
गैजेट्स आपके जीवन को सेहतमंद बनाये रखने में मदद करते हैं। ये गैजेट आपकी सेहत की निगरानी रखने का भी काम करते हैं। इनका उपयोग आपको कई संभावित बीमारियों के खतरे से बचा सकता है।
सेहतमंद रहना किसे पसंद नहीं। हर कोई चाहता है कि उसका जीवन बीमारियों से दूर बीते। और आज के इस तकनीकी दौर में सेहतमंद जिंदगी बिताने में आधुनिक उपकरण आपकी काफी मदद कर सकते हैं। आप इन उपकरणों की मदद से अपने जीवन को फिट बनाये रख सकते हैं। ये गैजेट आपकी सेहत का खयाल भी रखते हैं और आपकी सेहत पर निगरानी भी रखते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ हेल्थ गैजेट्स के बारे में।
बेसिस बैंड
हममें से कई लोगों को सारा दिन इसी बात की चिंता सताती रहती है कि उन्होंने पूरे दिन कितनी कैलोरी का सेवन किया या वे कितने कदम पैदल चले। यह सब जानना उनके लिए काफी अहम हो जाता है। बेसिक बैंड इस मामले में उनकी सोच और विचार बदल सकता है। इसका डिजाइन शानदार है और इसके पीछे अपना दिमाग भी है। इसमें लगे हैं पांच बॉडी सेंसर जो आपकी रोज की शारीरिक गतिविधियों का पूरा हिसाब रखेगा। यह डिवाइस आपको बतायेगा कि कि आपने पूरे दिन में कितनी कैलोरी खर्च की, आपके दिल की धड़कन कितनी है, आपकी नींद किस स्तर की रही। इसके साथ ही बेसिस आपको अपना लक्ष्या हासिल करने पर अवॉर्ड प्वाइंट्स भी देता है, जिससे आप आगे अच्छा काम करने के लिए प्रेरित रहें।
बॉडी मीडिया
बॉडी मीडिया भी फिटनेस के लिए काफी मददगार गैजेट है। यह डिवाइस आपके द्वारा चले गए कदम, शारीरिक गतिविधि और शरीर के तापमान का हिसाब रखती है। लेकिन, वे लोग जो लंबे समय तक ऑर्मबैंड नहीं पहने रखना चाहते हैं, उनके लिए कंपनी ने बॉडी मीडिया पैच बनाया है। इस पैच को लगातार सात दिन पहनने के लिए तैयार किया गया है। इसे आपको नहाते समय भी पहने रखना है। यह पैच आपको रोजाना की सेहत और शारीरिक गतिविधियों की पूरी जानकारी देगा।
स्मार्ट फ्रिज
शाम के चार बज चुके हैं, और अब आपको इस बात की चिंता सता रही है कि आखिर शाम के खाने में क्या खाया जाए। एलजी का स्मार्ट मैनेजर तकनीक से लैस फ्रिज इस मामले में आपकी मदद कर सकता है। आप अपने स्मार्टफोन की स्क्रीन पर यह देख पाएंगे कि आखिर आपके फ्रिज में क्या रखा है। और अगर किसी खास डिश की रेसेपी को लेकर अटक गए हैं, तो यह फ्रिज आपको हेल्थी रेसेपी भी सुझा सकता है।
नये जमाने का हार्ट रेट मॉनीटर
अगर आप पुराने हार्ट रेट मॉनीटर से तंग आ गए हैं, जिसे छाती पर बांधना पड़ता था, तो आपके लिए नये जमाने के ये हॉर्ट रेट मॉनीटर काफी मददगार हो सकते हैं।
यह हार्ट रेट मॉनीटर स्लिम हैं और इन्हें इस्तेमाल करना भी काफी आसान है। इससे आपके लिए अपनी हार्टरेट को मापना हमेशा के लिए आसान हो जाएगा। इसके साथ ही यह गैजेट आपके रक्त में ऑक्सीजन की मात्रा का भी पता लगाते हैं।
स्मार्ट स्केल
अच्छी सेहत के लिए सही वजन होना बहुत जरूरी है। और अपने वजन पर नजर रखने के लिए सही स्केल का होना भी उतना ही जरूरी है। लेकिन, वक्त के साथ स्केल यानी तराजू भी अपडेट हो गए हैं। यह नये जमाने का तराजू न केवल आपका वजन मापने में मदद करता है, बल्कि बॉडी कॉम्पोजिशन, और बीएमआई भी मापता है। यानी यह वेइंग मशीन आपको बताती है कि कद के हिसाब से आपका वजन कितना कम या अधिक है। इतना ही नहीं यह स्कैल वाई-फाई की खूबियों के साथ आता है। यानी अब आपके लिए अपने वजन का रिकॉर्ड रखना भी आसान हो जाता है। आप अपने वजन को ऑनलाइन सुरक्षित रख सकते हैं।
ईयरपीस
हर कोई व्यायाम करते हुए संगीत सुनना पसंद करता है। लेकिन समस्या तब होती है, जब व्यायाम के दौरान आपके कानों से ईयरपीस बार-बार बाहर निकल आते हैं। ऐसे में आपके लिए फिक्स ईयरबड्स काफी मददगार साबित हो सकते हैं। आप चाहें कितनी भी तेज एक्सरसाइज करें यह ईयरपीस बाहर नहीं आते। ये बारिश में भी खराब नहीं होते।
Images courtesy - google
Read More Articles on Health Gadgets in Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।