Expert

भीगी मूंग और किशमिश साथ में खाने के फायदे, जानें एक्सपर्ट से

हम सभी जानते हैं कि किशमिश खाने से कई तरह के स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं, लेकिन क्या आप यह जानते हैं कि भीगी मूंग और किशमिश को साथ में खाने के ढेरों फायदे हैं? तो आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि दोनों को साथ में खाने से क्या स्वास्थ्य लाभ हैं और सेवन का तरीका क्या है।
  • SHARE
  • FOLLOW
भीगी मूंग और किशमिश साथ में खाने के फायदे, जानें एक्सपर्ट से


Benefits of eating Soaked Moong and Raisins: सभी जानते हैं कि किशमिश का सेवन बहुत फायदेमंद होता है, लेकिन किशमिश के साथ भीगी हुई मूंग खाएं। इससे भरपूर पोषण मिलता है और ढेरों फायदे मिलते हैं। दरअसल, किशमिश और मूंग दोनों में ही भरपूर पोषक तत्व होने के कारण सेहत को कई लाभ मिलते हैं। दोनों ही चीजें भारतीय रसोई में मौजूद होती हैं। आइए पहले ये जानते हैं कि दोनों को साथ में खाने से क्या फायदे मिलते हैं और सेवन का सही तरीका क्या है। हमने इस विषय पर बेंगलुरु के एस्टर व्हाइटफील्ड अस्पताल की डाइटीशियन वीना वी (Ms. Veena V, Chief Clinical Dietician, Aster Whitefield Hospital, Bengaluru) से विस्तार में बात की।

डाइटीशियन वीना वी कहती हैं कि अगर किशमिश और मूंग को रात में भिगोकर सुबह खाएं, तो यह ज्यादा प्रभावशाली है और स्वास्थ्य लाभ के लिए बेहतर है। डाइटीशियन कहती हैं कि अगर आप इसको रोज सुबह खाने की आदत बना लेते हैं, तो आपके लिए यह वरदान की तरह साबित हो सकता है।

मूंग और किशमिश को भिगोना क्यों जरूरी है-Why is it necessary to soak moong and raisins?

मूंग और किशमिश भिगोना सिर्फ एक रस्म नहीं है। मूंग को जब आप भिगोते हैं, तो इसमें मौजूद फाइटिक एसिड कम होता है, क्योंकि यह एसिड धुल जाता है और दाल रह जाती है। बता दें कि यह फाइटिक एसिड एक ऐसा यौगिक है, जो आयरन, कैल्शियम और जिंक जैसे जरूरी पोषक तत्वों के अवशोषण को बाधित कर सकता है। इसीलिए मूंग को भिगोना जरूरी है। इसी तरह, किशमिश को भिगोने से उन्हें पचाना आसान हो जाता है और नेचुरल शुगर और एंटीऑक्सीडेंट ज्यादा प्रभावी तरीके से रिलीज होते हैं। आपको बता दें कि भीगे हुए किशमिश के पानी का भी अक्सर सेवन किया जाता है, खासकर कब्ज या थकान से परेशान रहने वाले लोग इसका सेवन करते हैं। 

इसे भी पढ़ें- खाने की थाली में होगी ये 3 दाल तो नहीं होगी शरीर में कैल्शियम की कमी, एक्सपर्ट से जानें क्यों हैं फायदेमंद?

मूंग और किशमिश में पोषक तत्व-Nutritional value in Moong and Raisins

मूंग और किशमिश दोनों में ही जरूरी पोषण मौजूद होता है और दोनों को खाने से कई तरह के स्वास्थ्य लाभ होते हैं। बता दें कि मूंग की दाल प्रोटीन, फाइबर, आयरन, पोटेशियम, फोलेट और बी-विटामिन का अच्छा स्रोत है। तो वहीं किशमिश इनमें प्राकृतिक शर्करा, आयरन, मैग्नीशियम, एंटीऑक्सीडेंट (जैसे रेस्वेराट्रोल और कैटेचिन) का बेहतर स्रोत है और थोड़ी मात्रा में कैल्शियम भी पाया जाता है। जब ये दोनों मिल जाते हैं, तो साथ मिलकर कम वसा, ज्यादा फाइबर और खनिज युक्त अच्छा संयोजन बनाते हैं, जो स्वाभाविक रूप से ग्लूटेन मुक्त और शाकाहारी अनुकूल है।

Benefits of eating soaked moong and raisins

मूंग और किशमिश साथ में खाने के फायदे-Benefits of eating Moong and Raisins together

मूंग और किशमिश को साथ में खाने से 1 या 2 नहीं, ढेरों लाभ मिलते हैं। तो आइए जानते हैं कि दोनों को रात में भिगोकर सुबह नाश्ते के रूप में खाने से आपकी सेहत को मिलने वाले फायदे क्या हैं।

1. पाचन और आंत के स्वास्थ्य में मदद

भीगे हुए मूंग में भरपूर मात्रा में डाइटरी फाइबर होता है, जिससे मल त्याग करने में परेशानी नहीं होती और कब्ज से बचाव में मदद मिलती है। किशमिश भिगोकर खाने से यह पेट के लिए मुलायम हो जाती है। बता दें कि इसमें टार्टरिक एसिड होता है, एक ऐसा यौगिक जो अच्छे आंत बैक्टीरिया के लिए जाना जाता है। यह आंत की गतिशीलता में सुधार और सूजन को कम करने में मदद कर सकता है, खासकर अगर इसे सुबह खाली पेट खाया जाए।

