आजकल वजन कम करने, मसल्स बनाने और फिटनेस बेहतर करने के लिए कई लोग हाई प्रोटीन डाइट लेना पसंद करते हैं। जिम जाने वाले लोग अंडे, पनीर, दाल, चिकन, मछली और प्रोटीन पाउडर जैसे विकल्पों को अपनी डाइट में शामिल करते हैं लेकिन इसके साथ एक सवाल अक्सर लोगों को परेशान करता है कि क्या ज्यादा प्रोटीन खाने से किडनी खराब हो सकती है? मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल के नेफ्रोलॉजी विभाग के कंसल्टेंट और हेड Dr. Sharad Sheth के अनुसार, प्रोटीन मसल्स की मरम्मत, शरीर के टिश्यू को बनाने और कई जरूरी बायोलॉजिकल प्रोसेस में भूमिका निभाता है। इसलिए प्रोटीन बहुत जरूरी है लेकिन जरूरत से ज्यादा प्रोटीन लेने की आदत भी हर व्यक्ति के लिए सही नहीं मानी जा सकती। अगर व्यक्ति को पहले से किडनी से जुड़ी समस्या है तो प्रोटीन की मात्रा का खास ध्यान रखना चाहिए।
क्या ज्यादा प्रोटीन खाने से किडनी खराब होती है?
डॉ. शरद सेठ बताते हैं कि हेल्दी किडनी वाले व्यक्ति सामान्य मात्रा में प्रोटीन का सेवन कर सकते हैं, जो कि सेहत के लिए फायदेमंद होता है। दरअसल, किडनी शरीर से अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालने का काम करती है और प्रोटीन के पाचन के बाद बनने वाले अपशिष्ट पदार्थों को भी फिल्टर करती है लेकिन जरूरत से बहुत ज्यादा प्रोटीन लंबे समय तक लेने से किडनी पर काम बढ़ सकता है। इसका मतलब यह नहीं है कि हर हेल्दी व्यक्ति में हाई प्रोटीन फूड से किडनी खराब हो जाएगी। प्रोटीन की मात्रा व्यक्ति की उम्र, वजन, फिजिकल एक्टिविटी और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार तय होनी चाहिए।
- जिन लोगों की किडनी पहले से कमजोर है, उनके लिए प्रोटीन की मात्रा को लेकर खास सावधानी जरूरी है।
- क्रॉनिक किडनी डिजीज में किडनी की अपशिष्ट पदार्थों को फिल्टर करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है।
- ऐसे में जरूरत से ज्यादा प्रोटीन लेने पर शरीर में प्रोटीन के अपशिष्ट पदार्थों का भार बढ़ सकता है।
- इसलिए किडनी की बीमारी वाले व्यक्ति को खुद से हाई प्रोटीन डाइट शुरू नहीं करनी चाहिए। डॉक्टर या डाइटीशियन बीमारी की अवस्था और टेस्ट रिपोर्ट के आधार पर प्रोटीन की सही मात्रा तय कर सकते हैं।
जिम करने वाले को 1 दिन में कितना प्रोटीन चाहिए?
