पेट में गैस या पेट फूलने की समस्या खाने के बाद शुरू होती है। कई बार खाली पेट रहने के कारण भी पेट में गैस की समस्या हो सकती है। ज्यादातर लोग भोजन को तेजी से खाते हैं। इस कारण से भी पेट में गैस की समस्या हो सकती है। कई लोग खाना खाते समय ज्यादा हवा निगल जाते हैं और इस कारण से भी गैस की समस्या हो सकती है। इस लेख में हम आपको 3 आसान योगासन के बारे में बताने जा रहे हैं जिनकी मदद से आप पेट में गैस की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं।
पेट में गैस होने पर करें योग- Yoga for Stomach Gas
पेट में गैस की समस्या होने पर आपको कुछ आसान योगासन ट्राई करने चाहिए। जानते हैं इनके बारे में-
1. पवनमुक्तासन- Wind Relieving Pose
पवनमुक्तासन करने से पेट में गैस की समस्या से छुटकारा मिलता है। आप पवनमुक्तासन (Pawanmuktasana) को 3 से 5 बार दोहरा सकते हैं। जानते हैं इस योग को करने का तरीका-
- पवनमुक्तासन करने के लिए लेट जाएं।
- बाएं घुटने को मोड़ते हुए पेट के पास लेकर जाएं।
- सांस छोड़ते हुए दोनों हाथों की उंगलियों को आपस में मिलाएं।
- उंगलियों को घुटने के नीचे रखें।
- बाएं घुटने से सीने को छूने की कोशिश करें।
- फिर जमीन से ऊपर उठें और घुटने को नाक से छूने की कोशिश करें।
- नाक से घुटने को छूने के बाद 30 सेकेंड तक इसी मुद्रा में रहें।
- फिर सांस छोड़ते हुए सामान्य अवस्था में आ जाएं।
- अब इसी प्रक्रिया को दाएं पैर से करें।
2. सेतु बंध सर्वांगासन- Bridge Pose
सेतु बंध सर्वांगासन (Setu Bandha Sarvangasana) करने से पेट में गैस की समस्या से निजात मिलता है। मेटाबॉलिज्म तेज करने के लिए भी ये योग फायदेमंद माना जाता है। जिन लोगों को कमर में दर्द है वे इस योग को करने से बचें। सेतु बंध सर्वांगासन को करने के जरूरी स्टेप्स जान लें-
- सेतु बंध सर्वांगासन करने के लिए पीठ के बल लेट जाएं।
- अपने हाथों को बगल में रख लें।
- सामान्य तरीके से सांस लेते रहें।
- धीरे-धीरे पैरों को घुटनों से मोड़ें और हिप्स के पास लेकर जाएं।
- हिप्स को जितना हो सके फर्श से ऊपर की ओर उठाएं।
- हाथों को जमीन पर ही रखें।
- इस अवस्था में आने पर कुछ देर के लिए सांस को रोककर रखें।
- सांस छोड़ते हुए फिर से जमीन पर आ जाएं।
- पैरों को सीधा रखकर आराम करें।
- 15 सेकेंड आराम करें फिर प्रक्रिया दोहराएं।
इसे भी पढ़ें- पेट में गैस क्यों बनती है? जानें इसके कारण और बचाव के उपाय
3. बालासन- Child Pose
बालासन (Balasana) एक आसान योग है। बालासन को रोजाना करने से पाचन तंत्र अच्छा रहता है और गैस की समस्या से छुटकारा पाने में मदद मिलती है। आप बालासन को 1 से 3 मिनट तक कर सकते हैं। बालासन करने के जरूरी स्टेप्स जान लें-
- बालासन करने के लिए मैट बिछाकर घुटनों के बल बैठ जाएं।
- टखने और एड़ियों को आपस में मिलाएं।
- गहरी सांस लेकर आगे की ओर झुकें।
- पेट को जांघों के बीच से लेकर जाएं और सांस छोड़ दें।
- घुटनों को जितना हो सके बाहर की ओर फैलाएं।
- कूल्हे को सिकोड़ें और नाभि की ओर खींचे।
- हाथों को सामने की ओर लेकर जाएं और उन्हें सामने रख लें।
- कंधों को फर्श से छूने की कोशिश करें।
- 30 सेकेंड के लिए इसी अवस्था में रहें।
इन योगासन को करने के साथ आप पैदल भी चल सकते हैं। खाना खाने के बाद 15 मिनट पैदल टहलने से आप गैस की समस्या से बच सकते हैं।