Doctor Verified

स्किन फोल्ड्स में होने वाला इंफेक्शन इंटरट्रिगो (Intertrigo) क्या है? डॉक्‍टर से जानें लक्षण, कारण और इलाज

इंटरट्रिगो (Intertrigo) एक स्‍क‍िन इंफेक्‍शन है जो नमी और रगड़ से होता है। सफाई, ड्राईनेस और सही इलाज से इसे आसानी से रोका जा सकता है।
  • SHARE
  • FOLLOW
स्किन फोल्ड्स में होने वाला इंफेक्शन इंटरट्रिगो (Intertrigo) क्या है? डॉक्‍टर से जानें लक्षण, कारण और इलाज


What is Intertrigo: गर्मी, नमी और पसीने से जुड़ी त्वचा की समस्याएं अक्सर शरीर की सिलवटों में दिखाई देती हैं, खासकर मोटे या डायबिटिक लोगों में। ऐसी ही एक आम लेकिन अक्सर नजरअंदाज की जाने वाली समस्या है इंटरट्रिगो (Intertrigo)। यह एक स्किन इंफ्लेमेशन है जो उन जगहों पर होता है जहां त्वचा की दो सतहें आपस में रगड़ खाती हैं यानी स्‍क‍िन फोल्‍ड्स, जैसे बगल, स्तनों के नीचे, पेट की सिलवटें, जांघों के बीच या गर्दन के पीछे। जब यह जगहें गीली, पसीने से भरी और गर्म रहती हैं, तो वहां बैक्टीरिया, फंगस या यीस्ट पनप सकते हैं और इंफेक्शन की वजह बनते हैं। ओम स्किन क्लीनिक, लखनऊ के वरिष्ठ कंसलटेंट डर्मेटोलॉज‍िस्‍ट डॉ देवेश मिश्रा ने बताया क‍ि इंटरट्रिगो सिर्फ त्वचा की ऊपरी सतह तक सीमित नहीं रहता, बल्कि अगर समय रहते इसका इलाज न किया जाए, तो यह दर्दनाक घावों या पस वाले इंफेक्‍शन में बदल सकता है। यह खासतौर पर उन लोगों को जल्दी प्रभावित करता है जो मोटे हैं, डायबिटीज से पीड़ित हैं, या हाइजीन का पूरा ध्यान नहीं रख पाते। इस लेख में हम जानेंगे क‍ि इंटरट्रिगो क्‍या है, इसके लक्षण, कारण और इलाज के बारे में।

इंटरट्रिगो के लक्षण- Symptoms of Intertrigo

intertrigo-symptoms-causes-treatment

  • त्वचा का लाल, चकत्तेदार न‍िशान होना और सूजन का भरा होना।
  • प्रभावित हिस्से में खुजली, जलन या चुभन होना।
  • बदबूदार, चिपचिपा और गीला पसीना आना।
  • त्वचा में दरारें या छालों जैसा महसूस होना।
  • पस या रिसाव होना (अगर इंफेक्शन गहरा हो जाए)।
  • यह लक्षण धीरे-धीरे बढ़ सकते हैं और अगर समय पर ध्यान न दिया जाए, तो बैक्टीरियल या फंगल इंफेक्शन का रूप ले सकते हैं।

इसे भी पढ़ें- स्किन इंफेक्शन का कारण बन सकती हैं लाइफस्टाइल से जुड़ी ये 5 गलतियां

इंटरट्रिगो क्‍यों होता है?- Causes Behind Intertrigo

इंटरट्रिगो होने के पीछे कई कारण होते हैं, जो त्वचा की सतहों की नमी और रगड़ को बढ़ाते हैं-

  • पसीना ज्यादा आना।
  • शरीर की मोटी सिलवटें (Obesity)।
  • डायबिटीज या कमजोर इम्यून सिस्टम।
  • गर्मी और उमस वाला वातावरण।
  • सिंथेटिक कपड़े पहनना जो हवा को रोकते हैं।
  • नमी में ज्यादा देर तक रहना या गीले कपड़े पहनना।

इन सभी कारणों से स्किन में नमी फंस जाती है और वहां बैक्टीरिया या फंगस पनपने लगते हैं।

