सर्दियों में गुड़ और अदरक का सेवन स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हो सकता है। हमारे घर के बड़े-बुजुर्ग सर्दी-जुकाम या फिर गले में खराश होने पर गुड़ और अदरक खाने की सलाह देते हैं। क्या आप जानते हैं गुड़ और अदरक के सेवन से सर्दी-जुकाम सहित कई परेशानियों को दूर किया जा सकता है? आयुर्वेद में भी गुड़ और अदरक का एक साथ सेवन करना फायदेमंद माना जाता है। कई आयुर्वेदाचार्य भी गुड़ और अदरक का एक साथ सेवन करने की सलाह देते है। सिरसा के आयुर्वेदाचार्य डॉक्टर श्रेय शर्मा बताते हैं कि सर्दियों में गुड़ और अदरक का सेवन करने से इम्यूनिटी बूस्ट होती है, जिससे सर्दी जुकाम की परेशानी नहीं होती है। वहीं, इससे आपको कई परेशानियों जैसे- मोटापा, शरीर में सूजन से भी आराम मिल सकता है। आज हम इस लेख में गुड़ और अदरक के बताएंगे। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं गुड़ और अदरक का एक साथ सेवन करने से सेहत को क्या क्या फायदे (ginger with jaggery benefits) हो सकते हैं?
1. शरीर में सूजन करे कम
गुड़ और अदरक का एक साथ सेवन करने से शरीर में होने वाले सूजन से भी राहत पाया जा सकता है। इसके लिए 10 से 20 मिली अदरक का रस लेँ। अब 1 छोटे से गुड़ के टुकड़े के साथ अदरक के रस का सेवन करें इससे शरीर में होने वाले सूजन से आराम मिलेगा। आयुर्वेदाचार्य बताते हैं कि अगर आपको सूजन की शिकायत अधिक है, तो आप इस दौरान बकरी का दूध भी पी सकते हैं। इसके अलावा लगातार एक माह तक अदरक और गुड़ को बराबर मात्रा में मिलाकर खाने से सूजन से काफी हद तक राहत पाया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें - सुबह खाली पेट कलौंजी खाने से मिलते हैं ये 10 फायदे, एक्सपर्ट से जानें खाने का तरीका
2. रक्तपित्त दोष में लाभकारी
रक्तपित्त दोष को दूर करने में गुड़ और अदरक का रस लाभकारी हो सकता है। इसके लिए नियमित रूप से 5 मिली अदरक के रस के साथ गुड़ का सेवन करें। इससे नाक, कान, गुदा और योनि से खून बहने की समस्या से छुटकारा मिल सकता है।
3. गठिया दर्द से दिलाए आराम
गठिया रोगियों के लिए भी गुड़ और अदरक का मिश्रण फायदेमंद हो सकता है। गठिया में होने वाले दर्द से राहत पाने के लिए सोंठ, गुड़ और तिल को बराबर मात्रा में पीस लें। अब 100 मिली दूध के साथ 2 से 4 ग्राम अदरक, तिल और गुड़ के मिश्रण का सेवन करें। सप्ताहभर इस मिश्रण का सेवन करने से गठिया के दर्द से आराम मिल सकता है। लेकिन ध्यान रखें कि यह दर्द पूरी तरह से ठीक नहीं होगा। इसके लिए आपको बेहतर इलाज की आवश्यकता हो सकती है।
4. सुस्ती को करे दूर
सर्दियों में शरीर में होने वाली सुस्ती को दूर करने में अदरक और गुड़ का मिश्रण आपके लिए लाभकारी हो सकता है। इसके लिए रोजाना सुबह अदरक और गुड़ को समान मात्रा में त्रिफला चूर्ण के साथ इसका सेवन करें। इससे न सिर्फ शरीर की सुस्ती गायब होगी, बल्कि बेहोशी, मैनिया जैसे रोगों में भी लाभकारी हो सकता है।
5. स्किन की समस्या से छुटकारा
स्किन की परेशानियों को दूर करने के लिए भी गुड़ और अदरक का एक साथ सेवन कर सकते हैं। यह स्किन पर होने वाले पित्त विकार को दूर कर सकता है। इसके लिए रोजाना 25 मिली अदरक के रस में 10-12 ग्राम गुड़ मिलाकर इसका सेवन करें। इससे स्किन पर होने वाली समस्याएं दूर हो सकती हैं।
इसे भी पढ़ें - सर्दियों में फटी एड़ियों की समस्या को दूर करेंगे ये 8 तेल, रेगुलर लगाने से पैर हो जाते हैं मुलायम और खूबसूरत
6. मोटापा करे दूर
अदरक और गुड़ का सेवन करने से मोटापा भी कम किया जा सकता है। शरीर में एक्स्ट्रा चर्बी को कम करने के लिए अदरक औऱ गुड़ की चाय सेवन करें। इससे आपका वजन तेजी (ginger and jaggery for weight loss) से घटेगा।
7. सर्दी-जुकाम से आराम
