क्या सुबह का नाश्ता छोड़ने से दोपहर में ज्यादा खाने की आदत पड़ जाती है? डॉक्टर से जानें

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सुबह के समय जल्दबाजी में रहना कई लोगों के लिए आम बात है। कई लोग समय की कमी के कारण या वजन कम करने के लिए सुबह का नाश्ता करना छोड़ देते हैं। उन्हें लगता है कि सुबह कुछ न खाने से दिनभर की कैलोरी बच जाएगी। हालांकि, कई लोगों का मानना है कि जो लोग नाश्ता नहीं करते हैं, उन्हें दोपहर या शाम के समय बहुत ज्यादा खाने की इच्छा होने लगती है। आइए इस लेख में Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida से जानते हैं कि क्या सच में नाश्ता न करने से दोपहर में बिंज ईटिंग का खतरा बढ़ता है?
नाश्ता छोड़ने और दोपहर के बिंज ईटिंग का कनेक्शन
Dr. Akshay Chugh का कहना है कि जब आप सुबह का नाश्ता छोड़ते हैं तो आप अपने शरीर को लंबे समय के उपवास में डाल देते हैं। रात की नींद के बाद शरीर को सुबह एनर्जी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। जब सुबह ईंधन नहीं मिलता है तो दोपहर तक शरीर में ग्लूकोज का लेवल काफी गिर जाता है। इसके कारण दिमाग ज्यादा तेज भूख लगने के सिग्नल भेजने लगता है, जिससे दोपहर के समय कुछ भी सामने आने पर तेजी से और जरूरत से ज्यादा खाने की इच्छा पैदा होती है।
साल 2011 में The American Journal of Clinical Nutrition में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, जिस दिन बच्चे नाश्ता नहीं करते हैं, उस दिन उन्हें दोपहर के भोजन से पहले ज्यादा भूख महसूस हुई, खुद को कम भरा हुआ महसूस कर रहे थे और उन्हें लग रहा था कि वे ज्यादा खाना खा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: सुबह नाश्ता छोड़कर सीधे दोपहर का खाना खाना, जानें आदत सही या नहीं?
नाश्ता न करने पर दोपहर में ज्यादा भूख क्यों लगती है?
Dr. Akshay Chugh का कहना है कि हमारे शरीर में कुछ ऐसे हार्मोन होते हैं, जो हमारी भूख और खाने के पैटर्न को कंट्रोल करते हैं। इन हार्मोन्स में असंतुलन ज्यादा भूख का कारण बन सकते हैं-
- घ्रेलिन हार्मोन का बढ़ना- इसे हंगर हार्मोन के नाम से भी जाना जाता है। जब आप सुबह लंबे समय तक भूखे रहते हैं तो शरीर में घ्रेलिन का लेवल बहुत तेजी से बढ़ जाता है। यह हार्मोन आपके दिमाग को संकेत देता है कि आपको तुरंत भारी और हाई कैलोरी भोजन की जरूरत होती है।
- लेप्टिन असंतुलन- लेप्टिन हमारे शरीर में वह हार्मोन है, जो दिमाग को बताता है कि आपका पेट भर गया है। नाश्ता छोड़ने के बाद जब आप दोपहर में खाना शुरू करते हैं तो ज्यादा भूख लगने के कारण आप इतनी तेजी से खाते हैं कि दिमाग तक पेट भरने का संकेत पहुंचने से पहले ही आप जरूरत से ज्यादा खा चुके होते हैं।
- ब्लड शुगर का उतार-चढ़ाव- बिना नाश्ते के दिन की शुरुआत करने से ब्लड शुगर लेवल बहुत नीचे चला जाता है। जब आप दोपहर में खाना खाते हैं तो शरीर अचानक कार्ब्स और शुगर की मांग करता है। इसके सेवन से ब्लड शुगर लेवल अचानक बहुत ऊपर हो जाता है और फिर उतनी ही तेजी से नीचे गिरता है, जिससे दिनभर मीठे या जंक फूड की क्रेविंग्स बनी रहती है।
बिंज ईटिंग के नुकसान क्या हैं?
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, दोपहर या शाम को बहुत ज्यादा खाने से सिर्फ वजन ही नहीं बढ़ता है, बल्कि शरीर को अन्य कई तरह से नुकसान पहुंच सकता है-
- एक बार में बहुत ज्यादा कैलोरी लेने से फैट तेजी से जमा होता है, जिसके कारण वजन बढ़ना और मोटापे की समस्या बढ़ जाती है।
- अचानक बहुत सारा खाना पेट में जाने से एसिडिटी, ब्लोटिंग, अपच और पेट में भारीपन की समस्या हो सकती है।
- बार-बार ब्लड शुगर लेवल में उतार-चढ़ाव से टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है।
- बहुत ज्यादा भोजन खाने से शरीर में एनर्जी कम होने लगती है और ज्यादा सुस्ती महसूस होती है।
इसे भी पढ़ें: क्या सुबह का नाश्ता छोड़ने से बढ़ता है पित्त की पथरी का खतरा? डॉक्टर से जानें सच
बिंज ईटिंग से कैसे बचें?
Dr. Akshay Chugh के मुताबिक, अगर आप भी दोपहर के समय बहुत ज्यादा भूख या बिंज ईटिंग की समस्या से परेशान रहते हैं, तो अपनी सुबह की रूटीन में इन बदलावों को करें-
सुबह के नाश्ते में प्रोटीन जैसे पनीर, स्प्राउट्स, दही और अंडा, फाइबर से भरपूर फूड्स जैसे- ओट्स, पोहा होल व्हीट ब्रेड या फल को अपनी डाइट में शामिल करें। प्रोटीन और फाइबर को पचने में समय लगता है और पेट को लंबे समय तक भरा रख सकता है।
दोपहर के भोजन के समय टीवी या मोबाइल देखते हुए खाना खाने से बचें। धीरे-धीरे और अच्छी तरह चबाकर खाएं, ताकि आपके दिमाग को समय पर तृप्ति का एहसास हो सके।
कई बार हमें प्यास लगती है, लेकिन हम उसे भूख समझ लेते हैं। सुबह उठकर गुनगुना पानी पिएं और दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
निष्कर्ष
सुबह के समय नाश्ता छोड़ने से अक्सर आप दोपहर के समय बहुत ज्यादा मात्रा में खाना खा लेते हैं। ऐसे में सुबह का नाश्ता छोड़ना वजन कम करने का सही तरीका नहीं है, बल्कि दोपहर में अनियंत्रित रूप से खाने और मोटापे को बढ़ावा दे सकता है। आप हमेशा अपने दिन की शुरुआत एक पौष्टिक नाश्ते के साथ करें, ताकि आपका शरीर और मेटाबॉलिज्म पूरे दिन संतुलित रहे।
Image Credit: Freepik
FAQ
सुबह ब्रेकफास्ट नहीं करने से क्या होता है?
सुबह ब्रेकफास्ट छोड़ने से थकान, चिड़चिड़ापन, सिरदर्द और फोकस करने में समस्या हो सकती है। लंबे समय तक भूखे रहने से एसिडिटी या बाद में जरूरत से ज्याा खाने की आदत भी बन सकती है।फिट रहने के लिए क्या नहीं खाना चाहिए?
फिट रहने के लिए बहुत ज्यादा डीप-फ्राइड खाना, मीठी चीजें, कोल्ड ड्रिंक्स और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड स्नैक्स खाने से बचना चाहिए। ये कैलोरी बढ़ाते हैं और एनर्जी के लेवल को अचानक गिरा सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 27, 2026 16:58 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh