फोलेट की कमी और अन्य कारण भी हो सकते हैं। आइए इसमें बताए गए आंकड़ों और अहम बातों को गहराई से समझते हैं। बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Smriti Agrawal, Professor & Gynaecologist At Department Of Obstetrics & Gynaecology, King George's Medical University, Lucknow से बात की।

एनीमिया की गंभीरता से जुड़ी मुख्य बातें
SAMPADA (संपदा) राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2023–2025 (ICMR-NIN) की रिपोर्ट
ज्यादातर लोगों में हल्का एनीमिया
एनीमिया से पीड़ित लगभग आधे बच्चों, किशोरी लड़कियों, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं में इसकी समस्या हल्के स्तर की है। वहीं, पुरुषों, किशोर लड़कों और बुजुर्गों में एनीमिया के करीब 75% मामले हल्के स्तर के हैं।
Dr. Smriti Agrawal ने बताया कि हल्का एनीमिया होने का मतलब यह नहीं कि इलाज की जरूरत नहीं है। मरीज की हीमोग्लोबिन रिपोर्ट के साथ एनीमिया की वजह जानना भी जरूरी है। हर मरीज को आयरन की गोली देने से समस्या हल नहीं होता। विटामिन B12, फोलेट की कमी और दूसरी बीमारियां भी इसकी वजह हो सकती हैं। गंभीर एनीमिया में मरीज को अस्पताल में भर्ती करने या ब्लड चढ़ाने की जरूरत पड़ सकती है।
गंभीर एनीमिया के मामले कम
ज्यादातर आयु वर्गों में गंभीर एनीमिया की दर 2% या इससे कम है। हालांकि, प्रजनन आयु की महिलाओं में यह दर 2.9% है।
उम्र बढ़ने के साथ पुरुषों में एनीमिया ज्यादा
20 से 59 साल के पुरुषों में 22% को एनीमिया है, जबकि 60 साल से अधिक उम्र के पुरुषों में यह आंकड़ा बढ़कर 44.7% हो जाता है। यानी बुजुर्ग पुरुषों में एनीमिया की समस्या ज्यादा देखने को मिलती है।
यह भी पढ़ें- शरीर में खून की कमी: जानें कब हो जाएं सावधान और क्या कहते हैं डॉक्टर
स्तनपान कराने वाली महिलाओं में एनीमिया का खतरा अधिक
सर्वेक्षण के अनुसार, एनीमिया की समस्या सबसे ज्यादा स्तनपान कराने वाली महिलाओं (58.1%), प्रजनन आयु की महिलाओं (55.9%) और बुजुर्ग महिलाओं (55.7%) में देखी गई। किशोरी लड़कियों में भी एनीमिया की दर 46.3% है। वहीं, किशोर लड़कों (22.8%) और वयस्क पुरुषों (22%) में इसके मामले कम हैं। कुल मिलाकर, महिलाओं और बुजुर्गों में एनीमिया की समस्या अधिक देखने को मिली।
Dr. Smriti Agrawal ने बताया कि एनीमिया प्रेग्नेंसी में घातक बीमारी हो सकती है। आमतौर पर देखा गया है कि जो महिलाएं बड़े अस्पतालों में डिलीवरी के लिए आती हैं, उनमें से ज्यादातर एनीमिया से पीड़ित होती हैं। अगर एनीमिया ज्यादा गंभीर होता है, तो उनके लिए जानलेवा भी हो सकता है।
| आयु एवं जनसंख्या वर्ग | कुल एनीमिया (%) | हल्का एनीमिया (%) | मध्यम एनीमिया (%) | गंभीर एनीमिया (%) |
| छोटे बच्चे (12–59 महीने) | 41.8% | 23.3% | 17.0% | 1.5% |
| स्कूली बच्चे (5–9 वर्ष) | 31.3% | 12.9% | 17.4% | 1.0% |
| किशोरी लड़कियां (10–19 वर्ष) | 46.3% | 23.7% | 20.6% | 2.1% |
किशोर लड़के (10–19 वर्ष) |
22.8% | 16.7% | 5.7% | 0.4% |
| वयस्क महिलाएं (20–59 वर्ष) | 54.8% | 26.0% | 26.2% | 2.6% |
| प्रजनन आयु की महिलाएं (15–49 वर्ष) | 55.9% | 26.1% | 26.9% | 2.9% |
| वयस्क पुरुष (20–59 वर्ष) | 22.0% | 17.2% | 4.1% | 0.7% |
| गर्भवती महिलाएं | 43.6% | 22.5% | 20.4% | 0.7% |
