बढ़ती उम्र के साथ-साथ लोगों में कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने लगती हैं। खासकर, जो लोग यंग एज में ज्यादा एक्टिव नहीं रहते हैं और अनहेल्दी लाइफस्टाइल फॉलो करते हैं उन्हें 50 की उम्र पार करने के बाद उठने-बैठने की समस्याओं के साथ-साथ भूलने की दिक्कत भी होने लगती है जो कि उम्र बढ़ने के साथ-साथ गंभीर हो सकती है। भूलने की समस्या एक सामान्य दिक्कत हो सकती है लेकिन यह अक्सर लोगों के मन में डिमेंशिया की चिंता को जन्म देती है। कई लोगों के मन में सवाल उठता है कि क्या भूलने की दिक्कत डिमेंशिया है? इस बारे में न्यूरोलॉजिस्ट और हेल्थ कोच डॉ. प्रियंका शेरावत ने एक वीडियो शेयर करते हुए भूलने की समस्या और डिमेंशिया के बारे में बताया है।
डॉक्टर प्रियंका शेरावत ने बताया कि सिर्फ मेमोरी लॉस होना डिमेंशिया नहीं हो सकता है। डिमेंशिया एक बड़ा टर्म है, जिसमें न सिर्फ भूलने की समस्या बल्कि कई अन्य लक्षण भी दिखाई देते हैं। डॉक्टर ने बताया कि भूलने की समस्या को डिमेंशिया समझना गलत है। ऐसा इसलिए, क्योंकि डिमेंशिया होने पर मरीज को कई अन्य समस्याएं होती हैं।
इसे भी पढ़ें: याददाश्त तेज करने के लिए रोजाना करें उंगलियों से ये 5 मूवमेंट एक्सरसाइज, तनाव भी होगा कम
डिमेंशिया होने पर मरीज में दिखने वाले लक्षण - Symptoms Seen In A Patient Suffering From Dementia
डिमेंशिया होने पर स्मृति (मेमोरी), सोचने और निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित होती है। डिमेंशिया होने पर मरीज अपनी रोजमर्रा की चीजों की भी पहचान नहीं कर पाता है। इसके साथ ही मरीज चेहरों की पहचान नहीं कर पाता है, नाम भूलने लगता है और जिन चीजों का रोजाना इस्तेमाल करता है उन्हें भी भूल जाता है। डॉक्टर ने उदाहरण देते हुए बताया कि अगर आप डिमेंशिया से पीड़ित मरीज के सामने एक पेन रखते हैं और पूछते हैं कि ये क्या है तो मरीज इसे बताने के लिए बहुत सोचेगा और भले ही वह यह बता दे कि इसमें स्याही होती है लेकिन इसे कहते क्या हैं ये बताने में मरीज को समस्या हो सकती है। मरीज घर में किचन कहां है या वॉशरूम कहां है, इसका रास्ता भी भूलने लगते हैं।
इसे भी पढ़ें: मेमोरी बूस्ट करने के लिए फॉलो करें लाइफस्टाइल से जुड़े ये 5 टिप्स, दिमाग होगा तेज
डॉक्टर ने उदाहरण देते हुए बताया कि एक महिला जो 20 सालों से घर में तीन टाइम खाना बनाती थी उसे जब डिमेंशिया की शिकायत होती है तो वह खाना बनाने में यह भूल जाती है कि पहले क्या डालना है। भोजन में कितना नमक या मसाले डालने हैं, या किचन में कौन सा सामान कहां रखा है।
डिमेंशिया के लक्षणों से बचाव के तरीके
डॉक्टर ने बताया कि अगर युवाओं में इस तरह के लक्षण दिखते हैं तो उन्हें हाइपोथायरायडिज्म (hypothyroidism) और विटामिन B12 का चेकअप करवाना चाहिए और अगर ये समस्या है तो डॉक्टर की सलाह पर उचित इलाज फॉलो करना चाहिए। वहीं बुजुर्गों में अगर डिमेंशिया के लक्षण दिखते हैं तो डॉक्टर से सलाह लें।
भूलने की समस्या क्यों होती है?
1. उम्र बढ़ने के साथ-साथ मस्तिष्क की कार्यक्षमता में गिरावट आने लगती है, जिसके कारण भूलने की समस्या हो सकती है।
2. ज्यादा तनाव और चिंता मस्तिष्क की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे भूलने की समस्या हो सकती है।
3. पर्याप्त नींद न मिलने से मस्तिष्क को आराम नहीं मिलता और इससे भूलने की समस्या हो सकती है।
4. डिप्रेशन मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है और भूलने की बीमारी का कारण बन सकता है।
5. थायराइड और विटामिन की कमी के कारण भी भूलने की समस्या हो सकती है।
All Images Credit- Freepik