Sat Nov 28, 2026 | 01:19 PM IST

Medically Reviewed by Ms Veena V , Clinical Dietician

कमजोर हड्डियों में जान फूंकने के लिए रागी खाएं या तिल? जानें दोनों में क्या है ज्यादा बेहतर

हड्डियों को मजबूती प्रदान करने के लिए आप रागी और तिल दोनों का सेवन करें। हालांकि, इनमें से किस विकल्प को चुनना है, यह आपकी प्राथमिकता तय करती है। बेहतर होगा कि इस संबंध में डाॅक्टर की सलाह अवश्य लें।
कमजोर हड्डियों में जान फूंकने के लिए रागी खाएं या तिल? जानें दोनों में क्या है ज्यादा बेहतरRagi Vs Sesame Seeds Which Is Better For Strengthening Weak Bones

कमजोर हड्डियों की समस्या हो या ऑस्टियोपीनिया जैसी लो बोन मान डेंसिटी जैसी समस्या। अपनी कमजोर हड्डियों को मजबूती देने के लिए लोग अक्सर रागी या तिल को अपनी डाइट का हिस्सा बनाते हैं। सवाल ये है कि कमजोर हड्डियों के लिए इनमें से बेहतर विकल्प क्या है? 

इस बारे में Ms. Veena V, Chief Clinical Dietician & HOD - Department of Clinical Nutrition and Dietetics, Aster Whitefield Hospital कहती हैं, "कमजोर हड्डियों के लिए डाइट में कैल्शियम और विटामिन डी युक्त चीजों को शामिल करना फायदेमंद होता है। इसलिए, यह कहना सही नहीं होगा कि तिल या रागी में से कोई एक चीज अधिक फायदेमंद है। इसके बजाय दोनों को अपनी बैलेंस्ड डाइट का हिस्सा बनाना ज्यादा फायदेमंद है। इसके साथ-साथ विटामिन डी युक्त चीजों को भी डाइट का हिस्सा बनाना आवश्यक है।"

क्या है बेहतर?

तुलना तिल रागी
कैल्शियम की मात्रा (प्रति 100 ग्राम) लगभग 975 mg लगभग 344–364 mg
पोषक तत्व मैग्नीशियम, जिंक और हेल्दी फैट्स डाइटरी फाइबर, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस
कितनी मात्रा में लें 1–2 चम्मच या सर्दियों में एक तिल-गुड़ का लड्डू मुख्य भोजन के रूप में जैसे रोटी या दलिया
दैनिक कैल्शियम में योगदान कम मात्रा में खाने के बावजूद कैल्शियम की अच्छी खुराक जोड़ता है अनाज होने के कारण बड़े हिस्से में खाया जा सकता है, जिससे रोजमर्रा की कैल्शियम की जरूरत को पूरा करने में मदद मिलती है

2017 में Frontiers in Plant Science जर्नल में प्रकाशित समीक्षा अध्ययन के अनुसार, ‘कैल्शियम की कमी और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं से लड़ने में रागी की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि दुनिया भर में लगभग 3.5 अरब लोग कैल्शियम की कमी के जोखिम में हैं, जिससे बच्चों में कुपोषण और बुजुर्गों में ऑस्टियोपोरोसिस का जोखिम बढ़ जाता है। हड्डियों की मजबूती के लिए चावल और गेहूं जैसे अनाजों की तुलना में रागी अधिक फायदेमंद है। इसमें प्राकृतिक रूप से कैल्शियम कई गुणा अधिक पाया जाता है।

साल 2023 में Food & Function जर्नल में प्रकाशित समीक्षा अध्ययन से यह पता चलता है कि मेनोपॉज के बाद महिलाओं में होने वाली हड्डियों की समस्याओं, विशेषकर ऑस्टियोपोरोसिस और गठिया पर तिल का सेवन करना फायदेमंद है। इसमें मौजूद बायोएक्टिव तत्व हड्डियों पर सकारात्मक प्रभाव डालते हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि तिल में कैल्शियम, विटामिन, प्रोटीन और स्वस्थ फैट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इसमें सेसमिन, सेसमोल और सेसमोलिन जैसे शक्तिशाली बायोएक्टिव लिग्नान होते हैं, जो हड्डियों को लाभ पहुंचाते हैं।

इसे भी पढ़ें: 30 के बाद हड्डियों का घनत्व (Bone Density) कम होने के लक्षण, डॉक्टर से जानें

किसे चुनें?