| स्तनपान कराने वाली महिलाएं | 58.1% | 29.0% | 27.2% | 2.0% |
| बुजुर्ग महिलाएं (≥60 वर्ष) | 55.7% | 25.6% | 27.6% | 2.5% |
| बुजुर्ग पुरुष (≥60 वर्ष) | 44.7% | 31.2% | 12.2% | 1.3% |
एनीमिया होने की वजह सिर्फ आयरन की कमी नहीं
- सर्वे में यह पाया गया कि एनीमिया के पीछे केवल आयरन की कमी नहीं होती है।
- प्रजनन आयु की महिलाओं (15-49 वर्ष) में कुल एनीमिया की दर 55.9% है, लेकिन इनमें से केवल 26.7% महिलाओं में एनीमिया और आयरन की कमी दोनों एक साथ पाई गई।
- किशोरी लड़कियों में 46.3% को एनीमिया है, लेकिन इनमें से केवल 26.9% लड़कियों में एनीमिया की वजह शरीर में आयरन की कमी है।
- इसका अर्थ है कि एनीमिया के 50% से अधिक मामलों के पीछे केवल आयरन की कमी नहीं, बल्कि विटामिन B12 की कमी, अन्य पोषण संबंधी कमियां, आनुवंशिक स्थिति या गैर-पोषण संबंधी कारण भी जिम्मेदार हैं।
यह भी पढ़ें- Vitamin B12 क्यों जरूरी है? शरीर में इसकी कमी होने से क्या होता है?
भारत में विटामिन B12 की कमी सबसे बड़ी पोषण संबंधी चिंता, किशोरों और गर्भवती महिलाओं पर ज्यादा असर
सर्वेक्षण के अनुसार, आयरन की कमी सबसे ज्यादा किशोरी लड़कियों (36.3%) और प्रजनन आयु की महिलाओं (34.1%) में पाई गई। वहीं, विटामिन B12 की कमी लगभग सभी वर्गों में अधिक है, खासकर किशोर लड़कों (66.1%), किशोरी लड़कियों (65.4%) और गर्भवती महिलाओं (63.1%) में। इसके मुकाबले फोलेट की कमी सभी आयु वर्गों में कम दर्ज की गई। यानी भारत में विटामिन B12 की कमी एक बड़ी पोषण संबंधी चिंता बनकर सामने आई है।
| आयु एवं जनसंख्या वर्ग | आयरन की कमी (%) | विटामिन B12 की कमी (%) | फोलेट की कमी (%) |
| छोटे बच्चे (12–59 महीने) | 23.0% | 37.3% | 9.8% |
| स्कूली बच्चे (5–9 वर्ष) | 17.6% | 46.5% | 10.2% |
| किशोरी लड़कियां (10–19 वर्ष) | 36.3% | 65.4% | 8.6% |
| किशोर लड़के (10–19 वर्ष) | 10.0% | 66.1% | 6.3% |
| वयस्क महिलाएं (20–59 वर्ष) | 32.6% | 55.2% | 6.2% |
| प्रजनन आयु की महिलाएं (15–49 वर्ष) | 34.1% | 57.4% | 6.4% |
| वयस्क पुरुष (20–59 वर्ष) | 3.4% | 60.4% | 7.5% |
| गर्भवती महिलाएं (Pregnant Women) | 29.6% | 63.1% | 2.9% |
| स्तनपान कराने वाली महिलाएं (Lactating Women) | 26.6% | 51.8% | 4.8% |
| बुजुर्ग महिलाएं (≥60 वर्ष) | 8.8% | 41.2% | 4.9% |
| बुजुर्ग पुरुष (≥60 वर्ष) | 4.8% | 46.8% | 6.6% |
भारतीयों में पोषक तत्वों की स्थिति

विटामिन B12 की कमी मिली
भारत में विटामिन B12 की कमी एक बड़ी पोषण संबंधी समस्या बनकर सामने आई है। किशोर लड़कों में 66.1%, किशोरी लड़कियों में 65.4%, गर्भवती महिलाओं में 63.1% और वयस्क पुरुषों में 60.4% लोगों में विटामिन B12 की कमी पाई गई है। यानी इन सभी वर्गों में आधे से ज्यादा लोगों को इस जरूरी विटामिन की कमी है।
किशोरियों में आयरन की सबसे ज्यादा कमी
आयरन की कमी सबसे ज्यादा किशोरी लड़कियों (36.3%), 15 से 49 साल की महिलाओं (34.1%), गर्भवती महिलाओं (29.6%) और छोटे बच्चों (23%) में देखी गई। वहीं, वयस्क पुरुषों (3.4%) और बुजुर्ग पुरुषों (4.8%) में आयरन की कमी के मामले बहुत कम पाए गए।
फोलेट का स्तर ठीक मिला
पूरे देश में फोलेट की कमी 2.9% से 10.2% के बीच है, जो यह दर्शाती है कि फोलेट की स्थिति काफी हद तक नियंत्रित है।
भारत में एनीमिया सबसे कम और सबसे अधिक कहां पाया गया?