सर्दी-जुकाम की समस्याओं को दूर करने में भी गुड़ और अदरक असरदार हो सकता है। इसके लिए गुड़ के साथ बराबर मात्रा में अदरक के रस का सेवन करें। शुरुआत में 1-1 ग्राम अदरक और गुड़ लें। धीरे-धीरे इसका मात्रा बढ़ाएं। जब 1 माह हो जाए, तो इसे उसी क्रम में कम करते हुए बंद करें। इससे सर्दी-जुकाम के साथ-साथ अन्य वात रोग भी दूर हो सकते हैं।
8. सूखी खांसी होगी दूर
सूखी खांसी और गले में खराश होने पर अदरक और गुड़ का सेवन किया जा सकता है। इसके लिए 1 छोटे से अदरक के टुकड़े को हल्का का गर्म करें। अब इसे गुड़ के छोटे से टुकड़े के साथ सेवन करें। इससे आपकी सूखी खांसी दूर होगी।
9. कब्ज से राहत
कब्ज से आराम दिलाने में गुड़ और अदरक का रस लाभकारी हो सकता है। इसके लिए अदरक और गुड़ को बराबर मात्रा में लेकर इसका लड्डू तैयार कर लें। अब रोजाना 1-1 लड्डू का सेवन करें। इससे कुछ ही दिनों में कब्ज की परेशानी ले लाभ मिल सकता है।
10. बवासीर में आराम
बवासीर की समस्याओं को दूर करने के लिए गुड़ और अदरक का सेवन किया जा सकता है। इसके लिए 2-3 ग्राम हरीतकी और सोंठ को बराबर मात्रा लें। अब इसका चूर्ण तैयार करके, इसे गुड़ के साथ रोजाना खाएं। इससे आपका हाजमा ठीक होगा। साथ ही बवासीर की परेशानी दूर होगी। रोजाना इस मिश्रण के सेवन से मल त्यागने में होने वाली परेशानी दूर हो सकती है।
इसे भी पढ़ें - बवासीर के मस्से हटाने के लिए अपनाएं आयुर्वेद के ये 5 आसान नुस्खे
11. अपच को करे दूर
अपच की परेशानी को दूर करने के लिए भी आप गुड़ और अदरक का सेवन कर सकते हैं। इसके लिए 2-5 ग्राम बेल का पेस्ट लें। अब इसमें 1 ग्राम करीब सोंठ का चूर्ण मिलाएं। अब गुड़ के साथ इस चूर्ण का सेवन करें। इससे अपच में होने वाली परेशानी से लाभ मिलेगा।
12. पाचन तंत्र विकार से राहत
पाचन तंत्र के विकार को दूर करने के लिए 2-3 ग्राम हरीतकी और सोंठ बराबर मात्रा में लें। अब इस चूर्ण का गुड़ के साथ सेवन करें। इससे आपका पाचन तंत्र विकार दूर होगा।
13. योनि में दर्द से मिलेगा आराम
योनि में दर्द होने पर 25 ग्राम काला तिल, 50 ग्राम अदरक,100 ग्राम गुड़ लें। अब इन्हें पीसकर चूर्ण तैयार कर लें। नियमित रूप से 2 से 3 ग्राम मिश्रण के साथ 1 गिलास दूध का सेवन करें। इससे योनि में दर्द और पेट में दर्द से आराम मिल सकता है।
14. आंखों के लिए फायदेमंद
अदरक और गुड़ का मिश्रण आंखों की परेशानी को दूर करने के लिए लाभकारी हो सकता है। इसके अलावा अगर आपको आंखों में किसी तरह की परेशानी है, तो आप गुड़ के बजाय शहद के साथ भी अदरक का सेवन कर सकते हैं।
15. पीलिया में लाभकारी
पीलिया रोगियों के लिए भी अदरक और गुड़ का सेवन लाभकारी हो सकता है। इसके लिए अदरक, गुड़ और त्रिफला को बराबर मात्रा में लेकर पीस लें। अब रोजाना 3 से 5 ग्राम मिश्रण का सेवन करें। आप इस मिश्रण को गर्म पानी या फिर दूध के साथ भी ले सकते हैं।
16. मूत्र रोग से छुटकारा
मूत्र से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए 1 ग्राम सोंठ और 10 ग्राम गुड़ के साथ 1 ग्राम कटेली की जड़ , 1 ग्राम बला मूल और 1 ग्राम गोखरू मिलाएं। अब इस मिश्रण को 250 मिली दूध में डालकर उबाल लें। रोजाना सुबह-शाम इसका सेवन करने से मूत्र रोग में होने वाली परेशानी जैसे- यूरिन करते वक्त दर्द, रुक-रुक कर पेशाब होना, मूत्र मार्ग में सूजन से छुटकारा मिल सकता है।
17. पीठ का दर्द को करे दूर
पीठ दर्द से आराम पाने के लिए भी गुड़ और अदरक का मिश्रण लाभकारी हो सकता है। इसके लिए घी में अदरक के रस को मिलाएं। अब इसमें थोड़ा सा गुड़ मिलाएं। रोजाना इस मिश्रण का सेवन करने से पीठ का दर्द और कमर के दर्द से आराम मिलेगा।
अदरक और गुड़ का मिश्रण आपके लिए लाभकारी हो सकता है। हालांकि, अधिक मात्रा में इसका सेवन करने से पहले एक बार एक्सपर्ट से जरूर राय लें। वहीं, अगर आपको कोई गंभीर परेशानी है, तो सबसे पहले डॉक्टर से जरूर सलाह लें।