Arthritis In Fingers Causes: बदलती जीवनशैली और खानपान में गड़बड़ी की वजह से लोग कई तरह की बीमारियों का शिकार हो जाते हैं। खानपान और जीवनशैली में खराबी की वजह से ही गठिया की समस्या होती है। आमतौर पर लोगों को लगता है कि गठिया या अर्थराइटिस की समस्या सिर्फ पैरों में ही होती है। लेकिन ऐसा बिलकुल भी नहीं है, गठिया आपके हाथ में भी हो सकती है। हाथ की उंगलियों में गठिया (Arthritis in Fingers) की समस्या बहुत गंभीर होती है और सही समय पर इलाज न लेने पर कई अन्य नुकसान भी होते हैं। यह समस्या सिर्फ बुजुर्गों में ही नहीं बल्कि युवाओं में भी देखने को मिलती है। गठिया की वजह से आपकी उंगलियां सुन्न हो सकती हैं और कई अन्य परेशानियां भी हो सकती हैं। आइये इस लेख में विस्तार से जानते हैं हाथ की उंगलियों में गठिया के कारण, लक्षण और बचाव के बारे में।
हाथ की उंगलियों में गठिया के कारण- What Causes Arthritis in Fingers in Hindi
खानपान में गड़बड़ी, भागदौड़ भरी जीवनशैली और मोटापे की वजह से हाथों में गठिया का खतरा ज्यादा रहता है। आमतौर पर यह समस्या 30 से 50 साल की उम्र के लोगों में ज्यादा देखने को मिलती है। लेकिन खानपान में गड़बड़ी और असंतुलित जीवनशैली की वजह से गठिया का खतरा कम उम्र में भी रहता है। बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजिशियन डॉ. समीर कहते हैं कि मोटापे की वजह से यह समस्या सबसे ज्यादा देखने को मिलती है। इसके अलावा हाथों में किसी तरह की चोट लगने या उंगलियों में फ्रैक्चर की वजह से भी इस गंभीर समस्या का खतरा रहता है। इसके अलावा जोड़ों में बहुत ज्यादा यूरिक एसिड बढ़ने की वजह से भी आपको हाथों में अर्थराइटिस या गठिया हो सकता है। कुछ लोगों में यह समस्या आनुवांशिक कारणों से भी होती है।
इसे भी पढ़ें: कलाई और उंगलियों में दर्द हो सकता है हाथों में गठिया का संकेत, जानें इसके लक्षण और बचाव के उपाय
हाथ की उंगलियों में गठिया के लक्षण- Symptoms Of Arthritis in Fingers in Hindi
हाथ की उंगलियों में गठिया होने पर ये लक्षण दिखाई देते हैं-
- काम करने में दिक्कत
- उंगलियों और जोड़ों में दर्द
- उंगलियों में सूजन
- मुट्ठी बंद करने और खोलने में दिक्कत
- किसी चीज को पकड़ने में परेशानी
- उंगलियों का सुन्न होना
- उंगलियों में झनझनाहट
- कंप्यूटर या लैपटॉप पर टाइप करने में दिक्कत
हाथ की उंगलियों में गठिया से बचाव- Arthritis In Fingers Prevention in Hindi
हाथ की उंगलियों में गठिया के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इस समस्या में वजन पर सबसे ज्यादा ध्यान देना चाहिए। ज्यादा वजन वाले लोगों में यह समस्या सबसे ज्यादा होती है, इसलिए वजन कंट्रोल करना चाहिए। इसके अलावा हाथ की उंगलियों में गठिया होने पर आपको खानपान में सुधार करना चाहिए। हाथ की उंगलियों में गठिया होने पर रोजाना व्यायाम करना चाहिए और हाथों की गर्म और ठंडी सिकाई करें। इसके अलावा यूरिक एसिड को कंट्रोल करें।
(Image Courtesy: Freepik.com)