ragi vs sesame seeds which is better for weak bones and osteopenia

Ms. Veena V कहती हैं कि अगर आपकी हड्डियां बहुत कमजोर हैं या ऑस्टियोपीनिया जैसी कोई गंभीर समस्या है, तो ऐसे में यह जान लेना जरूरी है कि डाइट में तिल को शामिल करें या रागी को? इसे आप अपनी जरूरत के अनुसार चुन सकते हैं, जैसे-

  • रागीः कैल्शियम से भरपूर रागी को आप अपने मुख्य भोजन का हिस्सा बना सकते हैं। इसमें इतनी मात्रा में कैल्शियम होता है, जिससे आप इसकी रोजाना की जरूरत की आपूर्ति कर सकते हैं। पकाने से पहले रागी को अंकुरित करना अधिक फायदेमंद होता है। ऐसा इसलिए कहा जाता है, क्योंकि अंकुरित रागी में मौजूद एंटी-न्यूट्रिएंट्स टूट जाते हैं, जिससे शरीर में कैल्शियम के अवशोषण की क्षमता काफी बढ़ जाती है।
  • तिलः अगर आप कैलोरी और फैट के सेवन से बचना चाहते हैं, तो तिल को अपनी डाइट में बूस्टर के रूप में शामिल करें। विशेषज्ञ बताते हैं कि तिल में मौजूद लिग्नान (जैसे सेसमिन) हल्के एस्ट्रोजन हार्मोन की तरह काम करते हैं और हड्डी बनाने वाली कोशिकाओं को सक्रिय करते हैं। इसलिए, मेनोपाॅज हो चुकी महिलाओं को रोजाना एक चम्मच तिल का सेवन करना चाहिए। इससे उनकी हड्डियों को काफी लाभ मिलता है।

एक्सपर्ट की सलाह

इसका जिक्र हमने पहले भी किया है कि हड्डियों की मजबूती के लिए तिल या रागी में किसी एक विकल्प को चुनने की जरूरत नहीं है। दोनों को अपनी संतुलित डाइट का हिस्सा बनाएं। आप रागी की रोटी या दलिया के साथ थोड़ी मात्रा में भुने और कुटे हुए बिना छिलके वाले तिल का सेवन करें। इससे शरीर को अधिक मात्रा में अवशोषित होने वाला कैल्शियम और हड्डियों की रक्षा करने वाले लिग्नान, दोनों मिल जाते हैं।

इसे भी पढ़ें: ऑस्टियोपोरोसिस या आर्थराइटिस? डॉक्टर से जानें हड्डियों की कमजोरी और जोड़ों के दर्द में अंतर

निष्कर्ष

हड्डियों की मजबूती के लिए किसी एक चीज पर निर्भर रहना सही नहीं होता है। आपकी हड्डियां क्यों कमजोर हैं, इसका पता होना भी जरूरी है। कई बार मोटापा भी हड्डियों को कमजोर कर देता है। ऐसे में सिर्फ डाइट में बदलाव करना काफी नहीं है। इस स्थिति में वर्कआउट के साथ-साथ डाइट में कैल्शियम युक्त चीजों को शामिल करना चाहिए। इसमें रागी और तिल दोनों बेहतर विकल्प हो सकते हैं। हालांकि, डाइट में किसी भी तरह के बदलाव करने से पहले अपने एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।

All Image Credit: Magnific

FAQ

  • सफेद तिल और काले तिल में से हड्डियों के लिए कौन सा अधिक फायदेमंद होता है?

    बिना छिलके वाले काले तिल में सफेद तिल की तुलना में कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट्स की मात्रा थोड़ी अधिक होती है, इसलिए हड्डियों के लिए इन्हें अधिक फायदेमंद मन जाता है।
  • क्या थायराइड या किडनी स्टोन के मरीज रागी और तिल खा सकते हैं?

    थायराइड या किडनी स्टोन होने पर आपको रागी या तिल खाने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। वैसे भी रागी और तिल में ऑक्सालेट्स और गॉइट्रोजन तत्व होते हैं, जो कि इन मरीजों के लिए सही नहीं है।

Read Next

खाना खाने के तुरंत बाद फल खाने की आदत सही या गलत? जानें एक्सपर्ट से

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Meera Tagore

Health Journalist

मीरा टैगोर 2009 से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और पिछले 5 वर्षों से विशेष रूप से हेल्थ जर्नलिज्म पर काम कर रही हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealthमें सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं। वह महिला स्वास्थ्य और यौन स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषयों पर लिखती हैं और इनसे जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सटीक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। जिन विषयों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की थी और OnlyMyHealth से पहले Image Reflection Centre, Haribhoomi और MyUpchar के साथ काम कर चुकी हैं।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 28, 2026 12:44 IST

    Published By : Meera Tagore
    Reviewed By : Ms Veena V