
Sabut Masoor Dal Ke Fayde: दालें स्वाथ्य के लिए बहुत फायदेमंद मानी जाती हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स भी स्वस्थ रहने के लिए दाल का सेवन करने की सलाह देते हैं। मसूर की दाल भी पोषक तत्वों से भरपूर होती है। खासतौर पर साबुत मसूर दाल का सेवन करने से शरीर को कई अद्भुत लाभ मिलते हैं। साबुत मसूर की दाल में विटामिन बी, विटामिन सी, विटामिन बी 6, विटामिन बी 2, प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन, फाइबर, कार्बोहायड्रेट और मिनरल जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। साबुत मसूर दाल का नियमित रूप से सेवन करने से स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याओं को दूर किया जा सकता है। पाचन संबंधी समस्याओं से लेकर डायबिटीज तक में साबुत मसूर दाल का सेवन फायेमंद माना जाता है। तो चलिए, विस्तार से जानते हैं साबुत मसूर दाल के फायदे -
साबुत मसूर दाल के फायदे - Sabut Masoor Dal Benefits In Hindi
प्रोटीन से भरपूर
साबुत मसूर की दाल प्रोटीन से भरपूर होती है। एक कप साबुत मसूर दाल में लगभग 19 ग्राम प्रोटीन होता है। साबुत मसूर दाल का सेवन करने से आपके शरीर को भरपूर रूप से प्रोटीन प्राप्त होता है। इससे मांसपेशियों के विकास और स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। यह शरीर को एनर्जी प्रदान करने के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है। साबुत मसूर की दाल शारीरिक कमजोरी के साथ-साथ खून की कमी दूर करने में भी बहुत फायदेमंद मानी जाती है।
ब्लड शुगर कंट्रोल करे
डायबिटीज में साबुत मसूर दाल का सेवन फायदेमंद हो सकता है। दरअसल, मसूर दाल में फ्लेवोनोइड और फाइबर जैसे तत्व मौजूद होते हैं, जो ब्लड शुगर को बढ़ने से रोक सकते हैं। इसके अलावा, मसूर दाल में कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट पाए जाते हैं, जो खून में धीरे-धीरे रिलीज होते हैं। इससे ब्लड ग्लूकोज लेवल में अचानक से बदलाव नहीं होता है। इससे डायबिटीज की समस्या में राहत मिल सकती है।
कोलेस्ट्रॉल घटाए
साबुत मसूर की दाल का सेवन करने से खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद मिल सकती है। दरअसल, साबुत मसूर दाल में फाइबर और मैग्नीशियम जैसे तत्व मौजूद होते हैं, जो बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में फायदेमंद माने जाते हैं। इससे हार्ट अटैक और दिल की बीमारियों का खतरा भी कम होता है।
इसे भी पढ़ें: साबुत मूंग दाल खाने से सेहत को मिलते हैं ये 5 फायदे, जानें कुछ नुकसान भी
पाचन दुरुस्त रखे
पाचन को स्वस्थ रखने के लिए साबुत मसूर दाल फायदेमंद होती है। दरअसल, इसमें फाइबर काफी अच्छी मात्रा में मौजूद होता है, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनता है। साबुत मसूर दाल का सेवन करने से मल त्यागना आसान हो जाता है। इससे कब्ज की समस्या से राहत मिल सकती है।
हड्डियों को मजबूत बनाए
साबुत मसूर की दाल का सेवन करने से हड्डियां मजबूत बनती हैं। दरअसल, मसूर की दाल में कैल्शियम और मैग्नीशियम काफी मात्रा में मौजूद होता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए फायदेमंद माना जाता है। साबुत मसूर की दाल का सेवन करने से हड्डियों के विकास में बढ़ावा मिलता है।
इसे भी पढ़ें: पेट के लिए सबसे अच्छी दाल कौन सी है? जानें डायटीशियन से
साबुत मसूर दाल स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद होती है। लेकिन ध्यान रखें कि इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करें। अगर आपको कोई गंभीर बीमारी या समस्या है, तो डॉक्टर की सलाह के बाद ही इसे अपनी डाइट में शामिल करें।