क्या रोजाना 7-8 बादाम खाने से हड्डियों को मजबूती मिल सकती है? जानें क्या कहते हैं एक्सपर्ट

सर्दियों में बादाम खाने के कई फायदे होते हैं। इसमें मौजूद पोषक तत्व हमारी सेहत में सुधार करते हैं और इम्यूनिटी को भी बूस्ट करते हैं, जो कि हमें मौसमी बीमारियों से बचाते हैं। कई लोग हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए रोजाना 7-8 बादाम का सेवन करते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या वाकई ऐसा किया जाना फायदेमंद होता है?
इस बारे में Ms. Veena V, Chief Clinical Dietician & HOD - Department of Clinical Nutrition and Dietetics, Aster Whitefield Hospital कहती हैं, "निश्चित तौर पर सर्दियों में बादाम खाना काफी फायदेमंद होता है। बोन डेंसिटी कम होने पर भी आप मुट्ठी भर बादाम का सेवन कर सकते हैं। हालांकि, सिर्फ 7-8 बादाम खाने से हड्डियों को मजबूती मिल सकती है, यह नहीं कहा जा सकता है। रोजाना 20 से 30 ग्राम यानी 15 से 20 बादाम को अपनी बैलेंस्ड डाइट का हिस्सा बना सकते हैं। इससे बोन डेंसिटी में सुधार होता है। इसलिए, कहा जा सकता है कि ऑस्टियोपीनिया के मरीजों के लिए मुट्ठी भर बादाम लाभकारी हो सकते हैं।"
क्या ऑस्टियोपीनिया में रोजाना 7-8 बादाम खाना फायदेमंद है?

साल 2011 में Metabolism जर्नल में प्रकाशित वैज्ञानिक अध्ययन के अनुसार, बादाम का सेवन करने से हड्डियों से कैल्शियम के नुकसान में कमी आती है, जिससे हड्डियों की डेंसिटी को बनाए रखने में सीधा लाभ पहुंचता है। अगर इस रिपोर्ट पर यकीन किया जाए, तो ऑस्टियोपीनिया के मरीजों के लिए रोजाना मुट्ठी भर बादाम खाना लाभकारी है। हालांकि, सिर्फ बादाम हड्डियों की डेंसिटी में सुधार नहीं करता है। इसके लिए, संतुलित डाइट लेनी चाहिए। साथ, शरीर में विटामिन डी की कमी भी न हो।
इसे भी पढ़ें: कमजोर हड्डियों में जान फूंकने के लिए रागी खाएं या तिल? जानें दोनों में क्या है ज्यादा बेहतर
हड्डियों के लिए बादाम खाने के फायदे
खनिज का बेहतरीन स्रोतः बादाम में कई तरह के लाभकारी खनिज यानी मिनरल्स पाए जाते हैं। इसमें कैल्शियम, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस शामिल हैं। इनसे हड्डियों को मजबूत और स्वस्थ बनाए रखने में मदद मिलती है।
एंटीऑक्सीडेंट्स का स्रोतः बादाम में मौजूद विटामिन E और पॉलीफेनोल्स हड्डियों के ऊतकों (bone tissue) के आसपास होने वाले ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करने में मदद करते हैं।
बादाम का सेवन कैसे करें?
पोशर्न साइज का ध्यान रखेंः हड्डियों की डेंसिटी के लिए कम से कम 15-20 बादाम यानी 20-30 ग्राम बादाम का सेवन करें। हालांकि, अगर आपका वजन अधिक है, तो बेहतर होगा कि इसका सेवन अधिक मात्रा में न करें। इसमें कैलोरी काफी मात्रा में होती है, इसलिए बेहतर है कि बहुत ज्यादा इसका सेवन करने से बचें।
सादे बादाम खाएंः कई लोग बादाम से बने ड्रिंक्स पीना पसंद करते हैं। इसमें चीनी का उपयोग भी करते हैं। आप बादाम का सेवन बिना चीनी के ही करें। अगर आपको हाई बीपी की समस्या नहीं है, तो आपके लिए सादे, कच्चे या सूखे भुने बादाम अच्छे विकल्प हो सकते हैं। सेवन करने के लिए रात को ही बादाम भिगोकर रख दें। सुबह इनका छिलका छीलकर खाएं। ऐसे बादाम पचाने में आसान होते हैं।
कब बादाम का सेवन न करें?
इसमें कोई दो राय नहीं है कि बैलेंस्ड डाइट में बादाम को शामिल करने से बोन डेंसिटी में सुधार होता है, लेकिन कुछ लोगों को इसका सेवन करने से बचना चाहिए, जैसे-
- अगर किसी को नट्स से एलर्जी है, तो उन्हें इसका सेवन नहीं करना चाहिए। इससे उनके शरीर की सूजन बढ़ सकती है और स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं।
- जब किसी को किडनी स्टोन का इतिहास रहा हो, तो भी इसका सेवन करना सेहत के लिए सही नहीं है। ध्यान रखें कि बादाम में आॅक्सालेट काफी ज्यादा मात्रा में होता है। ऑस्टियोपीनिया के साथ-साथ किडनी डिजीज हो, तो बादाम का सेवन न करें।
इसे भी पढ़ें: 30 के बाद हड्डियों का घनत्व (Bone Density) कम होने के लक्षण, डॉक्टर से जानें
एक्सपर्ट की सलाह
वैसे तो ऑस्टियोपीनिया में इसका सेवन करना अच्छा होता है, लेकिन सिर्फ इसका सेवन करने से बोन डेंसिटी में सुधार नहीं होता है और न ही ऑस्टियोपोरोसिस की समस्या ठीक हो सकती है। आपको डाॅक्टर से अपना ट्रीटमेंट कराते हुए बादाम को अपनी बैलेंस्ड डाइट का हिस्सा बनाना चाहिए। बोन डेंसिटी में सुधार करने के लिए कैल्शियम, विटामिन डी पर्याप्त मात्रा में लें। इसके साथ-साथ वेट-बियरिंग एक्सरसाइज करें और समय-समय पर अपनी जांच भी करवाते रहें।
निष्कर्ष
कुल मिलाकर कहने की बात यह है कि अपने संतुलित डाइट में 7-8 की जगह 15-20 बादाम को शामिल करें। यह ऑस्टियोपीनिया के मरीजों के लिए लाभकारी हो सकता है। हालांकि, अन्य कोई स्वास्थ्य समस्या हो, तो इस अपने डाइट में बदलाव करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह ले लें। इसके अन्य विकल्पों में भी सही जानकारी ले लें, तकि हड्डियों की डेंसिटी में सुधार किया जा सके। इसके साथ-साथ धूप में जरूर समय बिताएं। इससे भी हड्डियों को काफी मजबूती मिलती है।
All Image Credit: Magnific
FAQ
बादाम को छिलके के साथ खाना हड्डियों के लिए ज्यादा फायदेमंद है या छिलका उतारकर?
बादाम के छिलके में पॉलीफेनोल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। अगर आपको पाचन संबंधी समस्या नहीं है, तो भिगोए हुए बादाम को छिलके सहित खाना अधिक लाभकारी होता है।क्या बच्चों की हड्डियों के विकास के लिए भी रोजाना 15-20 बादाम देना सही है?
नहीं, छोटे बच्चों के लिए रोजाना 4 से 6 भिगोए हुए बादाम पर्याप्त होते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 29, 2026 10:45 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Ms Veena V