Herbal Tea For Constipation: खराब जीवनशैली और खानपान की बुरी आदतों के चलते कब्ज की समस्या हो सकती है। कब्ज की परेशानी किसी भी उम्र में हो जाती है। वैसे भी इन दिनों अक्सर लोग देर रात तक जगकर काम करते हैं और मंचिंग करते हैं। वहीं, कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो रात को हैवी खाना खाते हैं, जिससे खाना हजम होने में दिक्कत आती है। इस तरह का डाइट पैटर्न कब्ज की समस्या को जन्म दे सकता है। अगर आप चाहते हैं कि कब्ज की समस्या दूर हो और पाचन क्षमता में सुधार हो, तो इसके लिए अपनी डाइट में हर्बल टी शामिल करें। यह न सिर्फ कब्ज की समस्या से राहत दिलाएगा, बल्कि पाचन क्षमता को भी दुरुस्त करेगा। आइए, जानते हैं कि कौन-कौन सी हर्बल चाय आपके लिए फायदेमंद हो सकती है। इस बारे में हमने Divya Gandhi's Diet & Nutrition Clinic की डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट दिव्या गांधी से बात की है।
कब्ज से छुटकारा पाने के लिए हर्बल चाय- Herbal Teas To Deal With Constipation In Hindi
कब्ज दूर करने के लिए पिएं पुदीना की चाय
पुदीने में मेन्थॉल नाम का तत्व होता है। यह पाचन तंत्र की मांसपेशियों को रिलैक्स करता है, जिससे मल त्याग प्रक्रिया आसान होती है। यह बात आप सभी जानते होंगे कि कब्ज होने की वजह से अक्सर मल त्याग की प्रक्रिया जटिल हो जाती है। कभी-कभी मल ज्यादा सख्त होने पर खून भी निकल आता है और दर्द भी काफी होता है। इस तरह की समस्या को दूर करने के लिए पुदीने की चाय का सेवन करें। हां, प्रेग्नेंट महिलाएं पुदीने की चाय का सेवन पहली तिमाही में भूलकर भी न करें। अगर करना ही है, तो बेहतर होगा कि एक्सपर्ट की सलाह ले लें।
इसे भी पढ़ें: कब्ज से छुटकारा पाने के लिए इन 2 चीजों का करें सेवन, पाचन से जुड़ी अन्य समस्याएं भी होंगी दूर
कब्ज दूर करने के लिए पिएं अदरक की चाय
पाचन क्षमता में सुधार करने के लिए अदरक भी काफी फायदेमंद होती है। अदरक की मदद से पाचन एंजाइमों को बेहतर होते हैं, जिससे यह पाचन को उत्तेजित करता है। इस तरह कब्ज की समस्या को कम करने में मदद मिलती है। आप रोजाना सुबह अदरक की चाय का सेवन करें। कुछ ही दिनों में फर्क नजर आने लगेगा।
कब्ज दूर करने के लिए पिएं डंडेलियन चाय
विशेषज्ञों की मानें, तो डंडेलियन में प्री-बायोटिक फाइबर होता है। यह बहुत ही उपयोगी तत्व होता है, जो कब्ज की समस्या को कम करने में मदद करता है। वास्तव में, डंडेलियन चाय का सेवन करने से पाचन क्षमता में सुधार होता है और बाउल मूवमेंट भी बेहतर होता है। इससे कब्ज की समस्या से राहत मिलने लगती है।
इसे भी पढ़ें: अलग-अलग समस्याओं के लिए फायदेमंद हैं ये 5 हर्बल चाय, जानें बनाने का तरीका
कब्ज दूर करने के लिए पिएं सौंफ की चाय
हमारे यहां लगभग हर घर में सौंफ पाया जाता है। कई लोग रात भर सौंफ को पानी में भिगोकर अगले दिन इसका सेवन करते हैं। यह पाचन क्षमता में सुधार करता है। असल में, सौंफ पाचन एंजाइम के प्रोडक्शन को बढ़ाता है, पाचन क्षमता को बेहतर कर ब्लोटिंग, अपच और कब्ज की समस्या को दूर कर सकता है। इसके अलावा, इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी तत्व होते हैं। इसकी मदद से सूजन कम होती है।
कब्ज दर करने के लिए पिएं कैमोमाइल चाय
कैमोमाइल टी में सूदिंग इफेक्ट होते हैं। यह पेट और आंतों की लाइनिंग को रिलैक्स करता है, जिससे बाउल मूवमेंट में सुधार होता है। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी तत्व भी पाए जाते हैं, जो गट हेल्थ को बेहतर करने और गट हेल्थ से जुड़ी परेशानियों को कम करने में अहम भूमिका निभाता है। इससे कब्ज से भी राहत मिलती है। विशेषज्ञों की मानें, तो रात को सोने से पहले कैमोमाइल टी या कैमोमाइल का पानी पी सकते हैं। कुछ ही दिनों में कब्ज की समस्या कम होने लगेगी।
All Image Credit: Freepik