Brahma Muhurta: ब्रह्म मुहूर्त के बारे में हिंदू धर्म ग्रंथों और आयुर्वेद में विस्तार से वर्णन किया गया है। आप ने अपने घर में भी माता-पिता से सुना होगा कि ब्रह्म मुहूर्त में उठकर पढ़ाई करो। ऐसा इसलिए, क्योंकि इस समय में उठकर किए जाने वाले काम में मन लगता है, ऐसे में अगर बच्चे ब्रह्म मुहूर्त में उठकर पढ़ाई करते हैं तो इससे उन्हें लाभ मिलता है। इसके अलावा ब्रह्म मुहूर्त में उठकर योग करना, ध्यान लगाना, विद्या का अध्ययन करना और पूजा-पाठ करना बेहद फलकारी साबित होता है। आयुर्वेद के अनुसान, ब्रह्म मुहूर्त में उठने से व्यक्ति में बल और बुद्धि का विकास होता है और शरीर में सकारात्मक ऊर्जा (Positive energy) का प्रसार होता है। इस लेख में रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) आयुर्वेद के अनुसार ब्रह्म मुहूर्त में उठने के फायदे बता रहे हैं।
ब्रह्म मुहूर्त में जागने से क्या लाभ होता है? - Benefits Of Waking Up In Brahma Muhurta In Hindi
आयुर्वेद में ब्रह्म मुहूर्त का खास महत्व होता है। डॉक्टर श्रेय ने बताया कि आयुर्वेद में रात्रि के आखिरी पहर में उठने के अनेक फायदे बताए गए हैं। इस समय को सरस्वती याम भी कहते हैं। रात्रि के आखिरी पहर यानी सुबह 2 बजे से 6 बजे तक का समय ब्रह्म मुहूर्त है जिसमें सूर्योदय भी होता है, इसे बेहद लाभदायक बताया गया है। इस समय में उठकर योग करना, अध्ययन करना फायदेमंद होता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि दिनभर में कई पहर होते हैं, आयुर्वेद में उन सभी पहर में से इस पहर को सबसे ज्यादा लाभदायक बताया गया है।
इसे भी पढ़ें: नाड़ी परीक्षा क्या है और कैसे होती है? आयुर्वेदाचार्य से जानें इसके बारे में
डॉक्टर श्रेय ने कहा कि सिर्फ हिंदू धर्म में ही ब्रह्म मुहूर्त को श्रेष्ठ नहीं माना गया है बल्कि बाकी धर्मों में भी इस समय को फायदेमंद बताया गया है। यही कारण है कि मस्जिद में पहली अजान भी ब्रह्म मुहूर्त में होती है तो वहीं गुरुद्वारा में भी गुरु वाणी सुबह से शुरू होती है। ऐसा इसलिए होता है कि लोगों के दिन की शुरुआत पॉजिटिव हो, जिससे व्यक्ति दिनभर अच्छा महसूस करे। आइए जानते हैं, ब्रह्म मुहूर्त में उठने के फायदे क्या हैं?
इसे भी पढ़ें: नींद से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए अपनाएं ये 3 आयुर्वेदिक टिप्स
1. जिन लोगों को तनाव, एंग्जायटी और डिप्रेशन की शिकायत रहती है उनके लिए ब्रह्मा मुहूर्त में उठना लाभकारी हो सकता है। इस पहर में उठने से मानसिक चिंता और तनाव कम होता है।
2. ब्रह्मा मुहूर्त के समय में उठने से शरीर की ऊर्जा का स्तर हाई होता है, जिससे आपको ताजगी का एहसास होगा।
3. अगर आप ब्रह्मा मुहूर्त में उठने की आदत डालेंगे तो अपने आप ही समय से आपको रात में नींद आने लगेगी। जिससे अनिद्रा जैसी शिकायतें दूर हो सकती हैं।
4. ब्रह्मा मुहूर्त में उठने से शरीर में अच्छे हार्मोंस रिलीज होते हैं, जो आपको खुश रहने में मदद करते हैं।
5. रोजाना ब्रह्मा मुहूर्त में उठने से आपके शरीर की बायो क्लॉक यानी बायोलॉजिकल क्लॉक सही हो जाएगी। जिससे आप कई तरह की बीमारियों से खुद को दूर कर सकते हैं।
6. बिगड़ी लाइफस्टाइल के कारण ही ज्यादातर बीमारियां होती है, ऐसे में जब आप रोजाना समय से उठेंगे तो बीमारियां आप से दूर रहेंगी।
7. ब्रह्मा मुहूर्त में उठने से पाचन शक्ति में सुधार होता है जिससे पेट संबंधी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है।
नियमित रूप से ब्रह्मा मुहूर्त में उठने के अनगिनत लाभ हैं। फिट और हेल्दी रहने के लिए आप भी ब्रह्मा मुहूर्त में उठने की कोशिश करें।
All Images Credit- Freepik