Kimchi Benefits In Hindi: किमची एक पारंपरिक कोरियाई डिश है, जिसे फर्मेंटेड (खमीरयुक्त) सब्जियों से बनाया जाता है। आमतौर पर, किमची को पत्तागोभी, खीरा, गाजर, हरी प्याज, मूली, नमक, मिर्च, लहसुन, अदरक की सॉस और अन्य मसालों से तैयार किया जाता है। सबसे खास बात यह कि यह डिश खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पोषक तत्वों से भरपूर होती है। इसमें विटामिन-सी, फाइबर, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इसके अलावा, इसमें प्रोबायोटिक्स और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी मौजूद होते हैं। किमची का सेवन करने से सेहत को कई लाभ मिलते हैं। यह पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने से लेकर ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने तक में लाभकारी साबित हो सकता है। जो लोग वजन घटाना चाहते हैं, वे भी इसका सेवन कर सकते हैं। तो आइए, इस लेख में डाइट्रीफिट की डाइटीशियन अबरना मैथ्यूवनन से जानते हैं किमची खाने के फायदे और बनाने का तरीका -
किमची खाने के फायदे - Kimchi Benefits In Hindi
पाचन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद
किमची का सेवन हमारी गट हेल्थ के लिए फायदेमंद होता है। दरअसल, इसमें प्रोबायोटिक्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो आंत में गुड बैक्टीरिया को बढ़ाने में मदद करते हैं। इससे पाचन-तंत्र स्वस्थ रहता है और पाचन प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती है। वहीं, इसमें मौजूद लैक्टोबैसिली बैक्टीरिया भोजन को पचाने में मदद करते हैं। किमची का सेवन करने से मल त्याग की प्रकिया आसान बनती है, जिससे कब्ज से राहत मिल सकती है।
वजन घटाने में मददगार
जो लोग मोटापे से परेशान हैं और वजन घटाना चाहते हैं, वे डाइट में किमची को शामिल कर सकते हैं। यह एक लो-कैलोरी फूड है। वहीं, इसमें फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रखता है। इससे आपको बार-बार भूख नहीं लगती है और आप ओवरईटिंग से बच सकते हैं। इस तरह यह वजन घटाने में आपकी मदद कर सकता है।
इम्यूनिटी मजबूत करे
किमची का सेवन करने से इम्यूनिटी बूस्ट हो सकती है। दरअसल, इसमें विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मदद करते हैं। किमची में मौजूद लैक्टोबैसिलस बैक्टीरिया इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने और सूजन को कम करने में मददगार होते हैं। किमची का सेवन करने से कई तरह के संक्रमणों से बचाव हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: फर्मेंटेड चावल खाने से सेहत को मिलते हैं कई जबरदस्त फायदे, जानें बनाने का तरीका
दिल को स्वस्थ रखे
किमची का सेवन दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। दरअसल, इसमें विटामिन-सी, फाइबर और पोटैशियम भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद करते हैं। इसमें मौजूद पोटैशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने के लिए जाना जाता है। इसके नियमित सेवन से हृदय रोगों के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।
फ्री रेडिकल्स से बचाए
किमची में एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचा सकते हैं। इसमें मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण शरीर में सूजन की समस्या को दूर करने में मदद करते हैं। इसके सेवन से स्ट्रोक, डायबिटीज, थायरॉइड और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का जोखिम कम हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: गर्मी में खाएं लाल और ताजे टमाटर से बना सलाद, एक्सपर्ट से जानें इसके फायदे
किमची बनाने का तरीका - Kimchi Recipe In Hindi
किमची बनाने के लिए पत्ता गोभी को काटकर एक कांच के बाउल में रखें। इसमें नमक डालकर हाथों से अच्छी तरह मिक्स कर लें। इसे करीब 3-4 घंटे के लिए साइड रख दें। फिर इसमें से सारा पानी निचोड़ लें। अब एक बाउल में पत्ता गोभी, बारीक कटा हरा प्याज, अदरक, लहसुन, लाल मिर्च पाउडर, सफेद सिरका, सोया सॉस और चीनी डालें। अब इसे एयर टाइट कंटेनर में भरें और ढक्कन लगाकर 24 घंटे के लिए रख दें। उसके बाद, आप किमची सलाद का सेवन कर सकते हैं।