अक्सर ऐसा कहा जाता है कि मनुष्य के शरीर का 75 फीसदी हिस्सा पानी से बना है और शरीर को स्वस्थ रखने के लिए उस हिस्से को बनाए रखना बेहद जरूरी है। स्वस्थ शरीर के लिए दिन में कम से कम 8 से 9 गिलास पानी पीना बेहद जरूरी माना जाता है। डॉक्टरों की भी राय होती है कि अगर कोई व्यक्ति रोजाना 8 से 9 गिलास पानी नहीं पीता हैं तो उसके शरीर में कई प्रकार की समस्याएं हो सकती हैं। ऐसा भी मुमकिन है कि शरीर में पानी की कमी कई गंभीर बीमारियों को न्यौता न दे दे। लेकिन शरीर में पानी की कमी के लक्षणों को पहचान पाना बेहद मुश्किल है क्योंकि आपको अधिकतर मामलों में उसकी जानकारी ही नहीं हो पाती। ऐसे बहुत से लोग हैं, जिन्हें इस बात का अंदाजा नहीं होता कि उनके शरीर में पानी की कमी है या हो गई है। ऐसे में दूसरों की राय आपके लिए घातक साबित हो सकती है। अगर आप भी सोच रहे हैं कि शरीर में पानी की कमी का पता कैसे लगाएं तो हम आपको बताने जा रहे हैं कि हमारा शरीर पानी की कमी होने पर कुछ संकेत देता है, जिसके जरिए आप इस समस्या को हल कर सकते हैं।
शरीर में पानी की कमी होने पर दिखाई देते हैं ये 3 संकेत
पेशाब का रंग
अक्सर जब भी हमारे शरीर में पानी की कमी होती है तो ढेर सारे लक्षण दिखाई देते हैं, लेकिन हम उन्हें पहचानने में असमर्थ होते हैं क्योंकि हमें उनके बारे में पता नहीं होता। इसमें सबसे पहला लक्षण, जो हमें दिखाई देता है वह है पेशाब का रंग पीला पड़ना। जब भी आप पेशाब करते हैं और पेशाब का रंग आपको पीला दिखाई दे तो समझ लीजिए कि आपके शरीर में पानी की कमी हो गई है। पेशाब के दौरान हल्की जलन होना भी इस बात का संकेत है कि शरीर में पानी की कमी हो गई है। इस प्रकार की समस्या से बचने के लिए आपको निरंतर अंतराल पर पानी पीना चाहिए और शरीर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए रोजाना 2 से 3 लीटर पानी पीना चाहिए।
इसे भी पढ़ेंः शरीर में दिखाई दे ये 5 संकेत तो समझ लीजिए हो गई है कैल्शियम की कमी, जानें कैसे पूरी होगी कमी
मुंह से बदबू आना
शरीर में पानी की कमी होने पर जो दूसरा लक्षण दिखाई देता है वह है हमारे मुंह से बदबू आना। दरअसल जब हमारे शरीर में पानी कमी हो जाती है तो हमारा मुंह सूखने लगता है और मुंह से बांस आने लगती है। इसके पीछे ये भी कारण है कि पानी की कमी के कारण मुंह में लार कम मात्रा में बनती है, जिसके कारण भी मुंह से बदबू आने लगती है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो तुरंत ज्यादा पानी पीना शुरू करें तभी इस समस्या से निजात मिलेगी।
इसे भी पढ़ेंः इन 3 तरीकों से दूर करें पेट और आंत में जमा गंदगी, शरीर हमेशा रहेगा स्वस्थ
सिर में दर्द होना
जिन व्यक्तियों के शरीर में पानी की कमी होती है उनके सिर में अक्सर दर्द रहने लगता है। अक्सर लोग इससे बचने के लिए दवाईयों का सहारा लेते है, जो उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। और बार-बार दवाईयों का सेवन आपके शरीर को भी अंदर से नुकसान पहुंचाता है। इसलिए इससे बचने का उपाय है कि आप दिन में 8 से 9 गिलास पानी जरूर पीएं। ऐसा करने से आप सिरदर्द और अन्य बीमारियों से भी बचे रहेंगे।
Read More Articles On Miscellaneous in Hindi