चमकीले और गुलाबी रंग के इस फल को ड्रैगन फ्रूट या फिर पिताया के नाम से जाना जाता है। आमतौर पर यह फल अमेरिका में पाया जाता है। कीवी जैसा रसीला यह फल जितना स्वाद में अच्छा होता है, उतना ही सेहत के लिए भी फायदेमंद है। ड्रैगन फ्रूट आपके स्वास्थ्य के साथ-साथ आपकी त्वचा और बालों के लिए भी फायदेमंद होता है। इस फल की दो किस्में होती हैं- एक सफेद और एक लाल-गुलाबी। ड्रैगन फ्रूट दिखने में थोड़ा अनानास जैसा होता है। लेकिन उसके अंदर के छोटे काले बीज और स्वाद में कीवी और नाशपती से कुछ हद तक मिलता-जुलता है। ड्रैगन फ्रूट में फाइटोन्यूट्रिएंट्स, विटामिन्स और मिनरल्स मौजूद होते हैं। यह फल एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन सी, पॉलीअनसेचुरेटेड फैटी एसिड, कैरोटीन और प्रौटीन से भरपूर है। इस फल को आप बाकी के फल की तरह स्मूदी बनाकर भी खा सकते हैं। आप चाहें तो इसे सलाद के तौर पर भी खा सकते हैं। इसके कई हेल्थ बेनेफिट्स होते हैं। इसमें कार्बोहाइड्रेट और थियामिन भी है, जो आपके पाचन तंत्र में भोजन को आसानी से पचने में मदद करता है। तो आइए जानते हैं कि ड्रैगन फ्रूट से सेहत को क्या-क्या फायदे होते हैं।
कोलेस्ट्रॉल को कम करने में सहायक
खान-पान और जीवनशैली में कुछ बदलावों से कोलेस्ट्रॉल को कम किया जा सकता है। ऐसे फल और सब्जियों का सेवन किया जा सकता है, जिससे कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखा जा सके। ड्रैगन फ्रूट में कोलेस्ट्रॉल कम मात्रा में होता है। यह न केवल आपको बल्कि आपके हृदय को भी स्वस्थ रखता है। ड्रैगन फ्रूट पॉलीअनसेचुरेटेड वसा, ओमेगा-3 और ओमेगा-6 फैटी एसिड से भरपूर है, जो कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है। इसमें प्रचुर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट के साथ एलडीएल के स्तर से लड़ने की क्षमता भी होती है।
पेट संबंधी बीमारियों में मदद
ड्रैगन फ्रूट फाइबर का एक अच्छा स्त्रोत है। यह ऐसा फल है, जो आपके पेट संबंधी कई बीमारियों में भी फायदेमंद है। ड्रैगन फ्रूट कब्ज, अपच को ठीक करने में भी मदद करता है। फाइबर से भरपूर इस फल में पानी की अधिक मात्रा होती है। जिसके कारण यह कब्ज के रोगियों के लिए अच्छा माना जाता है। यह भोजन को आसानी से पचने और मल त्याग को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसमें मौजूद फाइबर के कारण यह इर्रिटेबल बाउल सिंड्रोम (आईबीएस) के उपचार में मदद करता है। इर्रिटेबल बाउल सिंड्रोम यानि आंतों का रोग। इसमें पेट दर्द, बेचैनी व मल त्यागने में परेशानी होती है। इसे स्पैस्टिक कोलन, इर्रिटेबल कोलन, म्यूकस कोइलटिस जैसे नामों से भी जाना जाता है।
ब्लड शुगर लेवल को कम करता है
मधुमेह रोगियों के लिए कई ऐसे फल हैं, जो आपके ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल रखने में सहायक है। जिससे कि आप भी अपनी जिंदगी का आनंद ले सकें। कई अध्ययनों के अनुसार, ड्रैगन फल मधुमेह रोगियों में ब्लड शुगर लेवल को विनियमित करने में मदद करता है। इसके अलावा यह फल पॉलीफनोल्स, कैरोटिनॉइड, थियोल और ग्लूकोसाइनोलेट्स का स्त्रोत है। इसमें मौजूद उच्च फाइबर, जो भोजन के बाद होने वाली अतिरिक्त चीनी स्पाइक्स को रोकने में मदद करता है।
हृदय स्वास्थ्य के लिए
