
पिंपल्स की समस्या कई कारणों से हो सकती है। आमतौर पर किशोरावस्था में हार्मोनल बदलावों के कारण, ब्यूटी प्रोडक्ट्स के रिएक्शन के कारण या प्रदूषण आदि के कारण पिंपल्स हो सकते हैं। चेहरे पर पिंपल होने पर अक्सर लोग कई गलतियां करते हैं, जिनके कारण इंफेक्शन फैलने और पिंपल्स के बढ़ने का खतरा बढ़ जाता है। अक्सर पिंपल होने पर लोग उसे बार-बार छूते हैं या साफ करने के लिए उसे फोड़ देते हैं, जो गलत है। आइए आपको बताते हैं क्यों खतरनाक है पिंपल्स को बार-बार छूना या फोड़ना।
बार-बार न छुएं पिंपल्स
दरअसल पिंपल को बार-बार छूने के पीछे आपकी साइकोलॉजी काम करती है। अक्सर जब शरीर में कोई विकार होता है, तो अवचेतन में हम उसके बारे में चिंतित होते हैं। ऐसे में ध्यान न देने के बावजूद बार-बार हमारे शरीर के अंग विकार वाले हिस्से में पहुंच जाते हैं। जैसे- चेहरे पर पिंपल होने पर बार-बार छूना, दांत में कोई चीज फंस जाने पर जीभ का बार-बार उस हिस्से में जाना या कहीं चोट लग जाने पर बार-बार उस चोट के आस-पास खरोच लगना आदि। पिंपल्स को बार-बार छूना खतरनाक हो सकता है। पिंपल्स त्वचा का एक प्रकार का संक्रमण है। इन पिंपल्स पर हजारों हानिकारक बैक्टीरिया होते हैं। जब आप पिंपल्स को बार-बार छूते हैं, तो हाथों की सहायता से ये बैक्टीरिया शरीर के दूसरे हिस्सों में पहुंच जाते हैं और पिंपल्स फैलने लगते हैं।
इसे भी पढ़ें:- खूबसूरत त्वचा का सीक्रेट है एक्टिवेटेड चारकोल, ऐसे करें प्रयोग
पिंपल को फोड़ने से पड़ते हैं निशान
पिंपल को फोड़ने या पिचकाने पर उस जगह निशान पड़ सकते हैं। और यकीनन वो निशान एक छोटे से पिंपल से कहीं ज्यादा ख़राब दिखेंगे। साथ ही, ये निशान ज्यादा स्थायी भी होंगे। पिंपल के दाग-धब्बे मिटाना काफी मुश्किल काम होता है। कई बार तो लोग महीनों निशान हटाने के लिए अलग से इलाज करवाते हैं।
अगर पिंपल फोड़ने या पिचकाने से कोई निशान न भी पड़े, तो उस पर पपड़ी जरूर जम जाएगी। ये पपड़ी देखने में बहुत भद्दी लगती है। इस पपड़ी को छिपाना पिंपल के मुकाबले ज़्यादा मुश्किल होता है। कई बार पपड़ी में नाखून लग जाने से खून भी आ जाता है।
हो सकता है इंफेक्शन
पिंपल को पिचकाने या फोड़ने से इंफेक्शन हो जाने के खतरा होता है। दरअसल छूने या फोड़ने से हाथों और हवा में मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया त्वचा के अंदर प्रवेश कर जाते हैं, जहां संख्या बढ़ाकर ये बैक्टीरिया इंफेक्शन पैदा कर सकते हैं। कई बार ये इंफेक्शन इतना खतरनाक हो सकता है कि आपके चेहरे को सर्जरी की जरूरत पड़े। इसके अलावा पिंपल्स को फोड़ने से होने वाले दाग-धब्बों के कारण चेहरे की खूबसूरती खराब होती है।
इसे भी पढ़ें:- घर पर ऐसे बनाएं इमली का फेसवॉश, चेहरे पर आएगा ग्लो और निखार
क्या करें अगर पिंपल्स में हो दर्द
कई बार गंभीर हो जाने पर पिंपल्स के कारण दर्द की समस्या भी हो जाती है। ऐसे में नारियल का तेल, एंटीसेप्टिक क्रीम या तुलसी और नीम के रस को इस पर हल्के हाथों से लगाएं। इन सभी में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं। साथ ही ये दर्द और खुजली की समस्या को भी आसानी से खत्म कर देते हैं।
ऐसे अन्य स्टोरीज के लिए डाउनलोड करें: ओनलीमायहेल्थ ऐप
Read More Articles On Skin Care In Hindi
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version