पैरों में सूजन किसी आम समस्या के कारण भी हो सकती है और कई बार किसी गंभीर बीमारी का इशारा भी हो सकता है। कई बार किसी कीड़े-मकोड़े के काटने के कारण भी पैरों में सूजन की समस्या हो सकती है। अगर समस्या का कारण सामान्य है, तो आपको इसके लिए घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि इस तरह की सूजन को आप घर पर ही कुछ आसान प्राकृतिक उपायों से ठीक कर सकते हैं। कई बार ज्यादा चलने, ज्यादा काम करने या कोई चोट लगने के कारण भी पैरों में सूजन की समस्या हो जाती है। आइए आपको बताते हैं पैरों में सूजन और दर्द को दूर करने के कुछ आसान घरेलू उपाय।
ज्यादा से ज्यादा आराम करें
अगर आपके पैरों में सूजन की समस्या है, तो आपको बहुत अधिक चलने-फिरने से बचना चाहिए। ज्यादा चलने से पैरों में सूजन की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए बेहतर होगा कि आप एक मुलायम तकिया या कुशन पर अपने पैरों को रखकर आराम करें।
इसे भी पढ़ें: एड़ी की मोच और नसों के खिंचाव में दर्द और सूजन को तुरंत दूर करेंगे ये 5 उपाय
टॉप स्टोरीज़
पानी ज्यादा पिएं
सूजन या हल्के-फुल्के दर्द को कम करने का सबसे आसान और प्राकृतिक तरीका है पानी पीना। आपने अगर ध्यान दिया हो तो पाएंगे कि जानवर जब कभी भी बीमार पड़ते हैं, तो वो किसी आराम वाली जगह पर जाकर कुछ दिनों के लिए अलग हो जाते हैं। इस दौरान वो खाना-पीना कम कर देते हैं। इससे धीरे-धीरे उनकी समस्या प्राकृतिक रूप से ठीक हो जाती है। यही बात इंसानों पर भी लागू होती है, मगर इंसान तुरंत दवाइयों के पीछे भागना शुरू कर देते हैं। आपको हमेशा यही कोशिश करनी चाहिए कि सामान्य समस्याओं और बीमारियों को आप बिना दवाओं के ठीक कर पाएं। इसलिए पैरों या शरीर में कहीं भी सूजन होने पर आपको पानी ज्यादा पीना चाहिए।
नमक पानी से करें सिंकाई
अगर पैरों में सूजन का कारण किसी कीड़े-मकोड़े का काटना, चोट लगना, ज्यादा एक्सरसाइज या शारीरिक है अथवा कोई अज्ञात कारण है, तो आपको नमक पानी से पैरों की सिंकाई करनी चाहिए। नमक में एंटीबैक्टीरियल और एंटीइंफ्लेमेट्री गुण होते हैं, जिसके कारण ये दर्द और सूजन को दूर करने में मदद करता है। इसलिए पैरों में सूजन की समस्या होने पर आप गुनगुने पानी में 1 चम्मच नमक डालें और फिर इसमें कोई कपड़ा डुबोकर इस पानी से सिंकाई करें। आप चाहें तो इस पानी में अपने पैरों को भिगोकर भी बैठ सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: पैरों में कई दिनों तक सूजन हो तो न करें नजरअंदाज, इन 5 बीमारियों का हो सकता है संकेत
खाने में कुछ खास चीजों को शामिल करें
बहुत सारी खाने की चीजों में प्राकृतिक रूप से दर्द और सूजन को दूर करने का गुण होता है। इसलिए आपको अगर पैरों या शरीर में कभी भी सूजन की समस्या हो, तो अपनी डाइट में थोड़े बदलाव करने चाहिए और खाने में इन चीजों को शामिल करना चाहिए- लहसुन, अदरक, प्याज, ब्रोकली, काजू, बादाम, एवोकाडो, डार्क चॉकलेट्स, टोफू, पालक आदि। इसके अलावा आप सोने से पहले 1 ग्लास हल्दी वाला दूध या 1 कप हल्दी वाली चाय भी पी सकते हैं। ये भी आपके दर्द और सूजन को दूर करने में बहुत कारगर है।
ध्यान रखें- अगर इन उपायों को अपनाने के बाद भी आपके पैरों की सूजन 2 दिन में ठीक न हो या फिर पैरों में सूजन के साथ-साथ आपको दर्द की भी समस्या हो तो बिना देरी किए आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए और उनकी सलाह लेनी चाहिए क्योंकि कई बार पैरों में सूजन शरीर में पल रही किसी बीमारी का संकेत होता है, जो ऊपर बताए गए उपायों से ठीक नहीं होगा। और बीमारी का पता लगाना भी जरूरी है, इसलिए डॉक्टर की सलाह लें।
Read More Articles on Home Remedies in Hindi