आजकल आंखों पर मोटा मोटा चश्मा लगाने का चलन नहीं है, खुद को खूबसूरत दिखाने के लिए लोग अब कान्टैक्ट लेंस इस्तेमाल करते हैं। यह चश्मे से छुटकारा दिलाने के साथ ही आंखों की खूबसूरती भी बढाता है। लेकिन, क्या आप जानते हैं आंखों की खूबसूरती में इजाफा करने वाले ये कान्टैक्ट लेंस कई बार आंखों को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। आंखें शरीर का बहुत संवेदनशील हिस्सा हैं। थोड़ी सी चूक आपकी आंखों के लिए खतरनाक हो सकती है। कान्टैक्ट लेंस का प्रयोग करने में आपको काफी सर्तकता बरतनी पड़ती है। उसकी साफ-सफाई का विशेष खयाल रखना पड़ता है, नहीं तो आंखो में संक्रमण हो सकता है।
अगर कान्टैक्ट लेंस लगाने से आपकी आंखों में जलन व खुजली हो तो इसे हल्के में न लें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। आइए जानें कि कान्टैक्ट लैंस के और क्या साइड इफेक्ट हो सकते हैं।
संक्रमण का खतरा
कान्टैक्ट लेंस लगाते समय हाथों को अच्छी तरह से साफ करके तौलिए से पोछ लें। इसके बाद आंखों पर लेंस लगाने से पहले लेंस को सल्यूशन से जरूर साफ कर लें। इसी तरह लेंस का निकालने के बाद भी उसे अच्छी तरह से साफ करने के बाद ही डिब्बें में रखें। इससे आप आंखों में होने वाले संक्रमण से बचा जा सकेगा।
पलकों में सूजन
कभी-कभी जब आंखों में लेंस लगाते हैं तो आंखों की पलकों पर सूजन आ जाती है जिसकी वजह से लैंस लगना मुश्किल हो जाता है। ध्यान रहे जब तक यह सूजन चली नहीं जाती तब तक लेंस का प्रयोग नहीं करना चाहिए।
आंखों में सूखापन
लेंस पहनने का सबसे सामान्य दुष्प्रभाव है-आंखो में सूखापन आना। यह स्थिति तब पैदा होती है जब आंखों में आसुंओं की कमी हो जाती है। यह समस्या सॉफ्ट व हार्ड कान्टैक्ट लेंस पहनने से होती है।
कार्निया संबंधी समस्या
कान्टैक्ट लेंस का प्रयोग करने से कभी कभी कार्निया संबंधी समस्या हो सकती है, जिससे आंखों में सूजन तो होती है और साथ ही साफ दिखाई भी नहीं देता। यह इसलिए होता है क्योंकि कार्निया तक ऑक्सीजन ठीक से नहीं पहुंच पाती । इस स्थिति को ‘हाईपोक्सिया’ कहते हैं। कान्टैक्ट लैंस का प्रयोग करने से कार्निया का आकार भी बदल सकता है।
आंखें लाल होना
कान्टैक्ट लेंस को रोजाना प्रयोग से आंखों में कई समस्याएं पैदा होने लगती हैं जिसमें से आंखों का लाल होना एक है। कई लोगों को इस एलर्जी के बारे में नहीं पता होता तो वे इसे अनदेखा कर देते हैं और लेंस का इस्तेमाल करते रहते हैं जो कि आंखों के लिए खतरनाक है।
चश्मे के झंझट से बचने के लिए हम लैंस का सहारा लेते हैं, लेकिन कई बार ये लैंस भी हमारी आंखों की परेशानी का सबब बन जाते हैं। ऐसे में आपको चाहिए कि आंखों में कोई भी परेशानी होने की सूरत में बिना देर किये डॉक्टर से संपर्क करें। आंखों को मसलें नहीं। इसके स्थान पर लैंस उतारकर आंखों पर ठंडे पानी के छींटें मारें।
Image Courtesy- Getty Images
Read More Article on Eye Problems in Hindi