Tips to Stay Healthy in Monsoon for Diabetic Patients: डायबिटीज होने पर ब्लड शुगर लेवल घटता-बढ़ता है। जिन लोगों का शुगर लेवल लो या हाई रहता है उन्हें हर समय बेचैनी महसूस होती है। लेकिन आम दिनों के मुकाबले, मानसून के दिनों में डायबिटीज के मरीजों की समस्या कुछ बढ़ जाती है। मानसून में नमी बढ़ती है और डाइट से जुड़ी हमारी आदतों में भी बदलाव आता है। इस वजह से डायबिटीज के रोगियों को इस दौरान विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। आगे हम आपको बताने जा रहे हैं 5 टिप्स जिनकी मदद से मानसून में डायबिटीज के मरीज हेल्दी रह सकते हैं। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने तबाता फिटनेस की प्रबंधक, न्यूट्रिशनिस्ट और फिटनेस एक्सपर्ट पायल अस्थाना से बात की।
1. ब्लड शुगर लेवल की जांच करें- Check Blood Sugar Level
समय-समय पर ब्लड शुगर लेवल की जांच करते रहें। जिन लोगों को डायबिटीज होती है उन्हें डॉक्टर अपने शुगर लेवल को रोज मॉनिटर करने की सलाह देते हैं। आपको बता दें कि हमारे शरीर में फास्टिंग ब्लड शुगर का नॉर्मल लेवल 100 mg/dL से कम और पोस्ट मील शुगर लेवल 120 से 140 mg/dL के बीच होता है।
2. संतुलित आहार का सेवन करें- Choose Balanced Diet
मानसून में ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने के लिए हेल्दी डाइट का सेवन करें। अपनी डाइट में होल ग्रेन्स, लीन प्रोटीन, हेल्दी फैट्स, सब्जियां और फलों को शामिल करें। मानसून में तला-भुना भोजन खाने से परहेज करें। मानसून के दिनों में घर का बना ताजा भोजन ही खाएं।
3. सीजनल फलों को खाएं- Eat Seasonal Fruits
मानसून के दिनों में डायबिटीज के मरीजों को हाई-फाइबर फलों का सेवन करना चाहिए। अपनी डाइट में बेरीज, सेब और अनार को शामिल करें। ऐसे फलों का सेवन करने से बचें जो शुगर लेवल बढ़ा दे जैसे ज्यादा पका हुआ केला। ब्रेकफास्ट में ताजे जूस का सेवन भी कर सकते हैं।
4. कार्ब्स की मात्रा कम करें- Reduce Carbohydrate Intake
मानसून के दिनों में कार्ब्स का सेवन कम करें। ज्यादा कार्ब्स का सेवन करने से आपके रक्त शर्करा स्तर में वृद्धि हो सकती है। अपनी डाइट में होल ग्रेन्स को शामिल करें। होल ग्रेन्स का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है। अपनी डाइट में ब्राउन राइस, रागी, बाजरा और जौ आदि को शामिल कर सकते हैं।
5. मानसून में पैरों को इन्फेक्शन से बचाएं- Prevent Foot Infection
मानसून के दिनों में नमी बढ़ने के साथ फंगल इन्फेक्शन की समस्या भी बढ़ जाती है। अपने पैरों को साफ और ड्राई रखने का प्रयास करें। डायबिटीज के मरीजों को एक बार अगर फंगल इन्फेक्शन हो जाए, तो आसानी से ठीक नहीं होता। इसलिए शरीर को साफ रखें और डाइट में विटामिन-सी को शामिल करें जिससे इम्यूनिटी मजबूत बने।
इसे भी पढ़ें- क्या डायबिटीज आंखों को प्रभावित करती है? जानें क्या कहते हैं डॉक्टर
मानसून में न करें ये गलतियां- Mistakes to Avoid in Monsoon
- मानसून में नमी ज्यादा होती है, ऐसे में खाना जल्दी खराब हो जाता है। इसलिए बाहर मिलने वाला स्ट्रीट फूड नहीं खाना चाहिए।
- मानसून के दिनों में कम पानी पीने की आदत से भी बचना चाहिए। आपको हाइड्रेशन का ख्याल रखना है और हर्बल टी, कोकोनट वॉटर जैसी ड्रिंक्स का सेवन करना चाहिए।
- एक्सरसाइज न करने की गलती न करें। इससे ब्लड शुगर लेवल बढ़ जाता है। भले ही आप मानसून में बाहर जाकर एक्सरसाइज नहीं कर सकते लेकिन घर पर हल्के व्यायाम करने चाहिए।
- मानसून के दिनों में कुछ लोगों को तनाव महसूस होता है। इससे बचना चाहिए। आप खुद को व्यस्त रखें और डीप ब्रीदिंग एक्सरसाइज या मेडिटेशन का सहारा लें।
ऊपर बताए टिप्स को फॉलो करेंगे, तो मानसून के दिनों में डायबिटीज रोगी हेल्दी रह सकते हैं। उम्मीद करते हैं यह जानकारी आपको पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।