Yoga Poses to Get rid of Lower Back Pain: पीठ दर्द आजकल की एक बेहद आम समस्या बन चुकी है। खराब लाइफस्टाइल और गलत पोश्चर में बैठने की वजह से अक्सर लोगों को पीठ दर्द से परेशान होना पड़ता है। खासकर, पीठ के निचले हिस्से में ज्यादा दर्द का सामना करना पड़ता है। पीठ के दर्द से आराम पाने के लिए लोग स्प्रे या जेल का इस्तेमाल करते हैं। कई लोग पेनकिलर का भी सेवन करते हैं। लेकिन आप चाहें तो रोजाना कुछ योगासनों का अभ्यास करके भी पीठ के निचले हिस्से के दर्द से राहत पा सकते हैं। अगर आप रोजाना योग करेंगे, तो इससे पीठ की मांसपेशियां मजबूत बनेंगी। साथ ही, शरीर की फ्लेक्सिबिलिटी भी बढ़ती है। हठ योग एक्सपर्ट प्रियंका सिंह से जानते हैं पीठ के निचले हिस्से में दर्द होने पर कौन-से योगासन करने चाहिए? (Yoga Asanas to Relieve Lower Back Pain in Hindi)
पीठ के निचले हिस्से के दर्द के लिए योगासन- Yoga Asanas to Get Rid of Back Pain in Hindi
1. भुजंगासन
- पीठ के निचले हिस्से के दर्द को कम करने के लिए आप भुजंगासन की प्रैक्टिस कर सकते हैं।
- इस आसन को करने के लिए पेट के बल सीधे लेट जाएं।
- अब अपनी हथेलियों को कंधों के पास रखें।
- इसके बाद सांस लेते हुए छाती को ऊपर उठाएं।
- कुछ देर रुकें और फिर सामान्य अवस्था में आ जाएं।
- रोजाना इस आसन को करने से आपको दर्द में काफी आराम मिलेगा।
2. धनुरासन
- रोजाना धनुरासन का अभ्यास करने से पीठ के निचले हिस्से के दर्द में आराम मिल सकता है।
- इसके लिए आप पेट के बल लेट जाएं।
- अब पैरों को मोड़ें। फिर अपने हाथों से टखनों को पकड़ें।
- इसके बाद लंबी गहरी सांस लें।
- शरीर को ऊपर उठाएं।
- धीरे-धीरे ठुड्डी को ऊपर की तरफ मोड़ें।
- अब सांस छोड़ते हुए पहली अवस्था में वापस आ जाएं।
- आप इस मुद्रा को 2-3 बार दोहरा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- अस्थमा समेत इन 5 बीमारियों में फायदेमंद है धनुरासन का अभ्यास, जानें तरीका और सावधानियां
3. उष्ट्रासन
- पीठ के निचले हिस्से के दर्द से छुटकारा पाने के लिए आप उष्ट्रासन का अभ्यास कर सकते हैं।
- इस आसन को करने के लिए घुटनों के बल बैठ जाएं।
- अब अपने दाएं हाथ को आगे से घुमाते हुए पीछे ले जाएं।
- हाथ से दाएं पैर की एड़ी को छूने की कोशिश करें।
- इसके बाद बाएं हाथ से बाएं पैर की एड़ी को छुएं।
- आप इस अवस्था में 5-10 सेकेंड तक रुक सकते हैं।
- इस आसन को 3-5 बार दोहराया जा सकता है।
4. सेतुबंधासन
- सेतुबंधासन करने से आपके पीठ के निचले हिस्से का दर्द दूर हो सकता है।
- इसे करने के लिए पैरों को घुटने से मोड़ें। फिर कूल्हों के पास ले जाएं।
- हथेलियों को कूल्हों के पास रखें।
- लंबी गहरी सांस लें और धीरे-धीरे कूल्हों को ऊपर उठाएं।
- इस स्थिति में थोड़ी देर सांसों को रोकें।
- फिर धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए पहली अवस्था में आ जाएं।
- आप इसका 3-5 बार अभ्यास कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- पेट की चर्बी कम करने के लिए रोज सुबह करें ऊर्ध्व धनुरासन योग, जानें अभ्यास का सही तरीका
अगर आपके भी पीठ के निचले हिस्से में दर्द होता है, तो आप रोजाना इन योगासनों का अभ्यास कर सकते हैं। लेकिन शुरुआत में इन योगासनों को किसी योग एक्सपर्ट की देख-रेख में ही करें।