Fri Nov 27, 2026 | 06:17 PM IST

Medically Reviewed by Dr Rajeev Chowdry , General Physician & Internal Medicine Specialist, Yatharth Super Speciality Hospital, Faridabad | 23 Years of Clinical Experience

क्या ज्‍यादा स्‍ट्रेस से भी हो सकती है डायब‍िटीज? डॉक्‍टर से जानें

जब हम तनाव में होते हैं, तो शरीर में कुछ ऐसे हार्मोन रिलीज होते हैं, जो ब्लड शुगर लेवल को बढ़ा सकते हैं। आइए जानते हैं स्‍ट्रेस और डायब‍िटीज के बीच का संबंध। 
क्या ज्‍यादा स्‍ट्रेस से भी हो सकती है डायब‍िटीज? डॉक्‍टर से जानेंCan stress cause diabetes?

Can Too Much Stress Cause Diabetes?: हां, स्‍ट्रेस से डायब‍िटीज का खतरा बढ़ सकता है। लगातार और लंबे समय तक स्‍ट्रेस में रहने से टाइप 2 डायबिटीज के खतरा बढ़ सकता है। हालांकि, केवल स्‍ट्रेस को डायबिटीज का सीधा कारण नहीं माना जाता। डायबिटीज होने के पीछे आनुवंशिक कारण, बढ़ता वजन, शारीरिक गतिविधियों की कमी, खानपान और उम्र जैसे कई कारक जिम्मेदार होते हैं। जब व्यक्ति लंबे समय तक तनाव में रहता है, तो उसके शरीर में स्‍ट्रेस हार्मोन कोर्टिसोल और एड्रेनालिन जैसे हार्मोन का स्तर प्रभावित हो सकता है। ये हार्मोन लिवर को अधिक ग्लूकोज रिलीज करने का संकेत देते हैं, ताकि शरीर को तुरंत एनर्जी मिल सके। सामान्य परिस्थितियों में तनाव खत्म होने के बाद ब्लड शुगर का स्तर भी सामान्य होने लगता है, लेकिन जब तनाव लगातार बना रहता है, तो ब्लड शुगर को कंट्रोल करने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। स्‍ट्रेस और डायब‍िटीज का कनेक्‍शन समझने के ल‍िए हमने Dr. Rajeev Chowdry, Internal Medicine Specialist At Yatharth Super Speciality Hospital, Faridabad से बात की।

Diabetes UK के मुताब‍िक, तनाव में जरूरत से ज्यादा खाना खाना भी टाइप-2 डायबिटीज होने की एक वजह हो सकता है। कुछ लोग तनाव में सामान्य से ज्यादा खाने लगते हैं। इससे उनका वजन काफी बढ़ सकता है। लंबे समय तक वजन बढ़ा रहना टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ा सकता है।

तनाव से ब्लड शुगर क्यों बढ़ता है?

जब कोई व्यक्ति तनाव में होता है, तो उसका शरीर कुछ खास हार्मोन रिलीज करता है। ऐसा डायबिटीज से पीड़ित और बिना डायबिटीज वाले दोनों तरह के लोगों में होता है। इन हार्मोन को फाइट या फ्लाइट (Fight or Flight) हार्मोन कहा जाता है। Johns Hopkins Medicine के मुताब‍िक, ये हार्मोन शरीर को तनाव या खतरे का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। इनकी वजह से ब्लड शुगर का स्तर बढ़ जाता है। इससे शरीर को तनाव से लड़ने या उससे बचने के लिए अतिरिक्त ऊर्जा मिलती है।

क्या तनाव से इंसुलिन रेजिस्टेंस की समस्या हो सकती है?

can-stress-cause-diabetes

हां, लंबे समय तक तनाव में रहने का संबंध इंसुलिन रेजिस्टेंस से हो सकता है। इंसुलिन एक हार्मोन है, जो ब्‍लड में मौजूद ग्लूकोज को शरीर की कोशिकाओं तक पहुंचाने में मदद करता है। इससे कोशिकाओं को एनर्जी मिलती है और ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल होता है, लेकिन जब शरीर की कोशिकाएं इंसुलिन के प्रति ठीक से प्रतिक्रिया नहीं करती हैं, तो इस स्थिति को इंसुलिन रेजिस्टेंस कहते हैं।

लगातार तनाव के कारण कोर्टिसोल का असर बढ़ सकता है। इससे इंसुलिन के काम करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है और कोशिकाओं के लिए ग्लूकोज का इस्तेमाल करना मुश्किल हो सकता है। ऐसी स्थिति में शरीर को ब्लड शुगर कंट्रोल करने के लिए ज्‍यादा इंसुलिन बनाने की जरूरत पड़ सकती है। लंबे समय तक इंसुलिन रेजिस्टेंस बने रहने पर टाइप 2 डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है।

