सुबह एक्सरसाइज करना फायदेमंद होता है। आमतौर पर एक्सरसाइज करने का मुख्य उद्देश्य शरीर को फिट रखना, अच्छी बॉडी शेप पाना या वजन घटाना होता है। कुछ लोग सुबह खाली पेट एक्सरसाइज करना पसंद करते हैं, तो कुछ लोग हल्का-फुल्का ब्रेकफास्ट करने के बाद एक्सरसाइज करते हैं, ताकि उनके शरीर में एनर्जी बनी रहे। मगर हाल में हुई एक रिसर्च में बताया गया है कि अगर आप सुबह के नाश्ते (ब्रेकफास्ट) से पहले एक्सरसाइज करते हैं, तो आप दोगुनी तेजी से फैट बर्न कर सकते हैं। यानी अगर आप अपने शरीर की चर्बी या एक्सट्रा कैलोरीज को तेजी से बर्न करना चाहते हैं, तो आपको ब्रेकफास्ट से पहले एक्सरसाइज करना चाहिए।
कैसे की गई रिसर्च और क्या मिला रिजल्ट?
ये रिसर्च यूनिवर्सिटी ऑफ बाथ के वैज्ञानिकों द्वारा की गई है। रिसर्च में पाया गया है कि कोई व्यक्ति अगर सुबह बिना कुछ भी खाए, खाली पेट वर्कआउट करता है, तो उसका शरीर दोगुनी तेजी से चर्बी को घटाता है। इस रिसर्च के लिए शोधकर्ताओं ने 30 लोगों को चुना, जिनका वजन बहुत ज्यादा था। इनके दो समूह बनाए गए। पहला समूह बिना ब्रेकफास्ट के एक्सरसाइज करता रहा, जबकि दूसरा समूह ब्रेकफास्ट करने के बाद एक्सरसाइज कर रहा था। वैज्ञानिकों ने पाया कि उन लोगों का शरीर फैट को तेजी से बर्न कर रहा था, जो लोग बिना खाए एक्सरसाइज कर रहे थे।
इसे भी पढ़ें:- सुबह-शाम दोनों समय वर्कआउट करना फायदेमंद है या नुकसानदायक? जानें डेली वर्कआउट के लिए जरूरी टिप्स
टॉप स्टोरीज़
बिना ब्रेकफास्ट एक्सरसाइज से क्यों होता है तेज फैट बर्न?
बिना ब्रेकफास्ट किए एक्सरसाइज करने से शरीर तेजी से फैट बर्न करता है, इसके पीछे बिल्कुल साधारण सा विज्ञान है। दरअसल रात भर भूखे रहने के बाद सुबह जब आप बिना कुछ खाए-पिए एक्सरसाइज करते हैं, तो शरीर नए एनर्जी सोर्स के बजाय शरीर में पहले से जमा फैट को बर्न करके एनर्जी में बदलना शुरू कर देता है। इससे आपके शरीर का फैट तेजी से बर्न होने लगता है। इसके अलावा जब आप खाली पेट होते हैं, तो आपके मसल्स इंसुलिन के प्रति ज्यादा संवेदनशील होते हैं, जिससे शरीर सेल्स में जमा फैट को एनर्जी में तेजी से बदल पाता है। यही कारण है कि रोजाना सुबह एक्सरसाइज करने वाले लोगों में हार्ट अटैक और डायबिटीज का खतरा बहुत कम हो जाता है।
एक्सरसाइज के बाद ब्रेकफास्ट करना ज्यादा फायदेमंद
एक्सरसाइज से आपकी मसल्स थक जाती हैं इसलिए जब आप एक्सरसाइज के बाद हैवी प्रोटीन और कार्ब्स वाला ब्रेकफास्ट करते हैं, तो आपकी मसल्स तेजी से रिकवर होती हैं। ये मसल्स की रिपेयरिंग का नैचुरल तरीका है, इसलिए एक्सरसाइज के बाद नाश्ता करना आपके लिए ज्यादा फायदेमंद होता है।
इसे भी पढ़ें:- जानें एक्सरसाइज के दौरान सांस लेने का सही तरीका और जरूरी सावधानियां
नाश्ता नहीं, मगर पानी है जरूरी
खाली पेट का मतलब यह नहीं है कि आप एक्सरसाइज के पहले कुछ भी न खाएं-पिएं। सुबह उठने के बाद और वर्कआउट से पहले आपको अपने शरीर को हाइड्रेट करना जरूरी है, इसलिए आपको अपनी इच्छाभर पानी पी लेना चाहिए। इसके अलावा एक्सरसाइज के दौरान भी अगर आप प्यास महसूस करते हैं, तो पानी पिएं। पर्याप्त पानी न पीने से आपका शरीर डिहाइड्रेशन का शिकार हो सकता है।
Read more articles on Health News in Hindi