आंधियों का सीजन शुरू हो चुका है। ऐसे में कई बार तेज आंधी आने पर धूल-मिट्टी या रेत के कण आपकी आंखों में चले जाते हैं। आंखों में धूल-मिट्टी और रेत के कारण आपको आंखों में जलन, पलकों का बार-बार झपकना, आंखों में दर्द और आंखों का लाल होना आदि जैसी समस्याएं होती हैं। इससे आपकी आंखों में बैचैनी होती है। आप आंखों को आराम दिलाने के लिए आंखों को साफ पानी से धो सकते हैं, आंखों पर खीरा लगा सकते हैं या आंखों को ठंडे दूध से धो सकते हैं। इससे आपकी आंखों का दर्द कम होगा। आप आंखों की सुरक्षा के लिए इन उपायों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
1. आंखों को तुरंत धोएं
आंखों में धूल-मिट्टी जाने पर आप ठंडे पानी से आंखों को तुरंत धोएं। इससे आंखों के अंदर चली गई धूल-मिट्टी बाहर निकलेगी और आपको आराम मिलेगा या आंखों में ज्यादा जलन होने पर आप ठंडे दूध से भी आंखों को साफ कर सकते हैं।
2. चश्मा पहनकर बाहर निकलें
आजकल आंधियों का मौसम चल रहा है। ऐसे में आप धूल-मिट्टी से अपने आंखों की सुरक्षा के लिए घर से बाहर निकलते समय सनग्लासेज या नॉर्मल चश्मा पहनकर निकलें। इससे आपके आंखों में धूल-मिट्टी नहीं जाएगी और साथ ही धूप से भी बचाव रहेगा।
इसे भी पढ़ें- आंखों में चुभन का कारण: क्यों होती है आंखों में चुभन? जानें कारण और इसे रोकने के सुरक्षित तरीके
3. आंखों में गुलाब जल लगाएं
आंखों को साफ रखने के लिए आप गुलाब जल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इससे आपकी आंखों को ठंडक मिलेगी और उनको आराम भी मिलेगा। इसे इस्तेमाल करने के लिए आप सबसे पहले अपनी आंखों को साफ पानी से धो लें। फिर आप रूई के दो टुकड़ें कर लें अब इनमें गुलाब जल की कुछ बूंदें डालें और बंद आंखों के ऊपर लगाएं। इससे आपके आंखों की जलन कम होगी। ध्यान रहे, गुलाबजल असली होना चाहिए।
4. हथेलियों को रगड़कर आंखों में लगाएं
आंखों में धूल-मिट्टी जाने के कारण आपकी आंखों में जलन की समस्या होती है। ऐसे में सबसे पहले साफ कपड़े से धूल के कण या कचरा निकालें, आंखों को पानी से धोएं। इसके बाद आप अपनी दोनों हथेलियों को आपस में रगड़कर आंखों में लगा सकते हैं। इससे आंखों को गर्माहट मिलेगी। आप आंखों की जलन को दूर करने के लिए सूती के कपड़े में फूंक मारकर कपड़े को आंखों के ऊपर लगा सकते हैं। इससे आंखों को आराम मिलेगा।
5. खीरा लगाएं
आंखोंं की जलन को दूर करने के लिए आप आंखों को साफ करने के बाद इसके ऊपर ठंडा खीरा लगा सकते हैं। इससे आपकी आंखों को ठंडक मिलेगी। खीरे को आंखों पर लगाने से आंखों की गर्माहट और जलन दूर होती है। इसे आप आराम मिलने तक लगाएं।
हमारी आंखों बहुत ही संवेदनशील होती है। ऐसे में इनमें धूल-मिट्टी के कारण कई गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए आंखों को धूल-मिट्टी से बचाने के लिए इन तरीकों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आपकी आंखों को बहुत आराम मिलेगा।