ड्रैगन फ्रूट का सेवन हृदय स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। यह कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर में रक्त परिसंचरण को बनाये रखते हैं और धमनियों की कठोरता को कम करते हैं, जो दिल के दौरे के खतरे को कम करता है। इसके अतिरिक्त, यह फल मोनोअनसैचुरेटेड वसा की सही मात्रा में समृद्ध है, जो आपके दिल को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है।
हीमोग्लोबिन के लिए
हीमोग्लोबिन के स्तर में उतार-चड़ाव के स्तर के बारे में सर्तक रहना जरूरी है। हीमोग्लोबिन का कम स्तर, गुर्दे की विफलता का कारण बन सकता है। ड्रैगन फ्रूट एनीमिया की संभावना को कम करता है। इसमें मौजूद लौह तत्व शरीर में आयरन की कमी को पूरा करते हैं। ड्रैगन फ्रूट विटामिन सी से भरपूर होता है, जो एक ऐसा एजेंट है जो शरीर की अधिक आयरन को अवशोषित करने की क्षमता को बढ़ाता है।
कैंसर के खतरे को कम करता है
अध्ययनों के अनुसार, ड्रैगन फल में कैंसर कोशिकाओं के गुणन को रोकने की क्षमता है। यह फल विटामिन सी, कैरोटीन के अलावा लाइकोपीन नामक एंजाइम से समृद्ध होता है। जिसे एंटी-कार्सिनोजेनिक गुण कहा जाता है। यह एक साथ ट्यूमर को रोकने में मदद करते हैं। ड्रैगन फ्रूट के छिलके पॉलीफेनोल्स रसायन से भरपूर होते हैं, जो कैंसर से बचा सकते हैं।
रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है
यह फल शरीर में इम्युनिटी पावर को बढ़ाता है। क्योंकि ड्रैगन फ्रूट में विटामिन सी की अधिक मात्रा होती है। यह फल अन्य एंटीऑक्सीडेंट की गतिविधि को प्रोत्साहित करने में मदद करता है। इसमें मौजूद विटामिन्स और खनिज जैसे नियासिन, विटामिन बी1, कैल्शियम, फासफोरस और आयरन शरीर को बैक्टीरिया और रोगों से लड़ने की शक्ति प्रदान करता है।
मजबूज दांत व हड्डियों के लिए
कैल्शियम और फास्फोरस से भरपूर यह फल आपकी हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाने के लिए भी फायदेमंद है। कैल्शियम और फास्फोरस यह दोनों पोषक तत्व एक-दूसरे पर निर्भर करते हैं, यानि कि केवल कैल्शियम युक्त आहार लेने से हड्डियों और दांतों की बीमारियों से नहीं लड़ा जा सकता। लेकिन ड्रैगन फ्रूट में यह दोनों तत्व ही मौजूद हैं, जिस कारण यह आपके दांतों को जड़ों से मजबूत और हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है।
इसे भी पढ़ें: मस्तिष्क के लिए बहुत खराब हैं ये 5 फू्ड्स, अल्जाइमर और डिमेंशिया का बढ़ता है खतरा
डेंगू के रोगियों के लिए
डेंगू से पीड़ित लोगों की प्लेटलेट्स में गिरावट गंभीर रूप से दिखाई देती है। जिसकी समय से रिकवरी और इलाज न मिलने पर रोगी की मृत्यु भी हो सकती है। सामान्य तौर पर एक स्वस्थ व्यक्ति के रक्त के प्रत्येक माइक्रोलिट्रे के लिए 150,000-450,000 की प्लेटलेट गिनती होती है। जबकि डेंगू के रोगियों में प्लेटलेट्स 10,000 से कम भी हो सकती हैं। इन प्लेटलेट्स का काम रक्त वाहिकाओं की चोटों को रोककर रक्तस्त्राव को रोकना है। ड्रैगन फ्रूट डेंगू के मरीजों में प्लेटलेट काउंट बढ़ाने में मदद करता है, क्योंकि इसमें मजबूत एंटीऑक्सीडेंट गुण हैं।
इसे भी पढ़ें: रात में क्यों नहीं करना चाहिए दही का सेवन? जानें क्या है दही खाने का सही समय
कोशिकाओं की मरम्मत
ड्रैगन फल में विशेष रूप से प्रोटीन और एंजाइम होते हैं, जो कोशिकाओं को पुनर्जीवित और मरम्मत करने में हमारे शरीर की मदद करता है। इस फल में मौजूद पोषक तत्वों के कारण यह चोटों के उपचार के दौरान काम आता है। इसके अलावा यह लीवर फैट को भी कम करता है, इसके साथ ही यह आपके मेटाबॉलिज्म को बढ़ाता है और इसका असर लंबे समय तक रहता है।
Read More Article On Healthy Diet