
Yoga Poses with Strap in Hindi: योग स्ट्रैप को बेल्ट के रूप में भी जाना जाता है। योग करने के दौरान इन स्ट्रैप का इस्तेमाल किया जाता है। जब कोई व्यक्ति आसानी से हाथों, पैरों या शरीर को स्ट्रेच नहीं कर पाता है, तो ऐसे में स्ट्रैप की मदद ली जाती है। स्ट्रैप से शरीर को स्ट्रेच करने में मदद मिलती है। साथ ही, बॉडी की फ्लैक्सिबिलिटी में भी सुधार होता है। आपको बता दें कि स्ट्रैप की मदद से आप सिर्फ बॉडी को स्ट्रेच ही नहीं, बल्कि इससे कुछ योगासन भी कर सकते हैं। स्ट्रैप की मदद से योगासन करने में आसानी होती है। इसकी मदद से आप कई तरह के योगासन कर सकते हैं। तो आइए, इस लेख में हठ योग एक्सपर्ट प्रियंका सिंह से जानते हैं स्ट्रैप के साथ कौन-से योगासन किए जा सकते हैं (Yoga Poses with Strap in Hindi)-
स्ट्रेप के साथ किए जाने वाले योगासन- Yoga Poses with Strap in Hindi
1. गोमुखासन
गोमुखासन में दोनों हथेलियों को पीछे की तरफ इंटरलॉक करना होता है। ऐसे में जब कोई व्यक्ति हथेलियों को आपस में नहीं मिला पाता है, तो स्ट्रैप काम आता है। स्ट्रैप की मदद से हाथों को जोड़ा जा सकता है। इस आसन को करने से गर्दन, कंधों और कमर के दर्द में आराम मिलता है। इससे गठिया, साइटिका और अपच जैसी समस्याओं से भी छुटकारा मिलता है। अगर आप गोमुखासन का अभ्यास रोज करेंगे, तो इससे सेहत से जुड़ी कई समस्याओं से निजात मिल सकता है।
- इस आसन को करने के लिए दोनों पैरों को आगे की तरफ फैला लें।
- अपने हाथों को बगल में रखें।
- अब बाएं पैर के घुटने को मोड़ें।
- इसके बाद दाएं पैर को मोड़ें और बाएं पैर के ऊपर ले लाएं।
- अब बाएं हाथ को ऊपर उठाएं। कोहनी को मोड़े और पीछे की तरफ से कंधों से नीचे ले आएं।
- फिर दाएं हाथ को उठाएं और कोहनी से मोड़ते हुए कमर की तरफ से ऊपर ले जाएं।
- इस स्थिति में दोनों हाथों को स्ट्रैप से जोड़ें।
- इस आसन में 30-50 सेकेंड तक रुकें।
- फिर धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में आ जाएं।
- आप इस आसन को 3-5 बार दोहरा सकते हैं।

2. नौकासन
नौकासन को भी स्ट्रैप की मदद से किया जा सकता है। इस आसन को पीठ के बल लेटकर किया जाता है। इस आसन को करने से पेट की चर्बी को कम करने में मदद मिलती है। नौकासन पाचन तंत्र को हेल्दी बनाए रखता है। साथ ही, पैरों, पेट और पीठ की मांसपेशियां भी टोन होती हैं। फिट और हेल्दी रहने के लिए आपको भी इस आसन का अभ्यास जरूर करना चाहिए। अगर आपको इसे करने में मुश्किल आती है, तो आप स्ट्रैप का सहारा ले सकते हैं। इस आसन को वेट लॉस के लिए काफी कारगर माना जाता है।
- इस आसन को करने के लिए पीठ के बल लेट जाएं।
- अपने हाथों को जांघ के बगल में सीधा रखें।
- शरीर को ढीला छोड़ें और गहरी सांस लें।
- अब हाथों से स्ट्रेप पकड़ें। इसे दोनों पैरों पर रखें।
- सांस लेते हुए सिर, पैर और शरीर को 45 डिग्री पर उठाएं।
- इस स्थिति में आपकी बॉडी स्ट्रेच होगी।
- 30-50 सेकेंड तक इस अवस्था में रहें।
- फिर धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में आ जाएं।
- आप इस आसन को 3-5 बार दोहरा सकते हैं।
3. सुप्त पदांगुष्ठासन
- शरीर और मन को शांत रखने के लिए आप सुप्त पदांगुष्ठासन का अभ्यास भी कर सकते हैं। इस आसन को स्ट्रेप की मदद से किया जा सकता है। अगर आपको सुप्त पदांगुष्ठासन करने में मुश्किल लग रही है, तो स्ट्रैप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस आसन को करने से सांसों की गति बेहतर होती है। साथ ही, हैमस्ट्रिंग और पीठ के निचले हिस्से की मांसपेशियां मजबूत बनती हैं।
- इस आसन को करने के लिए शवासन में आ जाएं।
- अब बाएं पैर को ऊपर उठाएं। इस दौरान पैर बिल्कुल सीधा होना चाहिए।
- स्ट्रैप लें और इसे दोनों हाथों से पकड़ें।
- स्ट्रैप को बाएं पैर के तलवे पर रखें और फिर पैर को स्ट्रेच करें।
- 30-50 सेकेंड तक इस अवस्था में रहें।
- इसके बाद सामान्य स्थिति में आ जाएं।
- इस आसन को करने के दौरान पैरों पर ज्यादा दबाव डालने से बचें।
अगर आपको भी योगासन करने में मुश्किल होती है, तो आप स्ट्रैप की मदद ले सकते हैं। स्ट्रैप की मदद से योगासनों को करने में आसानी होती है। लेकिन किसी भी आसन को करने से पहले योग गुरु की सलाह जरूर लें।