दिवाली का दिन ऐसा दिन है जो हमारे जीवन में प्रकाश, आनंद और खुशी लाता है। इस दिन धन, समृधि की देवी मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। दिवाली के दिन लोग अपने घरों को सजाते हैं, नए वस्त्र पहनते हैं और कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजन बनाते हैं। आमतौर पर सभी भारतीय त्यौहार बिना मिठाइयों के अधूरे माने जाते हैं। इस समय कई लोग बाजार से मिठाई खरीदते हैं जिसमें शुगर भारी मात्रा में होती है, जो आपकी सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकती है। अगर आप त्यौहारों पर भी खुद को फिट रखना चाहते हैं, तो आज हम आपको बता रहे हैं कुछ शुगर फ्री मिठाइयों की रेसिपी। डायबिटीज (शुगर) के रोगियों को तो हर त्यौहार पर बड़ी सावधानी बरतनी चाहिए। ऐसे में अगर आपके घर में कोई डायबिटीज का रोगी है, तो आप उसके लिए घर में ये शुगर फ्री मिठाइयां बना सकते हैं।
कस्टर्ड एप्पल (शरीफा) की खीर
सामग्री
- 5 बड़े शरीफा (कस्टर्ड एप्पल)
- 100 ग्राम गुड़
- 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 1 कप भुना हुआ चना
- 1 कप दूध
- थोड़े से बादाम
- थोड़े से पिस्ता
- 3 से 4 कप पानी
बनाने की विधि
- कस्टर्ड एप्पल (शरीफा) को धोकर छील लें। इसके बाद इसके बीज और गूदे को अलग करें।
- गूदे को थोड़ी देर के लिए फ्रिज में रखें।
- फिर प्रेशर कुकर में भुने हुए चने 3 से 4 कप पानी डाल कर नरम होने तक पकाएं।
- नॉन स्टिक पैन में गुड़ और इलायची पाउडर डालकर गुड़ को पिघलायें।
- इसके बाद पिघले गुड़ में भुने हुए चने और शरीफा के गूदे के साथ दूध डालकर धीमी आंच पर उबालें।
- तैयार खीर में बादाम और पिस्ता डालकर सर्व करें।
- नोट: शुगर फ्री के लिए गन्ने के गुड़ की जगह आप खजूर के गुड़ का प्रयोग कर सकते हैं।
ग्रिल्ड बादाम बर्फी (शुगर फ्री)
सामग्री
- 500 ग्राम खोया
- 40 ग्राम नैचुरल स्वीटनर
- 1 कप भुने और पिसे हुए बादाम
बनाने की विधि
- खोये को कद्दूकस कर लें।
- गर्म पैन में खोया और 40 ग्राम आर्टिफिशयल स्वीटनर या नैचुरल स्वीटनर डालकर धीमी आंच पर 3 से 4 मिनट पकाएं।
- इसके बाद पैन में भुने हुए बादाम मिला लें। इसके बाद अलग-अलग सर्विंग डिश में डालें।
- आखिरी में इसके ऊपर स्वीटनर अपने हिसाब से स्वीटनर डालें। बर्फी को 200 डिग्री सेल्सियस पर गर्म ओवन में रखें और शुगर को पिघलने दें।
- इसके बाद इसे ठंडा करके पीस में काट लें और सर्व करें।

केसर पिस्ता फिरनी
सामग्री
- केसर पिस्ता फिरनी
- 5-7 धागे केसर
- 1 लीटर स्किम्ड दूध
- 3 बड़े चम्मच चावल
- 3/4 बड़े चम्मच हरी इलायची पाउडर
- 3/4 बड़े चम्मच लो-कैलोरी स्वीटनर
- पानी- आवश्यतानुसार
बनाने की विधि
- दूध को धीमी आंच पर उबालें।
- दूध उबलते टाइम पानी के साथ चावल डालें।
- दूध गाढ़ा होने तक इसे लो फ्लेम पर ही 2 मिनट तक और उबालें।
- लगातार दूध और चावल को हिलातें रहें। इसी के साथ इलायची पाउडर व केसर डालकर मिलाएं।
- इस बैटर को कस्टर्ड जैसा होने पर इसमें लो-कैलोरी स्वीटनर मिलाएं।
- आखिरी में सर्विंग डिश में निकाल कर पिस्ते से गार्निश करके 2 घंटे तक ठंडा होने दें।
ड्राई फ्रूट अंजीर बर्फी
सामग्री
- 1 कटोरी अंजीर
- आधी कटोरी (सूखा हुआ)नारियल
- आधी कटोरी अखरोट
- आधी कटोरी पिस्ता
- आधी कटोरी बादाम
- आधी कटोरी किशमिश
- 1 चम्मच इलाइची
- 6 से 7 खजूर
- चुटकी भर जायफल
- एक चम्मच घी
बनाने की विधि
- पहले अंजीर को पंद्रह मिनट गर्म पानी में भिगोएं।
- अखरोट, बादाम, नारियल और पिस्ता को से छोटे बारीकी से टुकड़ों में काट लें। खजूर के बीज निकाल कर खजूर भी काटें।
- अब अंजीर को पानी से निकालकर मिक्सर में पीस लें।
- इसके बाद एक पैन में घी गर्म करके उसमें अंजीर के पेस्ट को डालने के बाद उसमें खजूर डाल कर मिक्स करें और पका लें।
- सभी कटे हुए मेवों (ड्राई फ्रूट) को इसमें डालकर इस मिश्रण को हिलाते रहें ।
- सबसे आखिरी में इलाइची पाउडर और जायफल को इसमें मिला दें और मिक्स कर लें।
- अब इसके मिश्रण को अच्छे से पूरी प्लेट में फैला लें और ठंडा होने दें ।
- आधे घंटे के लिए फ्रिज में रख दें।
- बर्फी को सही आकार में काटें।
- अब चांदी के वर्क के साथ इसे सजाएं और सर्व करें।