डॉ. शरद सेठ बताते हैं कि नियमित एक्सरसाइज या वेट ट्रेनिंग करने वाले लोगों की प्रोटीन जरूरत सामान्य व्यक्ति से ज्यादा हो सकती है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि जितना ज्यादा प्रोटीन लिया जाए, उतना ही ज्यादा फायदा होगा। प्रोटीन की जरूरत शरीर के वजन, एक्सरसाइज की इंटेंसिटी, उम्र और टारगेट पर निर्भर करती है। इसलिए केवल इंटरनेट या जिम में किसी दूसरे व्यक्ति की डाइट देखकर अपनी प्रोटीन मात्रा तय करना सही तरीका नहीं है।
इसे भी पढ़ें: प्लांट प्रोटीन Vs एनिमल प्रोटीन: किडनी मरीजों के लिए क्या बेहतर
साल 2020 में Journal of the American Society of Nephrology में प्रकाशित रिव्यू के अनुसार-
- ज्यादा प्रोटीन खाने से किडनी पर बुरा असर पड़ सकता है, खासकर क्रोनिक किडनी डिजीज (CKD) के मरीजों पर।
- ज्यादा प्रोटीन लेने से किडनी में खून का दबाव बढ़ जाता है, जिससे यूरिन में प्रोटीन आने लगता है और धीरे-धीरे किडनी का फंक्शन कमजोर होने लगता है।
- अमेरिका में कई लोग अनजाने में किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं, इसलिए यह समझना बहुत जरूरी हो गया है कि प्रोटीन की सही मात्रा और उसकी क्वालिटी हमारी सेहत पर कैसा असर डालती है।
- इस बारे में अभी और रिसर्च की जरूरत है ताकि यह साफ हो सके कि कम या ज्यादा प्रोटीन खाने से किडनी पर लंबे समय तक क्या प्रभाव पड़ता है।
प्रोटीन पाउडर लेना सुरक्षित है?
डॉ. शरद सेठ बताते हैं कि प्रोटीन पाउडर अपने आप में सभी लोगों के लिए हानिकारक नहीं है। यह रोजाना के खाने से प्रोटीन की जरूरत पूरी न होने पर एक अच्छा विकल्प हो सकता है लेकिन जरूरत से ज्यादा मात्रा में सप्लीमेंट लेना सही नहीं है। किडनी की बीमारी या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं वाले लोगों को सप्लीमेंट लेने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह लेनी चाहिए।

इसे भी पढ़ें: किडनी फेल होने से हड्डियां क्यों कमजोर होने लगती हैं? डॉक्टर से जानें कनेक्शन
किन लोगों को हाई प्रोटीन डाइट से सावधान रहना चाहिए?
डॉ. शरद सेठ बताते हैं कि जिन लोगों को पहले से किडनी की बीमारी, किडनी के फंक्शन में गड़बड़ी या पेशाब से जुड़ी समस्या है, उन्हें हाई प्रोटीन डाइट को लेकर खास सावधानी बरतनी चाहिए। इसी तरह जिन लोगों को डॉक्टर ने प्रोटीन सीमित करने की सलाह दी है, उन्हें अपनी मर्जी से प्रोटीन की मात्रा नहीं बढ़ानी चाहिए। अगर कोई व्यक्ति लंबे समय से हाई प्रोटीन डाइट ले रहा है और उसे सूजन, पेशाब में बदलाव या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दे रहे हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।
निष्कर्ष
ज्यादा प्रोटीन खाना हर हेल्दी व्यक्ति की किडनी को खराब कर देता है, ऐसा कहना सही नहीं है। हेल्दी व्यक्ति के लिए जरूरत के अनुसार प्रोटीन बैलेंस डाइट से मिल सकता है लेकिन किडनी की बीमारी या उसके फंक्शन में गड़बड़ी होने वाले लोगों को हाई प्रोटीन डाइट से सावधान रहना चाहिए। प्रोटीन पाउडर या हाई प्रोटीन डाइट शुरू करने से पहले अपनी जरूरत और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार डाइटीशियन या डॉक्टर से सलाह लेना सबसे सुरक्षित तरीका है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या प्रोटीन पाउडर से किडनी में पथरी हो सकती है?
प्रोटीन पाउडर और किडनी की पथरी के बीच संबंध व्यक्ति की पूरी डाइट, पानी की मात्रा और अन्य जोखिम कारकों पर निर्भर कर सकता है। इसे सभी लोगों के लिए सीधा कारण नहीं माना जा सकता।क्या ज्यादा प्रोटीन खाने से पेशाब में प्रोटीन आ सकता है?
पेशाब में प्रोटीन कई कारणों से आ सकता है। इसे केवल ज्यादा प्रोटीन खाने का नतीजा मानना सही नहीं है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 24, 2026 12:21 IST
Modified By : Akanksha Tiwari Aug 24, 2026 12:21 IST
Modified By : Akanksha TiwariAug 24, 2026 12:21 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Sharad Sheth