गर्मी में पसीना आना स्वाभाविक है, मगर कुछ लोगों को सामान्य से ज्यादा पसीना आता है। ऐसे लोग गर्मियों में काफी परेशान होते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है जब आप कोई जरूरी काम करें और पसीने के कारण अपना ध्यान काम में न लगा पाएं। वैसे तो हमारी सेहत के लिए पसीना निकलना फायदेमंद है, क्योंकि पसीने के माध्यम से शरीर में मौजूद गंदगी (टॉक्सिन्स) बाहर निकल जाती है। आपको जानकर हैरानी होगी कि हमारे शरीर में पसीने की ग्रंथियों की संख्या लगभग 30 लाख है।
पसीने के साथ-साथ शरीर की गंदगी बाहर निकलती है। यही कारण है कि पसीने से बदबू आती है। कई बार ज्यादा पसीना निकलने का कारण आपकी ही कुछ गलतियां होती हैं। आइए आपको बताते हैं गर्मी में कुछ गलतियां, जो बन सकती हैं ज्यादा पसीना निकलने का कारण।
गहरे रंग या सिंथेटिक कपड़े पहनना
गर्मी के मौसम में आपको हल्के रंग के कपड़े पहनने चाहिए। गहरे रंग के कपड़े ऊष्मा (हीट) को ज्यादा अवशोषित करते हैं, जिससे आपको ज्यादा गर्मी लगती है। इसके अलावा इस मौसम में आपके लिए कॉटन (सूती) के कपड़े पहनना अच्छा होता है। सूती कपड़े अच्छी तरह पसीना सोखते हैं। अगर आप सिंथेटिक कपड़े पहनते हैं, तो आपको ज्यादा पसीना आता है।
इसे भी पढ़ें:- ऑफिस में काम के दौरान होता है सिरदर्द, तो इन 5 उपायों से पाएं तुरंत राहत
टॉप स्टोरीज़
गलत फेस क्रीम का प्रयोग
गर्मी के मौसम में अगर आप गलत फेस क्रीम का प्रयोग करते हैं, तो आपको बहुत ज्यादा पसीना आता है। कुछ फेस क्रीम ऐसी होती हैं, जिन्हें लगाते ही आपको पसीना आने लगता है। इसके अलावा कुछ मॉइश्चराइजर भी आपके चेहरे पर ज्यादा पसीना लाते हैं और आपके रंग को गहरा कर देते हैं। दरअसल गर्मी के मौसम में आपको माइल्ड फेस क्रीमऔर वाटर बेस्ड मॉइश्चराइजर का प्रयोग करना चाहिए। अगर आप ऑयल वाले फेस क्रीम्स इस्तेमाल करेंगे, तो आपको खूब पसीना आएगा।
मिर्च-मसाले वाला भोजन
अगर आप बहुत ज्यादा मिर्च-मसाले वाला भोजन करते हैं या तेल में बनी चीजें ज्यादा खाते हैं, तो आपको गर्मी ज्यादा सताती है। खासकर इस मौसम में गर्म मसालों का प्रयोग बहुत सीमित मात्रा में करना चाहिए। गर्मी के मौसम में आपकी पाचन क्षमता कम हो जाती है। इसलिए डॉक्टर सलाह देते हैं कि आपको इस मौसम में ज्यादा से ज्यादा फल-सब्जियां और सादा खाना खाना चाहिए। इसके अलावा आपको ज्यादा से ज्यादा पानी और दूसरे तरल आहार लेने चाहिए।
इसे भी पढ़ें:- एसी में ज्यादा समय रहने वालों को होता है इन 5 बीमारियों का खतरा, रहें सावधान
चाय-कॉफी का सेवन
जो लोग चाय-कॉफी का ज्यादा सेवन करते हैं, उनको भी खूब पसीना आता है। गर्म पेय पदार्थ आपके शरीर के तापमान को बढ़ा देते हैं। इसलिए इस मौसम में आपको ठंडी तासीर वाले पेय पदार्थ जैसे- छाछ, दही की लस्सी, आम का पना, बेल का जूस आदि पीना चाहिए।
आइसक्रीम या बर्फ का सेवन
बर्फ आपको भले ठंडी महसूस होती है मगर इसकी तासीर गर्म होती है। अगर आप बर्फ या बर्फ वाले दूसरे खाद्य पदार्थ जैसे- आइस क्रीम, कुल्फी आदि खाते हैं, तो भी आपको ज्यादा गर्मी लगती है। इनकी जगह आप रसीले फल और ताजी सब्जियों का सेवन करें।
Read More Articles On Mind & Body in Hindi