
साफ व बेदाग चेहरा पाने की चाह हर किसी को होती है। लेकिन आजकल की खराब लाइफस्टाइल व प्रदूषण की वजह से आपके चेहरे की त्वचा पर डेड सेल्स जमा हो जाते हैं जो धीरे-धीरे सफेद दानों का रूप ले लेते हैं। इन दानों को मिलिया कहा जाता है। चेहरे पर सफेद दाने होने की समस्या आपको किसी भी उम्र में हो सकती है। यह दाने आपकी आंखों के आसपास या गालों पर अधिक होते हैं। यह दाने लंबे समय तक चेहरे पर बन रहते हैं, कई कोशिशों के बाद भी इनसे छुटकारा नहीं मिल पाता है। इसके कारण आपके चेहरे की खूबसूरती बिगड़ जाती है। कई बार यह बेहद दर्दनाक भी होते हैं।
आज हम इस लेख के माध्यम से आपको बताने जा रहे हैं चेहरे पर होने वाले सफेद दानों से छुटकारा दिलाने वाले कुछ घरेलू उपायों के बारे में। तो चलिए विस्तार से जानते हैं। (White Bump Remedies for Face in Hindi)
1. एलोवेरा जेल लगाएं
त्वचा पर एलोवेरा जेल का प्रयोग करना बहुत फायदेमंद होता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटीबैक्टीरियल गुण भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। जो चेहरे पर होने वाले सफेद दानों को दूर करने में आपकी मदद कर सकते हैं। रात को सोने से पहले एलोवेरा जेल को सफेद दानों पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें। सुबह उठकर इसे ताजे पानी से धो लें।
इसे भी पढ़ें - पीरियड्स, मोटापा जैसी इन 6 परेशानियों को दूर करता है बबूल की छाल का काढ़ा, जानें बनाने का तरीका
2. चंदन लगाएं
एंटीसेप्टिक गुणों से भरपूर चंदन आपके चेहरे को सफेद दानों की समस्या से छुटकारा दिलाता है। साथ ही ऑयली स्किन और मुंहासे से भी राहत दिलाता है। इसके लिए चंदन पाउडर में गुलाबजल मिलाकर पेस्ट बना लें। इसे अपने चेहरे पर लगाएं और सूखने के बाद इसे धो लें।
3. चेहरे की सफाई
सफेद दाने होने पर अपने चेहरे की साफ-सफाई का खास ध्यान रखें। रोजाना अपने चेहरे को किसी हल्के साबुन से धोएं। ऐसा करने से चेहरे पर डस्ट जमने के कारण बंद हुए पोर्स खुल जाएंगे और त्वचा में आक्सीजन ठीक से पहुंच पाएगी।
4. मेथी की पत्तियां हैं उपयोगी
मेथी की पत्तियां भी चेहरे पर होने वाले सफेद दानों से राहत दिलाने मे आपकी मदद कर सकती हैं। इसके लिए आप मेथी की पत्तियों के रस को दानों पर लगाकर छोड़ दें। फिर कुछ देर बाद इसे धो लें।
इसे भी पढ़ें - सिरदर्द, घुटनों के दर्द जैसी इन 7 समस्याओं में फायदेमंद है बबूल की फली का पाउडर, जानें इस्तेमाल का तरीका
5. नारियल का तेल
सफेद दानों पर नारियल का तेल लगाना भी फायदेमंद होता है। इससे दाने मुलायम हो जाते हैं, और आसानी से ठीक हो जाते हैं। इसके आलावा आपको सफेद दानों की समस्या होने पर हेयर रिमूवल प्रोडक्ट्स का चेहरे पर प्रयोग करने से बचना चाहिए।
चेहरे के सफेद दानों से छुटकारा दिलाने में यह सभी घरेलू तरीके आपके काम आ सकते हैं। इसके आलावा आप चेहरे पर टी ट्री ऑयल भी लगा सकते हैं। इसमें एंटीफंगल गुण पाए जाते हैं जो चेहरे के सफेद दानों की समस्या को दूर कर सकते हैं। लेकिन अगर इन उपायों के बाद भी कोई आराम न मिले, तो डॉक्टर से जरूर मिलें।