आज के समय में खराब वर्किंग कल्चर, अनियमित लाइफस्टाइल, तनाव और अनहेल्दी खानपान के कारण भारत में डायबिटीज के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। यह एक साइलेंट डिजीज मानी जाती है। ऐसा इसलिए, क्योंकि कई मामलों में व्यक्ति को इसके होने का पता ही नहीं चलता और जब तक यह गंभीर रूप ले लेती है, तब तक शरीर को नुकसान पहुंचा चुकी होती है। जब शरीर इंसुलिन हार्मोन का सही तरह से उपयोग नहीं कर पाता या इसका उत्पादन कम हो जाता है, तो खून में ग्लूकोज की मात्रा बढ़ने लगती है। इससे शरीर के कई अंग प्रभावित होते हैं। शरीर में शुगर लेवल ज्यादा होने पर कई लक्षण दिखाई देते हैं, जिनमें से एक जरूरी संकेत पेशाब में बदलाव भी है। इस लेख में फरीदाबाद के अमृता हॉस्पिटल के यूरोलॉजी विभाग के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. अहमद कमाल से जानिए, शरीर में शुगर लेवल बढ़ने पर पेशाब में क्या बदलाव नजर आते हैं?
शरीर में शुगर लेवल बढ़ने पर पेशाब में क्या बदलाव नजर आते हैं? - What Changes Are Seen In Urine When Sugar Increases
डॉक्टर अहमद कमाल बताते हैं कि शुगर का लेवल बढ़ने पर शरीर इसे कंट्रोल करने की कोशिश करता है और अतिरिक्त शुगर को पेशाब के जरिए बाहर निकालने लगता है। यही कारण है कि डायबिटीज के शुरुआती लक्षण पेशाब में भी नजर आ सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: पेशाब का रंग दे सकता है शरीर में पल रही बीमारियों का संकेत, डॉक्टर से जानें किस रंग का क्या है मतलब
1. बार-बार पेशाब आना - Frequent Urination
अगर आपका शुगर लेवल बढ़ा हुआ है, तो आपको बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है। इसे पॉलीयूरिया (Polyuria) कहा जाता है। शरीर ग्लूकोज को पेशाब के माध्यम से बाहर निकालने की कोशिश करता है, जिससे पेशाब की मात्रा बढ़ जाती है और आपको दिनभर में कई बार पेशाब करने जाना पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें: किन कारणों से बदलता है आपके यूरीन का रंग? इन 5 अलग-अलग यूरीन के रंग खोलते हैं आपके सेहत का राज
2. पेशाब के रंग में बदलाव
हाई ब्लड शुगर के कारण शरीर में डिहाइड्रेशन हो सकता है, जिससे पेशाब का रंग गहरा हो सकता है। अगर पेशाब झागदार हो रही है, तो यह डायबिटिक किडनी डिजीज या हाई प्रोटीन यूरिन का संकेत हो सकता है। वहीं अगर पेशाब अधिक साफ और बार-बार आ रहा है, तो यह हाई ब्लड शुगर का लक्षण हो सकता है।
3. पेशाब की गंध में बदलाव
अगर ब्लड शुगर बहुत अधिक बढ़ गया है, तो पेशाब की गंध मीठी या फल जैसी लग सकती है। यह एक गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है, ऐसे में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की जरूरत होती है।
4. पेशाब में जलन
हाई ब्लड शुगर वाले लोगों को यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) का खतरा अधिक होता है। इसमें पेशाब में जलन, दर्द या असहज महसूस हो सकता है।
5. पेशाब में ब्लड आना
अगर पेशाब में ब्लड आता है, तो यह डायबिटीज से जुड़ी किडनी समस्या या इन्फेक्शन का संकेत हो सकता है। इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
निष्कर्ष
ब्लड शुगर बढ़ने पर शरीर कई संकेत देता है, जिसमें पेशाब से जुड़े बदलाव भी शामिल हैं। अगर आपको बार-बार पेशाब आ रही है, पेशाब में गंध बदली हुई लग रही है या किसी अन्य प्रकार का बदलाव दिख रहा है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। समय रहते डायबिटीज को कंट्रोल करना जरूरी है, ताकि किडनी और अन्य अंगों को नुकसान से बचाया जा सके।
All Images Credit- Freepik
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version