इंटरट्रिगो से बचने के ट‍िप्‍स- Tips For Intertrigo Prevention

इंटरट्रिगो से बचने के लिए ये उपाय अपनाएं-

  • रोज नहाएं और स्किन को अच्छी तरह से सुखाएं।
  • पसीना सोखने वाले कॉटन के कपड़े पहनें।
  • गर्मी में बार-बार कपड़े बदलें।
  • स्किन फोल्ड्स में टिशू या सूती कपड़ा रखें।
  • वजन को कंट्रोल करें।
  • त्वचा में नमी कम करने के लिए मेडिकेटेड पाउडर का इस्तेमाल करें।

ये आदतें न सिर्फ इंटरट्रिगो से बचाव करेंगी, बल्कि आपकी त्वचा को हेल्दी भी बनाए रखेंगी।

डॉक्टर से कब मिलें?- When to See Doctor

  • अगर त्वचा में घाव बन रहे हैं।
  • पस से बदबू आ रही है।
  • घर पर इलाज से कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।
  • बार-बार इंटरट्रिगो हो रहा है।

ऐसे में तुरंत डर्मेटोलॉजिस्ट से संपर्क करें। देर करने पर इंफेक्शन गहरा और गंभीर हो सकता है।

इंटरट्रिगो का इलाज- Treatment of Intertrigo

1. डॉक्टर सबसे पहले आपकी त्वचा की स्थिति, रंग, सूजन, घाव और नमी को देखकर यह तय करते हैं कि यह इंटरट्रिगो है या कोई और स्किन डिजीज (जैसे इनवर्स सोरायसिस, कैंडिडा, इन्फेक्टेड डर्मेटाइटिस)।

2. स्किन फोल्ड्स (जैसे बगल, जांघ, स्तनों के नीचे) की अच्छे से जांच की जाती है। अगर पस, बदबू या रिसाव है, तो इंफेक्‍शन की गंभीरता देखी जाती है।

3. इंफेक्‍शन का कारण समझना

इंटरट्रिगो फंगल, बैक्टीरियल या सिर्फ रगड़ से हो सकता है। इसलिए डॉक्टर कारण की पहचान करते हैं:

  • अगर स्किन पर सफेद पपड़ी या सैटेलाइट रैशेज हैं → कैंडिडा (फंगल) की संभावना
  • अगर पस, पीली पपड़ी, बदबू है → बैक्टीरियल इंफेक्‍शन की संभावना
  • अगर केवल रेडनेस और घर्षण है → नॉन-इंफेक्शियस इंटरट्रिगो

4. फंगल इंफेक्‍शन की पुष्टी के ल‍िए डॉक्‍टर केओएच टेस्‍ट, स्‍क‍िन स्‍वैब टेस्‍ट, ब्‍लड शुगर टेस्‍ट या बायोप्‍सी करवा सकते हैं।

5. गंभीर मामलों में डॉक्‍टर ओरल एंटीबायोट‍िक्‍स भी दे सकते हैं।

इंटरट्रिगो एक आम स्किन कंडीशन है, लेकिन इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। त्वचा की सफाई, ड्राईनेस और सही कपड़ों के चयन से इसे रोका जा सकता है। समय पर इलाज और सावधानी से आप इस परेशानी से छुटकारा पा सकते हैं।

उम्‍मीद करते हैं क‍ि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।

image credit: springsdermatologymd.com, dermatologyadvisor.com

FAQ

  • इंटरट्रिगो का मतलब क्या होता है?

    इंटरट्रिगो त्वचा की सिलवटों में होने वाली सूजन या रैश है, जो आमतौर पर पसीना, नमी और रगड़ से होता है। यह फंगल या बैक्टीरियल इंफेक्शन में बदल सकता है।
  • कैसे पता चलेगा कि इंटरट्रिगो फंगल है या बैक्टीरियल?

    फंगल इंटरट्रिगो में खुजली और लाल दाने होते हैं, जबकि बैक्टीरियल इंटरट्रिगो में पस, बदबू और जलन ज्यादा होती है। सही पहचान के लिए डॉक्टर टेस्ट करते हैं।
  • इंटरट्रिगो कितना दर्दनाक है?

    शुरुआत में यह हल्की जलन देता है, लेकिन बढ़ने पर त्वचा फटने, पस निकलने और छूने पर तेज दर्द होने लगता है। गंभीर मामलों में चलना या बैठना भी मुश्किल हो सकता है।

 

 

 

Read Next

कोहनी के कालेपन से हैं परेशान? त्वचा में निखार के लिए इस तरह करें फिटकरी का इस्तेमाल

Disclaimer

TAGS