सावन के महीने में कई लोग खान-पान का विशेष ध्यान रखते हैं और नॉन-वेज पूरी तरह से छोड़ देते हैं। ऐसे में जो लोग अंडे खाते हैं, उनकी डाइट में प्रोटीन इनटेक कम हो जाता है, जो कि स्वास्थ्य के लिए सही नहीं है। प्रोटीन हमारी सेहत के लिए बहुत जरूरी पोषक तत्व है। सवाल है, ऐसे में अंडे के विकल्प के रूप में क्या खाया जा सकता है? दही, सोया चंक्स, पनीर इसके कुछ अच्छे विकल्प हो सकते हैं। आइए, इस बारे में विस्तार से जानते हैं Divya Gandhi's Diet & Nutrition Clinic की डायटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट दिव्या गांधी से।
सावन में खाएं ये 5 हाई प्रोटीन फूड्स
-1785909277565.webp)
सावन में अंडे नहीं खा रहे हैं, तो परेशान न हों। यहां बताए गए कुछ विकल्पों को इस महीने में अपनी डाइट में शामिल करके रोजमर्रा के प्रोटीन इनटेक को संतुलित कर सकते हैं-
1. पनीर है अच्छा विकल्प
विशेषज्ञों की मानें, तो 100 ग्राम पनीर में 18 से 20 ग्राम तक प्रोटीन होता है। साल 2011 में Journal of Food Science and Technology में प्रकाशित एक रिपोर्ट से भी इस बात का पता चलता है कि पनीर प्रोटीन का बहुत अच्छा स्रोत है। पनीर एक शुद्ध शाकाहारी डेयरी प्रोडक्ट है और तमाम लोग सावन के महीने में इसका सेवन करते हैं। यह सिर्फ प्रोटीन का ही नहीं, बल्कि फैट, मिनरल्स और विटामिन का भी अच्छा स्रोत माना जाता है।
इसे भी पढ़ें: उम्र के साथ कैसे बदलती जाती है शरीर के प्रोटीन उपयोग करने की क्षमता? समझें इसके पीछे का विज्ञान
2. दही का सेवन करें
सावन के महीने में दही खाना भी काफी फायदेमंद होता है। खासकर, ग्रीक योगर्ट खाया जाना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार यह प्रोटीन का बेहतर स्रोत है। प्रति 250 ग्राम दही में लगभग 8 से 9 ग्राम प्रोटीन मिलता है।
2023 में Nutrients जर्नल में प्रकाशित एक रिव्यू के अनुसार, दही दूध की तुलना में भी बेहतर प्रोटीन का स्रोत है। यह तेजी से और आसानी से पच जाता है, इसलिए यह मांसपेशियों तक अमीनो एसिड की आपूर्ति में सुधार भी करता है।
3. सोयाचंक्स को करें डाइट में शामिल
-1785909323104.webp)
इसमें कोई दो राय नहीं है कि सोयाचंक्स प्रोटीन का बहुत अच्छा स्रोत है। साल 2016 में Nutrients में प्रकाशित एक रिव्यू से भी इस बात की पुष्टि होती है कि सोया फूड्स लंबे समय से अच्छी क्वालिटी के प्रोटीन और सेहतमंद फैट का बेहतरीन जरिया माना जाता रहा है। यही नहीं, कई रिसर्च यह भी बताती हैं कि सोया फूड्स दिल की बीमारियों (कोरोनरी हार्ट डिजीज) के साथ-साथ ब्रेस्ट और प्रोस्टेट कैंसर के खतरे को कम करने में मदद करते हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि 100 ग्राम सोया चंक में आपको लगभग 50 ग्राम प्रोटीन मिलता है। इसलिए, इसे प्रोटीन का संपूर्ण स्रोत भी कहा जाता है।
इसे भी पढ़ें: महिलाओं को उम्र के साथ कैलोरी नहीं, प्रोटीन पर ज्यादा ध्यान क्यों देना चाहिए? जानें एक्सपर्ट से
4. खाएं मूंग दाल
सावन में मूंग दाल भी खूब चाव से खाई जाती है। इसके बने पकोड़ों का लुत्फ घर के बच्चे-बच्चे उठाते हैं। अच्छी बात यह है कि आप सावन के महीने में प्रोटीन के विकल्प के तौर पर मूंग दाल को शामिल कर सकते हैं। यह न सिर्फ आसानी से पचाया जाने वाला खाद्य पदार्थ है, बल्कि प्रति 100 ग्राम ड्राई मूंग दाल से आपको लगभग 24 ग्राम प्रोटीन मिलता है। बच्चों को आप मूंग दाल से बना चीला आदि सर्व कर सकते हैं, जो उनकी प्रोटीन की जरूरत को काफी हद तक पूरा करता है। यह फाइबर, लो फैट का भी अच्छा स्रोत है।
5. चना और राजमा
चना और राजमा दोनों ही प्रोटीन का अच्छा स्रोत माने जाते हैं। जहां एक ओर 100 ग्राम चने में लगभग 15 ग्राम प्रोटीन होता है, वहीं राजमा में भी आपको 13 से 15 ग्राम प्रोटीन मिल जाता है। हालांकि, प्रोटीन के लिए सिर्फ इन स्रोतों पर निर्भर रहना सही नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसमें मेथियोनीन नाम का एमिनो एसिड नहीं होता है। बहरहाल, आप राजमा या चने को चावल या रोटी के साथ खा सकते हैं। इसके अलावा, यह कॉम्प्लेक्स कार्ब्स का अच्छा स्रोत है। इसलिए इसे पोस्ट वर्कआउट रिकवरी के तौर पर डाइट में शामिल किया जाता है।
निष्कर्ष
प्रोटीन हमारे शरीर के लिए बहुत ही जरूरी और उपयोगी पोषक तत्व है। यह मसल्स बिल्डिंग और मसल्स ग्रोथ में मदद करता है और टिश्यूज रिपेयर करने में भी इसकी अहम भूमिका है। यही नहीं, प्रोटीन इम्यून सिस्टम को भी सपोर्ट देता है। इसलिए, इसे अपनी डाइट में हर रूप में शामिल किया जाना चाहिए। अगर सावन के महीने में आपने अंडा पूरी तरह छोड़ दिया है, तो ऊपर बताई गई चीजों को अपनी जरूरत के अनुसार डाइट में शामिल करें और शरीर में प्रोटीन की कमी न होने दें। हां, अगर किसी भी चीज से एलर्जी है, तो बेहतर है कि आप उसका सेवन न करें।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या सावन के मौसम में दही का सेवन रोजाना किया जा सकता है?
आयुर्वेद की मानें, तो सावन में पाचन अग्नि मंद होने से दही वात व कफ बढ़ सकती है, इसलिए इसका सेवन सिमित मात्रा में ही किया जाना चाहिए।सावन में पोस्ट-वर्कआउट रिकवरी के लिए सबसे असरदार शाकाहारी फूड कॉम्बिनेशन क्या है?
इसके लिए आप चावल के राजमा या रोटी खा सकते हैं। इसमें मूंग दाल शामिल करना और फायदेमंद होता है। इससे आपको 9 किस्म के एमिनो एसिड मिलते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 05, 2026 11:45 IST
Modified By : Meera Tagore Aug 05, 2026 11:45 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dt Divya Gandhi