एक्सरसाइज करना सेहत के लिए फायदेमंद है, ये बात सभी जानते हैं। रेगुलर एक्सरसाइज से कई बीमारियों का खतरा कम किया जा सकता है। इनमें मुख्य रूप से ऐसी बीमारियां शामिल हैं, जो गलत लाइफस्टाइल के कारण हो सकती हैं, जैसे- डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, कार्डियोवस्कुलर बीमारियां, मोटापा, कैंसर आदि। यही कारण है कि अपनी सेहत को लेकर फिक्रमंद लोग सुबह या शाम, जब भी समय मिले एक्सरसाइज जरूर करते हैं। लेकिन वैज्ञानिकों की एक टीम ने लेटेस्ट स्टडी में कुछ ऐसा पाया है, जो आपको चौंका सकता है।
नए अध्ययन के अनुसार सुबह के समय एक्सरसाइज करने वालों में कैंसर होने का खतरा उन लोगों की अपेक्षा कम होता है, जो दोपहर या शाम को एक्सरसाइज करते हैं। इस स्टडी को इंटरनैशनल जर्नल ऑफ कैंसर में छापा गया है। इस रिसर्च के अनुसार सुबह 8 बजे से 10 बजे के बीच एक्सरसाइज करने वाले लोगों में कैंसर होने का खतरा अपेक्षाकृत कम होता है।
इसे भी पढ़ें: कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचना है तो अपने खानपान की आदतों में करें सुधार, आज से ही शुरू करें ये 5 बदलाव
एक्सरसाइज की टाइमिंग क्यों है महत्वपूर्ण?
सामान्यतः एक्सरसाइज न करने वाले की अपेक्षा एक्सरसाइज करने वाले लोगों को लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियों का खतरा कम होता है, फिर चाहे एक्सरसाइज किसी भी समय की गई हो। लेकिन अलग-अलग समय पर की गई एक्सरसाइज, अलग-अलग तरह से आपकी सेहत को प्रभावित करती है। शरीर में इस टाइमिंग को कंट्रोल करने का काम सर्केडियन रिदम (circadian rhythm) करता है। रिसर्च बताती हैं कि सर्केडियन रिदम और कैंसर के खतरे के बीच गहरा संबंध है। इसी तरह कुछ अन्य रिसर्च के अनुसार सर्केडियन रिदम और एक्सरसाइज की टाइमिंग के बीच भी गहरा संबंध है।
2019 में की गई एक रिसर्च के अनुसार दिन के समय एक्सरसाइज करने से सर्केडियन रिदम को सुधारने में मदद मिलती है और इससे रात में अच्छी नींद आती है।
एक्सरसाइज का टाइम कैसे संबंधित है कैंसर के खतरे से?
वैज्ञानिकों ने इस रिसर्च में पाया है कि सुबह के 8 बजे से लेकर 10 बजे के बीच की जाने वाली फिजिकल एक्टिविटीज से ब्रेस्ट कैंसर (Breast Cancer) और प्रोस्टेट कैंसर (Prostate Cancer) का खतरा कम करने में मदद मिलती है। ये खतरना एक्सरसाइज न करने वालों की अपेक्षा 25% तक कम हो सकता है।
वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इसमें सर्केडियन रिदम के अलावा एस्ट्रोजन हार्मोन की भी बड़ी भूमिका हो सकती है। एस्ट्रोजन हार्मोन बढ़ने से ब्रेस्ट कैंसर का खतरा भी बढ़ता है। और एस्ट्रोजन का प्रोडक्शन सबसे ज्यादा सुबह 7 बजे के आसपास एक्टिव होता है।
इसे भी पढ़ें: 2020 में भारत में लगभग 14 लाख बढ़े कैंसर के मरीज, 27% मरीज तंबाकू खाने वाले, 14% को ब्रेस्ट कैंसर: ICMR
कैसे की गई रिसर्च?
ये रिसर्च लगभग 5 साल (2008 से 2013) तक चली जिसमें 5 हजार से ज्यादा प्रतिभागी शामिल थे। रिसर्च में 781 महिलाएं थीं, जो ब्रेस्ट कैंसर का शिकार थीं और 504 पुरुष थे जो प्रोस्टेट कैंसर का शिकार थे। इसके अलावा 2795 अन्य प्रतिभागी थे, जो पहले से ही स्पेन में कैंसर रिसर्च के लिए बनी एक टीम का हिस्सा थे। वैज्ञानिकों ने इस सभी लोगों के एक्सरसाइज की आदतों, दिनभर की फिजिकल एक्टिविटीज और एक्सरसाइज की टाइमिंग के बारे में जानकारी इकट्ठा की और उसी के आधार पर इस निष्कर्ष तक पहुंचे कि सुबह के समय एक्सरसाइज करने से कैंसर के खतरे को कम किया जा सकता है। हालांकि ये अध्ययन अभी छोटे स्तर पर किया गया है और अधिक स्पष्ट और पारदर्शी जानकारी के लिए आगे और अध्ययन करने की जरूरत है।
यहां यह बता देना जरूरी है कि अगर आपके पास सुबह एक्सरसाइज का समय नहीं है, तो आप शाम को एक्सरसाइज जरूर करें क्योंकि एक्सरसाइज न करने की अपेक्षा, किसी भी समय एक्सरसाइज करना ज्यादा फायदेमंद है।
Read More Articles on Health News in Hindi