साल 2022 में Cureus में प्रकाश‍ित एक समीक्षा में बताया गया है कि लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक तनाव रहने से शरीर में मेटाबॉलिज्म से जुड़ी गड़बड़ियां हो सकती हैं। इसका असर ब्लड शुगर के स्तर पर भी पड़ता है। तनाव के दौरान शरीर में कोर्टिसोल और कैटेकोलामाइन जैसे हार्मोन रिलीज होते हैं। इनकी वजह से ब्लड शुगर बढ़ सकती है और शरीर में इंसुलिन का असर कम हो सकता है।

यह भी पढ़ें- इंसुलिन रेजिस्टेंस की परेशानी है, तो बदलें सुबह की ये 5 आदतें

डायबिटीज की वजह से होने वाला तनाव

डायबिटीज खुद भी तनाव की एक बड़ी वजह हो सकती है। डायबिटीज से पीड़ित कुछ लोगों को हाइपो (Hypo) होने का डर भी रहता है। हाइपो का मतलब है ब्लड शुगर का बहुत कम हो जाना। यह सोचकर तनाव हो सकता है कि ब्लड शुगर कब कम हो जाएगी और ऐसी स्थिति होने पर उसे कैसे संभालेंगे? इस डर को हाइपो एंग्जाइटी (Hypo Anxiety) कहा जाता है।

यह भी पढ़ें- क‍िन लोगों को टाइप 2 डायब‍िटीज का खतरा सबसे ज्‍यादा होता है?

डॉक्टर की सलाह: तनाव कम करके शुगर लेवल को कैसे कंट्रोल करें?

रोजाना एक्सरसाइज करें

रोजाना 30 मिनट पैदल चलना, योग करना या हल्की एक्सरसाइज करके स्‍ट्रेस कम करने में मदद म‍िल सकती है।

पर्याप्त नींद लें

रोजाना 7 से 9 घंटे की नींद लेने की कोशिश करें। सोने और जागने का समय नियमित रखें।

मेडिटेशन करें

रोजाना 10 से 15 मिनट ध्यान लगाने और गहरी सांस लेने की आदत डालें। इससे मानसिक तनाव कम करने में मदद मिल सकती है।

संतुलित डाइट लें

खाने में साबुत अनाज, हरी सब्जियां, फल, दालें और प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करें। ज्यादा मीठे और प्रोसेस्ड फूड का सेवन सीमित रखें।

ब्लड शुगर की जांच कराएं

अगर आपको डायबिटीज का खतरा है या परिवार में इसका इतिहास रहा है, तो डॉक्टर की सलाह से नियमित रूप से ब्लड शुगर और HbA1c की जांच करवाएं।

न‍िष्‍कर्ष:

लंबे समय तक तनाव में रहने से टाइप 2 डायबिटीज होने का खतरा बढ़ सकता है, हालांकि तनाव अकेले इस बीमारी का सीधा कारण नहीं है। तनाव के दौरान शरीर में कोर्टिसोल और एड्रेनालिन जैसे हार्मोन रिलीज होते हैं, जो लिवर को ज्‍यादा ग्लूकोज र‍िलीज करने का संकेत देते हैं। इससे ब्लड शुगर बढ़ सकती है। लगातार तनाव रहने से इंसुलिन के काम करने की क्षमता भी प्रभावित हो सकती है और इंसुलिन रेजिस्टेंस की समस्या हो सकती है। इसके अलावा, डायबिटीज होने के बाद भी बीमारी को संभालने, ब्लड शुगर की जांच करने और हाइपो (शुगर कम होने) के डर से मानसिक तनाव बढ़ सकता है। ऐसे में तनाव कम करने के लिए रोजाना एक्सरसाइज, पर्याप्त नींद, मेडिटेशन और संतुलित डाइट जरूरी है। साथ ही, डायबिटीज का खतरा होने पर डॉक्टर की सलाह से नियमित ब्लड शुगर और HbA1c की जांच करवानी चाहिए।

image credit: magnific

FAQ

  • क्या पर्याप्त नींद लेने से ब्लड शुगर कंट्रोल में मदद मि‍लती है?

    हां, रोजाना 7 से 9 घंटे की अच्छी नींद लेने से शरीर में इंसुलिन के बेहतर तरीके से काम करने में मदद मिल सकती है। नींद की कमी इंसुलिन रेजिस्टेंस को बढ़ा सकती है।
  • क्या डायबिटीज में रोजाना ब्लड शुगर की जांच जरूरी है?

    हर मरीज के लिए रोजाना जांच जरूरी नहीं होती। इंसुलिन लेने वाले या ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव वाले मरीजों को नियमित जांच की जरूरत हो सकती है। डॉक्‍टर की सलाह से ब्‍लड शुगर टेस्‍ट का न‍ियम बनाएं।

Read Next

सर्दी में पसीना क्यों आता है? कारण जानकर आप भी करें अपने लाइफस्टाइल में बदलाव

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 27, 2026 16:47 IST

    Published By : Yashaswi Mathur
    Reviewed By : Dr Rajeev Chowdry