Can Vitamin E Oil Reduce Stretch Marks: बढ़ती उम्र, गर्भावस्था या मोटापे के कारण स्किन पर निशान बनने लगते हैं। इन्हें हम स्ट्रेच मार्क्स कहते हैं। स्ट्रेच मार्क्स ज्यादातर पेट, हिप्स, जांघ, ब्रेस्ट, पीठ, आर्मपिट (बगल) या कमर पर नजर आते हैं। लोग स्ट्रेच मार्क्स को कम करने के लिए अलग-अलग उपायों की मदद लेते हैं। ऐसा ही एक उपाय है विटामिन-ई ऑयल का प्रयोग। विटामिन-ई ऑयल की मदद से स्किन को हाइड्रेट करने में मदद मिलती है और त्वचा का ग्लो बढ़ता है। लेकिन यह स्ट्रेच मार्क्स पर असरदार है या नहीं, यह जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने ओम स्किन क्लीनिक, लखनऊ के वरिष्ठ कंसलटेंट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ देवेश मिश्रा (Dr. Devesh Mishra) से बात की।
क्या स्ट्रेच मार्क्स को घटाता है विटामिन ई ऑयल?- Can Vitamin E Oil Reduce Stretch Marks
डॉ देवेश मिश्रा ने बताया कि विटामिन-ई ऑयल की मदद से स्ट्रेच मार्क्स को कम नहीं किया जा सकता। ज्यादातर लोगों को यह लगता है कि स्ट्रेच मार्क्स को हटाने में विटामिन-ई ऑयल फायदेमंद होता है। लेकिन सच यह है कि इसके पीछे ऐसी कोई ठोस स्टडी या रिसर्च उपलब्ध नहीं है, जो विटामिन-ई के फायदों को स्ट्रेस मार्क्स पर असरदार साबित कर सके। विटामिन-ई एक अच्छा एंटीऑक्सीडेंट है, जो कि प्राकृतिक रूप से हमारी स्किन में पाया जाता है। लेकिन उम्र बढ़ने के साथ यह नेचुरल ऑयल स्किन में कम होने लगता है। हालांकि विटामिन-ई युक्त क्रीम या लोशन को अप्लाई करने से स्किन को ड्राईनेस, प्रदूषण के बुरे असर और एजिंग साइन्स से कुछ हद तक बचाव मिलता है। लेकिन केवल विटामिन-ई ऑयल लगाकर आप स्ट्रेच मार्क्स हटा सकते हैं, इस बात में कोई सच्चाई नहीं है।
क्या स्ट्रेच मार्क्स से पूरी तरह से छुटकारा मिल सकता है?
स्ट्रेच मार्क्स से पूरी तरह से छुटकारा पाना संभव नहीं है। मान लीजिए कि किसी को वजन बढ़ने के कारण स्ट्रेच मार्क्स की समस्या हो रही है। अगर वह व्यक्ति वजन कम कर ले, तो क्या स्ट्रेच मार्क्स घट जाएंगे? इसका जवाब है नहीं। स्ट्रेच मार्क्स के निशान, त्वचा को हाइड्रेट रखने और त्वचा की देखभाल करने से कम जरूर हो सकते हैं लेकिन पूरी तरह से इन्हें गायब नहीं किया जा सकता।
स्ट्रेच मार्क्स को कैसे कम करें?- How to Reduce Stretch Marks
- स्ट्रेच मार्क्स को कम करने के लिए स्किन को अच्छी तरह से मॉइश्चराइज करें इससे आप स्ट्रेच मार्क्स को कम नहीं कर सकते लेकिन बढ़ने से जरूर रोक सकते हैं।
- स्ट्रेच मार्क्स को कंट्रोल करने के लिए वेट कंट्रोल करना जरूरी है, जब स्किन पर चर्बी बढ़ती है, तो स्किन खिंचने के कारण स्ट्रेच मार्क्स आ जाते हैं।
- लेजर थेरेपी की मदद से भी स्ट्रेच मार्क्स को कम किया जा सकता है।
- स्किन पर एक ही जगह ज्यादा स्ट्रेच मार्क्स होने के कारण स्किन काली हो जाती है। ऐसी स्थिति में आप एलोवेरा जेल का इस्तेमाल करें। एलोवेरा जेल की मदद से दाग-धब्बे कम होते हैं। साल 2018 की एक स्टडी में एलोवेरा जेल को दाग-धब्बों पर असरदार बताया गया है।
Study link: https://www.hmpgloballearningnetwork.com/site/wounds/article/effects-aloe-vera-wound-healing-cell-proliferation-migration-and-viability
Study Source: Wound care learning Network
उम्मीद करते हैं आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।