Bottle Gourd Juice For Kidney Patients: किडनी से जुड़ी बीमारियों में खानपान का ध्यान न रखने की वजह से परेशानियां बढ़ सकती हैं। यही कारण है कि किडनी के मरीजों को डॉक्टर भी खानपान और लाइफस्टाइल से जुड़ी सावधानियों का ध्यान रखने की सलाह देते हैं। किडनी शरीर के सबसे अहम अंगों में से है। इसका काम खून को फिल्टर करने से लेकर शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालना होता है। खानपान की गड़बड़ी के कारण ही किडनी से जुड़ी बीमारियां होती हैं। किडनी खराब होने पर शरीर में विषाक्त पदार्थ इकठ्ठा होने लगते हैं। इसकी वजह से आप कई गंभीर बीमारियों का शिकार हो सकते हैं। किडनी को हेल्दी रखने के लिए डाइट में हरी सब्जियां, ताजे फल और हेल्दी फूड्स को शामिल करना चाहिए। लोगों का सवाल है कि, क्या किडनी के मरीज लौकी का जूस पी सकते हैं? आइये इस लेख में विस्तार से जानते हैं किडनी की बीमारी में लौकी का जूस पीने से क्या होता है?
किडनी के मरीज लौकी का जूस पी सकते हैं?- Is Bottle Gourd Juice Good For Kidney Patients in Hindi
लौकी का सेवन शरीर के लिए फायदेमंद होता है। लौकी में मौजूद पोषक तत्व गुण शरीर को हेल्दी रखने और पाचन तंत्र को मजबूत बनाने का काम करते हैं। लौकी में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, हेल्दी फैट, फाइबर, आयरन, फास्फोरस और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में होते हैं। इसके अलावा लौकी में विटामिन सी, विटामिन ए, विटामिन बी और विटामिन बी5 की पर्याप्त मात्रा होती है। आरोग्यं हेल्थ सेंटर के क्लिनिकल डाइटिशियन डॉ. वी डी त्रिपाठी कहते हैं कि, "लौकी में पाए जाने वाले पोषक तत्व किडनी को हेल्दी रखने में मदद करते हैं। यही नहीं लौकी में पानी ज्यादा होता है, इसका सेवन करने से किडनी को डिटॉक्स करने में भी मदद मिलती है।" वैसे तो लौकी का सेवन सब्जी और रायता बनाने में किया जाता है, लेकिन आप डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह लेकर इसके जूस का भी सेवन कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: किडनी में पथरी क्यों होती है? आसान भाषा में समझें कैसे जमा हो जाते हैं शरीर में पत्थर
लौकी का जूस पीने के फायदे- Bottle Gourd Juice Benefits in Hindi
लौकी में मौजूद पोषक तत्व और गुण शरीर को पोषण देने के साथ बीमारियों से बचाने में भी मदद करते हैं। नियमित रूप से लौकी का जूस पीने से शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थों को बाहर करने में मदद मिलती है। लौकी का जूस नेचुरल क्लींजर के रूप में काम करता है। सुबह के समय इसका सेवन करने से शरीर के आंतरिक अंगों को फायदा मिलता है। इसका सेवन करने से पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में बहुत फायदा मिलता है। लौकी में फाइबर की पर्याप्त मात्रा होती है, पाचन से जुड़ी परेशानियों में फाइबर युक्त फूड्स का सेवन करने की सलाह दी जाती है। यही नहीं लौकी का सेवन करने से किडनी की पथरी में भी फायदा मिलता है। इसके अलावा डायबिटीज के मरीजों के लिए भी लौकी का जूस फायदेमंद माना जाता है।
लौकी का जूस पीने के नुकसान- Side Effects of Bottle Gourd Juice in Hindi
लौकी का जूस वैसे तो सभी के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन बिना एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह के इसका सेवन नहीं करना चाहिए। बहुत ज्यादा लौकी का जूस पीने से शरीर में एलर्जी हो सकती है। इसके अलावा लौकी का जूस सुबह खाली पेट पीने से कुछ लोगों को पाचन तंत्र से जुड़ी परेशानियों का खतरा रहता है। कुछ लोगों को कच्ची लौकी सूट नहीं करती हैं, उन्हें इसका जूस पीने से बचना चाहिए। बहुत ज्यादा लौकी का जूस पीने से आपको चक्कर आने की समस्या, आंखों के सामने अंधेरा छाने जैसी परेशानियां हो सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: किडनी स्टोन से बचने के लिए फॉलो करें ये 5 टिप्स, डाइट और रूटीन में बदलाव है जरूरी
लौकी का जूस बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं पीना चाहिए। इसका सेवन करने से आपको पेशाब की जलन और किडनी की पथरी जैसी परेशानियों में बहुत फायदा मिलता है। लेकिन लौकी का सेवन करते समय इसकी मात्रा का ध्यान जरूर रखना चाहिए।
(Image Courtesy: Freepik.com)