भारत के राज्यों में, एनीमिया के सबसे कम मामले केरल में मिले-
- छोटे बच्चे: 14.5%
- किशोरी लड़कियां: 21.4%
- वयस्क महिलाएं: 28.0%
- वयस्क पुरुष: 7.1%
एनीमिया के सबसे अधिक मामले इन 4 जगहों पर देखने को मिले-
- अंडमान एवं निकोबार- 80.0% महिलाएं
- असम- 72.8% महिलाएं
- पश्चिम बंगाल- 70.7% महिलाएं
- पंजाब- 70.1% महिलाएं
शहरों में आयरन की कमी अधिक
- शहरी आबादी में आयरन की कमी ग्रामीण आबादी से अधिक पाई गई।
- शहरी किशोरी लड़कियों में एनीमिया के मामले 42.2% रहे वहीं ग्रामीण में 34.6%
- शहरी महिलाओं में एनीमिया के मामले 38.2% रहे वहीं ग्रामीण में 30.4%
विटामिन B12 की कमी शहरी पुरुषों में अधिक
शहरी वयस्क पुरुषों में विटामिन B12 की कमी 69.0% दिखी वहीं ग्रामीण पुरुषों में 57.1%
ग्रामीण क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं में एनीमिया का खतरा ज्यादा
ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की दर 45.9% रही वहीं शहरों में 36.5% रही।
निष्कर्ष:
SAMPADA सर्वेक्षण के निष्कर्ष बताते हैं कि एनीमिया के लिए सिर्फ आयरन की कमी जिम्मेदार नहीं है। देश में एनीमिया के 50% से अधिक मामलों के पीछे आयरन की कमी के अलावा विटामिन B12 और अन्य पोषक तत्वों की कमी, आनुवंशिक स्थितियां और दूसरे स्वास्थ्य संबंधी कारण भी हो सकते हैं। सर्वेक्षण में ज्यादातर लोगों में हल्के स्तर का एनीमिया पाया गया, जबकि गंभीर एनीमिया के मामले कम दर्ज किए गए। उम्र बढ़ने के साथ पुरुषों में एनीमिया के मामले भी बढ़ते देखे गए। राज्यों की बात करें, तो एनीमिया के सबसे कम मामले केरल में मिले, जबकि अंडमान एवं निकोबार, असम, पश्चिम बंगाल और पंजाब में इसकी दर अधिक रही। पोषक तत्वों की कमी में विटामिन B12 सबसे बड़ी चिंता बनकर सामने आया। वहीं, किशोरी लड़कियों में आयरन की कमी अधिक पाई गई, जबकि फोलेट की कमी के आंकड़े अन्य पोषक तत्वों की तुलना में कम रहे।
image credit: magnific
FAQ
SAMPADA सर्वेक्षण में भारत में किस पोषक तत्व की कमी सबसे अधिक पाई गई?
विटामिन B12 की कमी सबसे अधिक पाई गई, जो किशोर लड़कों (66.1%), किशोरी लड़कियों (65.4%) और गर्भवती महिलाओं (63.1%) में सबसे ज्यादा थी।सर्वेक्षण के अनुसार एनीमिया की गंभीरता दर कितनी रही?
सर्वेक्षण में ज्यादातर एनीमिया के मामलों को हल्का पाया गया, जबकि गंभीर एनीमिया की दर लगभग सभी आयु वर्गों में 2% या उससे कम पाई गई।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 27, 2026 19:26 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Prof Dr Smriti Agrawal