
चेहरा धोने के लिए फेस वॉश का प्रयोग आप रोज करती हैं। बाजार में मिलने वाले ज्यादातर फेसवॉश में हानिकारक केमिकल्स होते हैं, जिनका लंबे समय तक प्रयोग त्वचा के लिए खतरनाक हो सकता है। चेहरे पर तुरंत निखार लाने और दाग-धब्बों को मिटाने का दावा करने वाले तमाम फेसवॉश में ऐसे तत्व मिले होते हैं, जिनसे सामान्य त्वचा रोगों से लेकर स्किन कैंसर तक का खतरा होता है। इसलिए अगर आप लंबे समय तक अपनी त्वचा पर प्राकृतिक चमक और खूबसूरती बरकरार रखना चाहती हैं, तो नैचुरल फेस वॉश का प्रयोग करें। चेहरे को साफ करने के लिए नैचुरल फेस वॉश को आप घर पर ही आसानी से बना सकती हैं। आइए आपको बताते हैं कि किस तरह आप घर पर बना सकते हैं प्राकृतिक फेस वॉश।
एलोवेरा जेल से बनाएं फेस वॉश
एलोवेरा को त्वचा के लिए वरदान माना जाता है। त्वचा की हर समस्या में एलोवेरा फायदेमंद है। एलोवेरा से बने फेस वॉश का इस्तेमाल कर सॉफ्ट और ग्लोइंग त्वचा पा सकते हैं। इस फेस वॉश को बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में एक चौथाई कप (3 बड़े चम्मच) एलोवेरा जेल, 2 चम्मच बादाम तेल और 2 चम्मच गुलाबजल लें। इस सभी सामग्रियों को अच्छी तरह मिक्स करें। बस आपका फेस वॉश तैयार है। इस फेस वॉश से चेहरा धोने से चेहरे पर निखार आता है। साथ ही कील-मुंहासे, दाग-धब्बे, झुर्रियां और झाइयां दूर हो जाती हैं।
इसे भी पढ़ें:- 2 मिनट में चेहरे पर निखार और चमक लाएं, आजमाएं ये 5 स्किन रिफ्रेशिंग टिप्स
इंस्टैंट ग्लो के लिए बनाएं इमली का फेस वॉश
चेहरे पर तुरंत निखार पाने और दाग-धब्बों को दूर करने के लिए इमली का फेस वॉश आपके लिए बहुत फायदेमंद होगा। इसे बनाने के लिए सबसे पहले 2 चम्मच इमली का पल्प और 1 चम्मट दही लेकर इसे अच्छी तरह ब्लेंड कर लें। इस पेस्ट को एक बाउल में निकालें। अब इस पेस्ट में विटामिन ई का एक कैप्सूल फोड़कर डालें। साथ ही एक चम्मच गुलाबजल और एक चम्मच शहद डालकर सभी सामग्रियों को अच्छी तरह मिलाएं। सबसे आखिरी में जोजोबा ऑयल या बादाम का तेल डालें और अच्छी तरह मिलाएं। आपका फेस वॉश तैयार है। इसे किसी एयर टाइट जार में भर कर रख लें। इस फेसवॉश से दिन में 2 बार चेहरा धोएं। इससे चेहरा धोते ही आपके चेहरे पर निखार आ जाएगा और चेहरे की सफाई हो जाएगी।
टमाटर का फेस वॉश
टमाटर चेहरे को आसानी से ब्लीच और साफ कर देता है। टमाटर फेस वॉश बनाने के लिए 1 चम्मच टमाटर का पल्प लेकर उसमें 1 चम्मच दूध और 1 चम्मच नींबू का रस मिलाएं। इससे चेहरे पर लगाते ही फ्रेशनेस आ जाएगी। या एक बड़े चम्मच टमाटर के रस में नींबू के रस की चार बूंदे मिलाकर कॉटन की मदद से त्वचा पर लगाकर रगड़ें। फिर इसे 5 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। टमाटर फेस वॉश से टैनिंग हटेगी तथा स्किन के पोर्स भी खुल जाएगे। साथ ही इससे स्किन में कसाव भी आयेगा।
इसे भी पढ़ें:- चेहरे की त्वचा के पर चमक और खूबसूरती के लिए जरूरी हैं सौंदर्य के ये 6 नियम
कच्चे दूध से करें चेहरे की सफाई
अगर आपको फेस वॉश से एलर्जी होती है तो कच्चा दूध आपके लिए बहुत फायदेमंद है। एक कंटेनर में कच्चा दूध लें और कॉटन को इसमें डूबो कर हल्के हाथों से लगभग 5 मिनट तक चेहरा साफ करें। रोजाना ऐसा करने से चेहरे पर नेचुरल निखार आता है।
ऐसे अन्य स्टोरीज के लिए डाउनलोड करें: ओनलीमायहेल्थ ऐप
Read More Articles On Skin Care in Hindi