Ayurvedic Diet Plan For Fatty Liver In Hindi: फैटी लिवर की समस्या आजकल काफी आम हो गई है। इस बीमारी में लिवर की कोशिकाओं में ज्यादा मात्रा में फैट जमा हो जाता है। फैटी लिवर का मुख्य कारण गलत खानपान और खराब जीवनशैली है। इसके अलावा, जो लोग शराब का बहुत अधिक सेवन करते हैं, उन्हें यह बीमारी होने का खतरा सबसे अधिक होता है। फैटी लिवर होने पर लिवर में सूजन बढ़ने लगती है, जिससे लिवर डैमेज होने का भी खतरा रहता है। फैटी लिवर के मरीजों में पेट के दाहिने ओर दर्द, थकान, कमजोरी, वजन घटना और पैरों में सूजन जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। फैटी लिवर की समस्या का सही समय पर उपचार न करने से मरीज की जान भी जा सकती है। फैटी लिवर की समस्या को ठीक करने के लिए खानपान और जीवनशैली में सुधार करना बहुत जरूरी है। फैटी लिवर को ठीक करने के लिए आप आयुर्वेद की ओर रुख कर सकते हैं। आयुर्वेद के अनुसार अपने आहार में बदलाव करके आप फैटी लिवर की परेशानियों को दूर कर सकते हैं। आयुर्वेद शरीर के त्रिदोषों (वात, पित्त और कफ) को संतुलित करने पर केंद्रित है। आयुर्वेदिक डाइट प्लान को फॉलो करने से आपको न सिर्फ फैटी लिवर की समस्या से राहत मिल सकती है, बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य को भी फायदा होगा। फैटी लिवर की समस्या में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं, इसके बारे में जाने के लिए हमने आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ रितु चड्ढा (BAMS) से बातचीत की। आज आरोग्य विद आयुर्वेद सीरीज के इस लेख में हम फैटी लिवर से राहत पाने के लिए आयुर्वेदिक डाइट प्लान बता रहे हैं -
फैटी लिवर क्यों होता है? - What Is Fatty Liver
डॉ रितु चड्ढा बताती हैं, "आयुर्वेद में यकृत (लिवर) को चयपचय (मेटाबॉलिज्म) के लिए एक महत्वपूर्ण अंग मानता है। यह पाचन और विषाक्त पदाथों को बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और शरीर को स्वस्थ रखने में योगदान करता है। आयुर्वेद में पित्त दोष को लिवर में स्थित माना जाता है। लिवर को पाचन अग्नि के स्रोतों में से एक के रूप में भी जाना जाता है। शरीर में किसी भी दोष में असंतुलन अस्थिर अग्नि को जन्म दे सकता है, जिससे फैटी लिवर की समस्या हो सकती है। सिर्फ शराब पीने के कारण ही फैटी लिवर की समस्या नहीं होती है। मोटापा भी शरीर में वसा को बढ़ा सकता है, जिससे लिवर के लिए भोजन को तोड़ना अधिक कठिन हो जाता है। इसकी वजह से वसा हमारे लिवर में जमा होने लगती है, जिससे लिवर फैटी हो जाता है।"
फैटी लिवर में क्या खाएं? - What To Eat In Fatty Liver
डॉ रितु चड्ढा के मुताबिक, फैटी लिवर के मरीजों को अपनी डाइट में ढेर सारे ताजे फल और सब्जियां शामिल करने चाहिए। साथ ही, फाइबर से भरपूर खाद्य पदार्थों, जैसे फलियों और साबुत अनाज का सेवन करना चाहिए। इसके अलावा, फैटी लिवर की समस्या में अखरोट, ग्रीन टी, मछली और डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन भी फायदेमंद माना जाता है।
इसे भी पढ़ें: आयुर्वेद के अनुसार लिवर को हेल्दी रखते हैं ये 5 फूड्स, डाइट में करें शामिल
फैटी लिवर में क्या न खाएं? - What To Avoid In Fatty Liver
डॉ रितु चड्ढा बताती हैं, "फैटी लिवर के मरीजों को ज्यादा मिर्च-मसालेदार, तैलीय भोजन, रेड मीट, पास्ता, मीठी चीजें और अल्कोहल का सेवन करे से बचना चाहिए। ये सभी चीजें लिवर को खराब करके उसकी कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकते हैं। इससे लिवर से संबंधी अन्य समस्याओं का जोखिम भी बढ़ सकता है।
फैटी लिवर के लिए आयुर्वेदिक डाइट प्लान - Ayurvedic Diet Plan For Fatty Liver In Hindi
सुबह खाली पेट
डॉ रितु चड्ढा बताती हैं कि फैटी लिवर के मरीजों को सुबह सबसे पहले नींबू पानी, मेथी का पानी, एलोवेरा या आंवले का रस पीना चाहिए। इससे शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थ आसानी से बाहर निकल जाते हैं और लिवर की कार्यक्षमता में सुधार होता है।
ब्रेकफास्ट
फैटी लिवर के मरीजों को सुबह नाश्ते में चाय, बिस्कुट, व्हाइट ब्रेड या बेसन से बनी चीजें खाने से परहेज करना चाहिए। ब्रेकफास्ट में आप ओट्स का चीला, उपमा, दलिया, इडली या फ्रूट चाट खा सकते हैं।
मिड-मॉर्निंग स्नैक्स
आप 11-12 बजे नारियल पानी, छाछ, सत्तू या हर्बल ड्रिंक का सेवन कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: लिवर को डिटॉक्स करने के लिए घर पर बनाएं ये आयुर्वेदिक चाय, मिलेंगे कई फायदे
लंच
दोपहर के खाने में आप रोटी-हरी सब्जी, चावल, हरी मूंग / पीली मूंग दाल, सलाद या मूंग दाल खिचड़ी का सेवन कर सकते हैं।
स्नैक्स
शाम को स्नैक्स में आप दूध वाली चाय या कॉफी पीने के बजाय हर्बल टी या ग्रीन टी का सेवन करें। इसके साथ आप मखाने या मुरमुरे खा सकते हैं।
डिनर
रात्रि का भोजन आपको 8 बजे से पहले कर लेना चाहिए। अगर आपको फैटी लिवर की समस्या है, तो डिनर में वेजिटेबल सूप / वेजिटेबल दलिया, दाल-चावल या सॉटेड वेजिटेबल खा सकते हैं।
अगर आपको फैटी लिवर की समस्या है, तो आप आयुर्वेदिक एक्सपर्ट के द्वारा बताए इस डाइट प्लान और टिप्स को फॉलो कर सकते हैं। आयुर्वेद से जुड़े इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए हमारी 'आरोग्य विद आयुर्वेद' सीरीज के साथ जुड़े रहें। उम्मीद है कि आपको हमारा यह आर्टिकल पसंद आया होगा। इस आर्टिकल को अपने दोस्तों और परिचितों के साथ जरूर शेयर करें।