कद्दू के पत्ते भी होते हैं सेहत के लिए बहुत फायदेमंद, जानें इनके सेवन से मिलने वाले 9 फायदे

कद्दू के पत्तों का सेवन आपकी सेहत के लिए गुणकारी है। विस्तार से जानने के लिए पढ़ें यह लेख।
  • SHARE
  • FOLLOW
कद्दू के पत्ते भी होते हैं सेहत के लिए बहुत फायदेमंद, जानें इनके सेवन से मिलने वाले 9 फायदे


स्वाद और सेहत से भरपूर कद्दू की सब्जी तो लगभग हर रसोई घर में बनाई जाती है। यह अपने बेजोड़ स्वाद के साथ ही औषधीय गुणों के लिए भी जाना जाता है। इसका सेवन करने से शरीर को कई गंभीर रोगों से बचाया जा सकता है। एनीसीबीआई के शोध के अनुसार कद्दू में एंटीडायबिटिक, एंटीऑक्सीडेंट, एंटीइंफ्लेमेटरी के साथ ही अन्य जरूरी गुण पाए जाते हैं। इसका वैज्ञानिक नाम कुकुरबिटा है।

आज हम बात कर रहे हैं कि कद्दू के पत्तों का सेवन करने से आपकी सेहत को क्या-क्या फायदे मिलते हैं? आपके मन में सबसे पहला सवाल तो यही आ रहा होगा कि क्या कद्दू के पत्तों को खाया जा सकता है? जी हां, कद्दू के पत्तों का सेवन करना भी आपके स्वास्थ्य के लिए उतना ही लाभकारी है जितना कद्दू का सेवन करना। इन्हें केरल, बंगाल और महाराष्ट्र में खाया जाता है। तो चलिए इसके फायदों के बारे में विस्तार से जानते हैं।

कद्दू के पत्तों के पोषक तत्व

कद्दू के पत्तों में फाइबर, पोटेशियम, विटामिन ए, विटामिन सी, फाइटोकेमिकल्स, फैटी एसिड आदि गुण प्रचुर मात्रा में होते हैं। इसके साथ ही इसमें कैल्शियम, मैंगनीज, विटामिन बी 6 और फास्फोरस भी पाया जाता है। यह सभी पोषक तत्व शारीरिक व मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। 

कद्दू के पत्ते खाने के फायदे 

1. पीएमएस सिंड्रोम में गुणकारी 

पीएमएस यानी प्रीमेंस्ट्रुअल सिंड्रोम, अधिकतर महिलाएं इस समस्या से परेशान रहती हैं। इसकी वजह से उन्हें मूड में परिवर्तन, सिरदर्द, डिप्रेशन और चिड़चिड़ापन आदि दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इनसे राहत पाने के लिए महिलाओं को मैंगनीज युक्त आहार लेने की सलाह दी जाती है। कद्दू के पत्तों में भरपूर मात्रा में मैंगनीज होता है।

2. कब्ज से छुटकारा दिलाए

खराब दिनचर्या के कारण लगभग हर कोई कब्ज की समस्या से परेशान है। फाइबर के गुणों से भरपूर कद्दू के पत्तों का सेवन करने से आपको इससे राहत मिल सकती है। यह मल को मुलायम बनाने के साथ ही मल त्यागने की क्रिया को आसान बनाता है। आप कद्दू के पत्तों की सब्जी बनाकर खा सकते हैं।

3. जख्म भरने में मदद करे 

कई बार चोट लगने के बाद घाव देरी से भरते हैं। ऐसे में कद्दू के पत्तों का सेवन करने से घाव को जल्दी भरने में आपको मदद मिल सकती है। इनमें मौजूद विटामिन सी जख्मों को जल्दी भरने में कारगर होता है। इसके साथ ही यह त्वचा के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है।

4. हड्डियां मजबूत बनाए

अगर आप कद्दू के पत्तों का सेवन करते हैं, तो इससे आपके शरीर की हड्डियों को मजबूती मिलती है। इसके पत्तों में भरपूर मात्रा में कैल्शियम और फास्फोरस होता है। यह पोषक तत्व आपकी हड्डियों को मजबूत बनाने के साथ ही आपके दांतों के विकास में जरूरी भूमिका निभाते हैं। इनका सेवन करने से आपको जोड़ों और हड्डियों के दर्द से भी निजात मिलती है।

5. एनीमिया का जोखिम कम करे 

कद्दू के पत्तों में आयरन की अच्छी मात्रा होती है। इसके पत्तों का सेवन महिलाओं और बच्चों के लिए बहुत गुणकारी माना जाता है। इसे अपनी डाइट में जरूर शामिल करें। ऐसा करने से आपका एनीमिया से बचाव होगा। यह पीडियड्स के दर्द से भी राहत दिलाता है।

6. कैंसर से बचाव में सहायक

कद्दू के पत्ते में फाइबर की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जिसकी वजह से पिछले तीन दशकों में हुए शोध बताते हैं कि इसमें मौजूद फाइबर की वजह से पेट के कैंसर में कमी को दर्शाता है। कद्दू के पत्तों का नियमित सेवन किया जा सकता है और सूप के रूप में ये काफी फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, इसके सेवन से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें। 

7. दिल को रखे सेहतमंद

पोटेशियम के गुणों से भरपूर कद्दू के पत्तों का सेवन दिल के रोगों के पीड़ितों के लिए बेहद गुणकारी होता है। यह दिल की अनियमित धड़कन को रोकने में सक्षम है। इसके आलावा कद्दू के पत्तों को खाने से स्ट्रोक के जोखिम को घटाने में मदद मिलती है। 

8. कोलेस्ट्रॉल घटाने में मदद करे 

कद्दू के पत्तों में घुलनशील फाइबर की मात्रा पाई जाती है। अगर आप इसका अधिक सेवन करते हैं, तो यह छोटी आंत से कोलेस्ट्रॉल और पित्त एसिड के अवशोषण को घटाता है। इस तरह यह रक्त से कोलेस्ट्रॉल के लेवल को भी कम करने में मदद करता है। 

9. शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाए

अगर आप अपने शरीर की इम्यूनिटी पॉवर को बढ़ाना चाहते हैं तो आप नियमित रूप से सीमित मात्रा में कद्दू के पत्तों का सेवन कर सकते हैं। इसमें आयरन होता है, जो शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता को मजबूत बनाते हैं। इसके साथ ही इन पत्तों में विटामिन ए पाया जाता है जिससे आंखों की रोशनी में सुधार होता है।

कैसे करें कद्दू के पत्तों का सेवन?

- आप कद्दू के पत्तों का जूस बनाकर पी सकते हैं।

- कद्दू के पत्तों की भुजिया सब्जी बनाकर खाएं।

- इन्हें सलाद के रूप में भी लिया जा सकता है। 

कद्दू के पत्तों को खाने से इन सभी समस्याओं का इलाज किया जा सकता है। आप इसका सेवन नियमित रूप से कर सकते हैं। लेकिन अगर आपको कोई गंभीर रोग है, तो इसे अपनी डाइट में शामिल करने से पहले किसी एक्सपर्ट की राय जरूर लें। 

 

Read Next

मसल गेन करने के लिए फॉलो करें ये 3000 कैलोरी डाइट, फुल बॉडी फैट होगा कम

Disclaimer