सर्दियों का मौसम अस्थमा के मरीजों के लिए मुश्किल हो सकता है। ठंडी हवा और प्रदूषण के कारण खांसी, बगलम और सांस फूलने जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। अस्थमा एक सांस संबंधी बीमारी है, जिसमें फेफड़ों के वायुमार्ग (एयरवे), सूजन के कारण सिकुड़ जाते हैं। यह स्थिति सांस लेने में कठिनाई, सीने में जकड़न, खांसी और घरघराहट का कारण बनती है। अस्थमा का अटैक एलर्जी, धूल, धुआं, ठंडी हवा या तनाव जैसे ट्रिगर्स से हो सकता है। यह समस्या बच्चों और वयस्कों दोनों को प्रभावित कर सकती है। अस्थमा पूरी तरह से ठीक नहीं हो सकता, लेकिन दवाइयों, इन्हेलर और सही डाइट अपनाते हुए इसे कंट्रोल किया जा सकता है। ठंडी हवा सांस की नली को सिकोड़ सकती है और फेफड़ों में बलगम जमा हो सकता है। इन समस्याओं को कम करने के लिए सही खानपान बेहद जरूरी है। एक संतुलित और पौष्टिक डाइट शरीर को गर्म रखती है। ऐसे में एक सही डाइट प्लान अपनाकर आप अपनी स्थिति को बेहतर बना सकते हैं। डाइटिशियन के सुझावों पर आधारित यह डाइट प्लान आपकी इम्यूनिटी को मजबूत करेगा और सांस संबंधी परेशानियों को कम करने में मदद करेगा। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने दिल्ली के होली फैमिली हॉस्पिटल की डाइटिशियन सना गिल से बात की।
कैसी होनी चाहिए अस्थमा के मरीजों की डाइट?- Diet For Asthma Patients
सर्दियों में अस्थमा के मरीजों को डाइट प्लान बनाते समय इन बातों का ध्यान रखना चाहिए-
- गर्म सूप, हल्दी का दूध और हर्बल चाय जैसी चीजें डाइट में शामिल करें। ये गले और फेफड़ों को आराम पहुंचाती हैं।
- ठंडी चीजें जैसे आइसक्रीम या ठंडे पेय पदार्थों से बचें।
- विटामिन-सी युक्त आहार लें जैसे- संतरा, अमरूद, नींबू जैसे जैसे फल खाएं। ये इम्यूनिटी बढ़ाकर इंफेक्शन से बचाते हैं।
- ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर खाद्य पदार्थ लें जैसे- अखरोट और चिया सीड्स। ये फेफड़ों की सूजन कम करने में मदद करते हैं।
- फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट युक्त आहार लें। जैसे- हरी पत्तेदार सब्जियां, गाजर, चुकंदर और ओट्स खाएं। ये बलगम कम करने में मदद करते हैं।
- भारी और तली-भुनी चीजों से बचें।
- गर्म पानी पिएं। यह बलगम को पतला करता है और सांस लेना आसान बनाता है।
- प्रोटीन युक्त आहार लें। जैसे- मूंग दाल, बाजरे की रोटी और अंडे। ये हल्के प्रोटीन वाले विकल्प फेफड़ों को मजबूत बनाए रखते हैं।
- अदरक और हल्दी में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो सांस की नलियों की सूजन कम करने में मदद करते हैं। इन्हें डाइट में शामिल करें।
- शराब और धूम्रपान से बचें। ये अस्थमा के लक्षणों को बढ़ा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- सर्दियों में अस्थमा अटैक का खतरा बढ़ाते हैं ये फूड्स, सांस की बीमारी में न करें सेवन
सर्दियों में अस्थमा के मरीजों का डाइट प्लान- Diet Plan For Asthma Patients in Winters
सुबह की शुरुआत- 7:00-8:00 AM
- अस्थमा में हेल्दी डाइट लेने के लिए दिन की शुरुआत हल्के गर्म पानी में एक चम्मच शहद मिलाकर करें।
- यह आपके गले को साफ रखेगा और इम्यूनिटी को बढ़ाएगा।
- 5-6 बादाम और 2 अखरोट खाने से एनर्जी मिलेगी और ओमेगा-3 फैटी एसिड फेफड़ों को स्वस्थ बनाए रखेगा।
नाश्ता- 9:00-10:00 AM
- ओट्स और रागी जैसे हल्के अनाज फाइबर और पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। नाश्ते में इसका चीला बनाकर खाएं।
- एक कटोरी पपीता, सेब या नाशपाती लें। ये एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं और फेफड़ों की सफाई में मदद करते हैं।
खाने से पहले- 11:00-12:00 PM
- अदरक और तुलसी से बनी हर्बल चाय बलगम कम करने और गले को आराम पहुंचाने में मदद करती है। इसका सेवन कर सकते हैं।
- एक मुट्ठी भुनी मूंगफली या चना खाना, प्रोटीन का अच्छा स्रोत है। इसका सेवन कर सकते हैं।
दोपहर का भोजन- 1:00-2:00 PM
- गाजर, टमाटर और अदरक का गर्म सूप पिएं। यह बलगम को कम करने और शरीर को गर्म रखने में मदद करेगा।
- लंच में बाजरे की रोटी और हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक और मेथी आपके फेफड़ों के लिए फायदेमंद हैं।
- ठंडे दही को खाने से बचें, इससे बलगम की समस्या बढ़ सकती है।
शाम का नाश्ता- 4:00-5:00 PM
- मेथी या गुड़ का लड्डू फेफड़ों को गर्मी देता है और खांसी से राहत दिलाता है। एक लड्डू का सेवन शाम को कर सकते हैं।
- हल्दी वाला दूध एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर है, जो अस्थमा के लक्षणों को कम करने में मदद करता है। इसका सेवन करें।
रात का खाना- 7:00-8:00 PM
- रात के खाने में, मूंग दाल खिचड़ी खाएं। यह हल्की और आसानी से पचने वाली होती है।
- रात के खाने में तली-भुनी चीजें न लें और उसके बजाय सादी सब्जी और रोटी खाएं।
- कच्चा सलाद खाने से बचें। इसकी जगह हल्का भाप दिया हुआ सलाद लें।
सोने से पहले- 9:00-10:00 PM
- अजवाइन को गर्म पानी में उबालकर पिएं।
- यह फेफड़ों को साफ करता है और खांसी से राहत दिलाता है।
इस डाइट प्लान को अपनाकर सर्दियों में अस्थमा से राहत पा सकते हैं। डॉक्टर से सलाह जरूर लें। हेल्दी चीजें खाने से अस्थमा के मरीजों को लक्षणों को कम करने में मदद मिलती है।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।