2. ब्लड शुगर को कंट्रोल करता है और ऊर्जा बनाए रखता है

दरअसल, किशमिश नेचुरल रूप से मीठी होने के बावजूद, इसमें ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है। अगर आप किशमिश का संतुलित मात्रा में सेवन करते हैं तो आपके लिए यह फायदेमंद साबित हो सकती है। बता दें कि यह फाइबर से भरपूर होती है। जब आप इसे मूंग के प्रोटीन और कॉम्प्लेक्स कार्ब्स के साथ मिलाते हैं, तो ये धीरे-धीरे और लगातार ऊर्जा प्रदान करते हैं, जो इसे नाश्ते या सुबह के नाश्ते के लिए एक बेहतर विकल्प बनाता है, खासकर उन लोगों के लिए जिन्हें ब्लड शुगर की समस्या रहती है।

3. आयरन के स्तर में सुधार और थकान कम करता है

मूंग और किशमिश दोनों ही आयरन के अच्छे स्रोत हैं। आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया से जूझ रहे लोगों, खासकर महिलाओं, के लिए यह हीमोग्लोबिन के स्तर को बनाए रखने में मदद कर सकता है। भीगी हुई किशमिश में मौजूद विटामिन सी आयरन के अवशोषण में भी मदद करता है, जिससे मूंग दाल से मिलने वाले आयरन का उपयोग और ज्यादा बढ़ जाता है।

4. हृदय स्वास्थ्य के लिए बेहतर और सूजन को कम करता है

बता दें कि मूंग में मौजूद पोटैशियम ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करता है, जबकि किशमिश में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट हृदय को तनाव से बचाते हैं। मूंग में सूजन-रोधी गुण भी पाए जाते हैं। जब आप इन दोनों को साथ में खाते हैं, तो यह दिल के स्वास्थ्य को बेहतर करने में मदद करता है और शरीर में सूजन को भी बाधित कर देता है।

5. त्वचा की चमक और बालों के स्वास्थ्य में मदद करता है

मूंग और किशमिश अपने भरपूर एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन गुणों के कारण कई स्वास्थ्य लाभ देते हैं। दोनों ही समय के साथ त्वचा की बनावट और बालों की मजबूती में सुधार ला सकते हैं। किशमिश में नेचुरल यौगिक होते हैं जो त्वचा की कोशिकाओं को क्षति और उम्र बढ़ने से बचाते हैं, जबकि मूंग जिंक और फोलेट का अच्छा स्रोत है। ये दोनों ही त्वचा की मरम्मत और बालों के विकास के लिए जरूरी हैं।

इसे भी पढ़ें- दूध नहीं पिएं हल्दी वाली चाय, दूर होगी थकावट और मानसून में रहेंगे चुस्त दुरुस्त

मूंग और किशमिश के सेवन का सही तरीका-The right way to consume Moong and Raisins

  • 1-2 बड़े चम्मच साबुत हरी मूंग और 8-10 किशमिश को रात भर पानी में भिगो दें।
  • इन्हें सुबह सबसे पहले एक साथ या स्वाद के लिए नींबू के रस या शहद के साथ मिलाकर सेवन करें।
  • ध्यान रखें कि मूंग इतनी मुलायम हो कि उसे आसानी से चबाया जा सके। अंकुरित मूंग भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

निष्कर्ष
हम सभी जानते हैं कि सेहत का ध्यान रखना बहुत जरूरी है, लेकिन भागती दौड़ती जिंदगी में जरूरी पोषण वाली चीजों के बारे में सोचते ही नहीं और सप्लीमेंट्स के पीछे भागते हैं। अब जरूरी पोषण चाहते हैं, तो सप्लीमेंट्स का सहारा छोड़ दें, रात में हरी मूंग और किशमिश रात में भिगोकर डालें और सुबह इसका सेवन करें। भीगे हुए मूंग और किशमिश खाने की आम आदत शरीर को पोषण देने का एक नेचुरल, किफायती और प्रभावी तरीका है, चाहे आप पाचन में सुधार करना चाहते हों, ऊर्जा बढ़ाना चाहते हों, या स्वास्थ्य को बेहतर बनाना चाहते हों। किशमिश और मूंग कई तरह से फायदेमंद हैं।

FAQ

  • रात में कितनी किशमिश भिगोकर खाएं?

    रात में 8 से 10 किशमिश भिगोकर सुबह खाएं, यह आपकी सेहत के लिए फायदेमंद साबित होगी। इसके अलावा, आप भीगी हुई किशमिश के पानी का सेवन भी कर सकते हैं।
  • मूंग और किशमिश खाने से क्या होता है?

    मूंग और किशमिश साथ में खाने से शरीर को जरूरी पोषण मिलता है और सेहत को ढेरों फायदे मिलते हैं। 
  • सुबह खाली पेट भीगे हुए मूंग खाने से क्या होता है?

    सुबह खाली पेट भीगे हुए मूंग खाने से पाचन में सुधार होता है और वजन कम करने में मदद मिलती है। हालांकि, इसके अन्य भी फायदे हैं, जैसे यह बालों और त्वचा के लिए भी फायदेमंद है। 

 

 

 

Read Next

Sawan Vrat 2025: सावन व्रत में लो BP को कहें गुडबाय, एक्‍सपर्ट से जानें क्‍या खाएं और क्‍या नहीं

Disclaimer

TAGS