Diet for Malaria Patient Foods to Eat and Avoid: मलेरिया एक घातक संक्रामक रोग है। यह रोग मुख्य रूप से भारत, गर्म एशियाई और दक्षिण अफ्रीकी देशों में पाई जाती है। मलेरिया प्लाज्मोडियम (Plasmodium) नामक परजीवी के कारण होता है। यह परजीवी मादा एनोफिलीस मच्छर (Anopheles mosquito) द्वारा काटने से इंसान के शरीर में प्रवेश करता है। गर्मी और बरसात के मौसम में मलेरिया (Malaria) के मामले तेजी से बढ़ जाते हैं। लेकिन आज भी मलेरिया के प्रति लोगों में जागरूकता की कमी देखी जाती है।
मलेरिया के संबंध में लोगों को जानकारी देने के लिए हर साल 25 अप्रैल को वर्ल्ड मलेरिया डे (World Malaria Day 2025) मनाया जाता है। वर्ल्ड मलेरिया डे के खास मौके पर हम मलेरिया लक्षणों के साथ-साथ मलेरिया होने पर व्यक्ति को क्या खाना चाहिए और क्या नहीं खाना चाहिए, इस पर विस्तार से चर्चा करेंगे। इस विषय पर अधिक जानकारी के लिए हमने फरीदाबाद के सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय अस्पताल के इंटरनल मेडिसिन के हेड और डायरेक्टर डॉ. सुमित अग्रवाल (Dr. Sumit Aggarwal, Director & Head- Internal Medicine, Sarvodaya Hospital Sector-8, Faridabad) से बात की।
इसे भी पढ़ेंः मच्छरों से बचाने वाला कॉइल सेहत के लिए है हानिकारक, डॉक्टर से जानें इसके नुकसान
मलेरिया के लक्षण क्या हैं- Systomps of Malaria
अगर कोई व्यक्ति मलेरिया से संक्रमित होता है, तो उसमें नीचे बताए गए लक्षण नजर आते हैं:
- ठंड लगना
- बुखार
- सिरदर्द
- उल्टी और दस्त
- मांसपेशियों या जोड़ों में दर्द
- थकान
- तेजी से सांस लेना
- लंबे समय तक खांसी आना
मलेरिया होने पर क्या खाना चाहिए- What Foods to Eat in Malaria
मलेरिया से संक्रमित मरीज की इम्यूनिटी कमजोर होता है। इसलिए इस दौरान ऐसा भोजन करना चाहिए, तो न सिर्फ आसानी से पच करे, बल्कि शरीर को संक्रमण से लड़ने की भी क्षमता प्रदान कर सके। आइए जानते हैं मलेरिया होने पर क्या खाना चाहिए।
1. फल और हरी सब्जियां
डॉ. सुमित अग्रवाल के अनुसार, मलेरिया के मरीजों को डाइट में संतरा, पपीता, सेब, अनार, केला फलों का सेवन ज्यादा मात्रा में करें। फलों में विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं, जो इम्यून सिस्टम की रिकवरी में मदद रता है। इसके अलावा उबली हुई या स्टीम की गई सब्जियां जैसे गाजर, लौकी और तोरी का सेवन भी इस दौरान फायदेमंद होता है।
2. पानी और तरल पदार्थ
मलेरिया होने पर नारियल पानी, नींबू पानी और सूप का सेवन करना चाहिए। तरल पदार्थों का सेवन करने से शरीर की डिहाइड्रेशन की समस्या दूर होती है। साथ ही, यह शरीर को अंदर से नमी और पोषण देकर रिकवरी को तेज करता है।
इसे भी पढ़ेंः घर में नहीं भटकेगा एक भी मच्छर, आज ही अपनाएं ये 5 घरेलू नुस्खे
3. हल्का खाना
मलेरिया संक्रमित मरीज की पाचन क्रिया सुस्त हो जाती ह। इसलिए इस दौरान दलिया, खिचड़ी, मूंग की दाल, रवा उपमा और दही जैसे खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए। इन सभी चीजों को पचाने के लिए शरीर पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता है।
इसे भी पढ़ेंः मच्छरों ने कर दिया सोना मुहाल? आज ही घर पर बनाएं ये देसी मॉस्किटो रिपेलेंट
4. प्रोटीन
बीमारी के बाद पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन का सेवन करने से शरीर की तेजी से रिकवरी में मदद मिलती है। इसके लिए खाने में अंडा पनीर, सोया उत्पाद, मूंगफली, दालों को जरूर शामिल करें। मलेरिया से रिकवरी के लिए प्रोटीन का सेवन करते समय एक बार डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
5. विटामिन सी और आयरन
विटामिन-सी युक्त खाद्य पदार्थ इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। विटामिन सी के लिए खाने में नींबू, संतरा और आंवला जैसी चीजों को शामिल करें। वहीं, आयरन मलेरिया के दौरान होने वाली खून की कमी से बचाने में सहायक होता है। आयरन के लिए भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां और चुकंदर को शामिल करें।
मलेरिया होने पर क्या नहीं खाना चाहिए- What Foods to Avoid in Malaria
1. मसालेदार खाना
मलेरिया के दौरान पाचन क्रिया धीमी हो जाती है। ऐसे समय में ज्यादा तेल और तीखे मसाले वाला भोजन बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए। तेल और मसालेदार खाना पाचन क्रिया को प्रभावित करके उल्टी और दस्त की परेशानी को बढ़ा सकता है।
2. हाई फैट
मलेरिया और मच्छरों से होने वाली बीमारियों में हाई फैट युक्त चीजें जैसे मक्खन, क्रीम और घी का सेवन करने से बचना चाहिए। हाई फैट को पचाने के लिए शरीर को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है और यह स्थिति बुखार में खतरनाक हो सकती है।
3. प्रोसेस्ड शुगर और चीनी
डॉ. सुमित अग्रवाल का कहना है कि चीनी और प्रोसेस्ड शुगर युक्त चीजें जैसे केक, मिठाई, बिस्कुट और बेकरी आइटम का सेवन मलेरिया के दौरान करने से सेहत पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। प्रोसेस्ड शुगर पाचन तंत्र पर नकारात्मक प्रभाव डालकर बुखार, सिर और पेट में दर्द की परेशानी को बढ़ाते हैं।
इसे भी पढ़ेंः World Malaria Day: अलग होते हैं मलेरिया और डेंगू के लक्षण, ऐसे करें पहचान
निष्कर्ष
मलेरिया मच्छरों से फैलने वाली बीमारी है। इस बीमारी को सही खानपान और देखभाल से जल्दी ठीक किया जा सकता है। लेकिन मलेरिया जैसी बीमारी हो ही न इसके लिए अपने घर के आसपास की सफाई का विशेष तौर पर ध्यान दें। मच्छरों से बचाव के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े जरूर पहनें।